×

नेटफ्लिक्स बुराड़ी केस: परिवार के 11 लोगों की मौत और अनसुलझे 5 रहस्य!

बुराड़ी केस पर नेटफ्लिक्स की इस डॉक्यूमेंट्री में कई नई चीजों के बारे में बताया गया है। लेकिन फिर भी यह सीरीज कई अनसुलझे सवालों को वैसा का वैसा छोड़ गई। आइए जानते हैं वो 5 अनसुलझे रहस्य जो अब भी उस 'हाउस ऑफ सीक्रेट्स' में दफ्न हैं।

Meghna
Written By MeghnaPublished By Deepak Kumar
Published on: 19 Oct 2021 2:10 AM GMT
नेटफ्लिक्स बुराड़ी केस: परिवार के 11 लोगों की मौत और अनसुलझे 5 रहस्य!
X

नेटफ्लिक्स हाउस ऑफ सीक्रेट्स: द बुराड़ी डेथ्स एक ऐसी डॉक्यूमेंट्री बन के उभरी है जिसके विषय के बारे में लोग ना चाह कर भी बात करने पर मजबूर हो रहे थे। जुलाई, 2018 में दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक ही परिवार के 11 लोग अपने घर में संदिग्ध परिस्थिति में मृत मिले थे। 10 लोग घर की छत से फंदे से लटके थे तो वहीं 1 बुज़ुर्ग महिला दूसरे कमरे में बिस्तर के बगल में मृत मिली। नेटफ्लिक्स की इस बहुचर्चित विषय पर बनी डॉक्यूमेंट्री में एक ओर जहां मनोवैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं के बारे में फोकस किया गया है, तो वहीं दूसरी ओर भारत में मानसिक स्वास्थ्य पर भी चर्चा की गई है। हालांकि भाटिया परिवार के अन्य परिजनों ने आत्महत्या की बात से इनकार किया है। इसमें हत्या का शक जताया है।

बुराड़ी केस पर नेटफ्लिक्स की इस डॉक्यूमेंट्री में कई नई चीजों के बारे में बताया गया है। लेकिन फिर भी यह सीरीज कई अनसुलझे सवालों को वैसा का वैसा छोड़ गई। आइए जानते हैं वो 5 अनसुलझे रहस्य जो अब भी उस 'हाउस ऑफ सीक्रेट्स' में दफ्न हैं।

अंधविश्वास और 'बाहरी आवाज'

पहली और सबसे अजीब पहेली है घर के सारे सदस्यों का इतना पढ़ा लिखा हो कर भी अंधविश्वास के चक्कर में पड़ना। डॉक्यूमेंट्री में सुलझाई गई चीजों की माने तो भाटिया परिवार किसी 'बाहरी आवाज़' की सुन रहा था। उसी के अनुसार चल रहा था। माना जा रहा है कि यह परिवार घर के सबसे छोटे बेटे ललित की बात मानता था , जो अपने स्वर्गीय पिता से बातचीत कर रहे थे। एक रूह के साथ हो रही बातचीत पर तीन जेनरेशन का यूं वश में आ जाना सबके लिए बेहद अजीब बात है। मौत से पहले घर में हवन और पूजा पाठ के भी साक्ष्य मिले हैं, जिससे पता चलता है कि घटना से पहले इन्होंने कोई पूजा की थी।

11 का रहस्य

बुराड़ी इलाके के लोगों ने दावा किया है कि घर की साइड की दीवार से निकलने वाले '11 पाइपों' का एक "गुप्त अर्थ" है, जिसने सभी का ध्यान खींचा है। रिपोर्ट्स की मानें तो पाइप के साथ ही घर की ग्रील्स भी 11 थीं। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि 11 पाइप "मृतकों की आत्माओं" के लिए एक आउटलेट था। हालांकि, पुलिस ने पाइप और मौतों के बीच किसी भी संबंध को खारिज कर दिया है और साथ ही बिल्डिंग के बिल्डर ने भी ऐसी किसी बात से इनकार किया है।

सगाई के बावजूद

परिजनों ने बताया कि भाटिया परिवार प्रियंका की शादी की तैयारी कर रहा था, जिसकी पिछले महीने सगाई हुई थी। मृत पाए जाने वालों में वह भी थीं। नोएडा में एक आईटी कंपनी के लिए काम करने वाली 33 वर्षीय प्रियंका ने मृत पाए जाने से एक शाम पहले अपने चचेरे भाइयों के साथ अपनी शादी के बारे में चर्चा की थी। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब 11 बजे वह शादी के लिए शॉपिंग करने की बात कर रही थी, जिससे साफ पता चलता है कि उनके दिमाग में इस बात का कोई जिक्र भी नहीं था।

11 डायरीज

पुलिस के गहन छानबीन करने के बाद घर से 11 डायरीज बरामद की गई हैं। जितने लोगों ने भी पढ़ा उनके होश उड़ गए। उसे पढ़ने वाले एक्सपर्ट्स की बात मानें तो इन डायरीज में घर की सबसे बुजुर्ग महिला नारायण देवी के स्वर्गीय पति के द्वारा दिए गए आदेशों का जिक्र था। साथ ही जिस विधि का जिक्र उस डायरी में किया गया था सभी सदस्य उसी तरीके से मृत मिले थे। इन रहस्यमयी डायरीज को कौन लिखवा रहा था, यह दावा कर पाना मुश्किल है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि नारायण देवी के सबसे छोटे बेटे ललित पर उनके स्वर्गीय पिता की आत्मा आती थी, जो उनसे यह सब करवाती थी।

दुर्घटनावश मौत या दिमागी अस्थिरता?

पांचवां रहस्य ऐसा है जिसका जवाब कोई नहीं दे सकता। उन डायरीज की मानें तो ललित ही घर वालों से यह सारे काम करवाता था।अगर चीजें बिगड़ती थीं तो उसे 'सजा' मिलती थी। आखिरी पन्ने में 'बड़ पूजा' का जिक्र है, जिसमें सबसे 10-15 मिनट तक उसी अवस्था में रहने को कहा गया था। अगर यह सब एक पूजा की विधि थी, तो नारायण देवी को क्यों मारा गया? क्या ये सब ललित की दिमागी अस्थिरता का नतीजा निकला?

ये कुछ ऐसे रहस्य हैं, जो वो 11 लोग अपने साथ लेकर चले गए। अच्छी डॉक्यूमेंट्री होने के बावजूद नेटफ्लिक्स की 'हाउस ऑफ सीक्रेट्स' मेंटल हेल्थ पर अच्छे से फोकस नहीं कर सकी। रटी-रटीई बातें दोहराती रही। बुराड़ी केस की बारिकियां समझने के लिए अगर आप फाइलों या रिपोर्ट्स के चक्कर से बचना चाहते हैं तो ये एक अच्छी डॉक्यूमेंट्री रहेगी।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story