×

Vani Jayaram Died: मशहूर गायिका वाणी जयराम का निधन, चेन्नई स्थित घर में मिलीं मृत

Vani Jayaram Died:वाणी जयराम ने 18 भारतीय भाषाओं में 10 हजार से अधिक गीत गाए थे। 77 वर्षीय गायिका को हाल ही में देश के तीसरे सर्वोच्च सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

Krishna Chaudhary
Published on: 4 Feb 2023 9:54 AM GMT
playback singer Vani Jayaram Died
X

playback singer Vani Jayaram Died  (photo; social media )

Vani Jayaram Died: प्रख्यात गायिका वाणी जयराम का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। नेशनल अवार्ड विनर और हाल ही में पद्म भूषण से सम्मानित वाणी जयराम चेन्नई स्थित अपने घर में मृत मिलीं। दक्षिण भारत की दिग्गज गायिकाओं में शुमार वाणी ने हाल ही में म्यूजिक इंडस्ट्री में 50 साल का सफर पूरा किया था।

वाणी जयराम ने 18 भारतीय भाषाओं में 10 हजार से अधिक गीत गाए थे। 77 वर्षीय गायिका को हाल ही में देश के तीसरे सर्वोच्च सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। संगीत जगत में अपने लंबे सफर के दौरान उन्होंने कई खूबसूरत गानों को अपनी आवाज दी है। म्यूजिक के क्षेत्र में उनका योगदान अद्वितीय है।

तमिलनाडु में हुआ था जन्म

30 नवंबर 1945 को तमिलनाडु राज्य के वेल्लोर में जन्मीं वाणी जयराम को आधुनिक भारत की मीरा भी कहा जाता है। उन्होंने अपनी गायिकी का करियर भले तमिल फिल्म इंडस्ट्री से शुरू किया लेकिन धीरे-धीरे उनकी ख्याति बॉलीवुड तक फैल गई। 1970 के दशक में अपना करियर शुरू करने वाली वाणी जयराम कई संगीतकारों की फेवरेट रही हैं।

उपलब्धियों से भरा रहा करियर

पांच दशक के अपने लंबे करियर में उन्होंने तमिल, तेलुगू, हिंदी, मलयालय, कन्नड़, मराठी, बंगाली और गुजराती समेत 18 भाषाओं में गाना गया था। उन्हें सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका के लिए तीन बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। 1980 में उन्हें साल 1979 में आई फिल्म मीरा के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का पुरस्कार मिला था। साल 2012 में उन्हें दक्षिण भारतीय फिल्म संगीत में उनके योगदान के लिए लाइफटाम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा वाणी जयराम को तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, गुजरात और ओडिशा की राज्य सरकारें भी सम्मानित कर चुकी हैं। उनके निधन से संगीत जगत को गहरा झटका लगा और फैंस उन्हें नम आंखों से याद कर रहे हैं। वाणी जयराम के निधन से म्यूजिक की दुनिया में उपजी शून्यता को भरना मुश्किल होगा।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story