×

Sushant Singh Birth Anniversary: अब तक नहीं सुलझी सुशांत सिंह की मौत की गुत्थी, जानें अब तक केस में कब क्या हुआ ?

Sushant Singh Birth Anniversary: सुशांत सिंह की हत्या हुई थी या आत्महत्या, ये मामला अब तक नहीं सुलझा है। सुशांत की मौत की गुत्थी अनसुलझी है। जानें अब तक क्या-क्या हुआ?

aman
Written By aman
Published on: 21 Jan 2023 4:34 AM GMT (Updated on: 21 Jan 2023 4:34 AM GMT)
Sushant Singh Rajput Birth Anniversary
X

Sushant Singh Rajput (Social Media)

Sushant Singh Rajput Birth Anniversary: हिंदी सिनेमा के मशहूर एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) को दुनिया से अलविदा कहे ढाई वर्ष बीत गए। आज भी फैंस सुशांत को याद कर भावुक हो जाते हैं। आज यानी 21 जनवरी को सुशांत सिंह राजपूत की 37वां जन्मदिन है। आज अगर वो जिंदा होते तो 37 साल के होते। सुशांत आज हमारे बीच नहीं हैं मगर, उनकी एक्टिंग, डांस, मुस्कान फिल्मों के जरिये याद में आज भी कायम है।

सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) का जन्म 21 जनवरी को 1986 में बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। बिहार से आए इस साधारण से लड़के ने 'मायानगरी' में जमकर मेहनत की और अपनी पहचान बनाई। सुशांत ने छोटे पर्दे से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की और देखते ही देखते टीवी इंडस्ट्री में छा गए। धीरे-धीरे उनका सिक्का बॉलीवुड में भी चल निकला। बॉलीवुड में खूब वाहवाही हुई। सुशांत सिंह ने कम उम्र में ही जो सफलता हासिल की वो अच्छे-अच्छे 'स्टार किड' को लाख सपोर्ट के बाद भी नहीं मिल पाता। सुशांत एक्टिंग मरण जितने अच्छे थे, डांस में उतने ही माहिर। उन्हें जानने वाले बताते हैं, वो दिमाग से भी उतने ही इंटेलिजेंट थे। उनकी मुस्कान ही उनके जिंदादिल का एहसास करवाता है। कहते हैं, सुशांत को जिस एक बात से सबसे ज्यादा डर लगता था, वो थी मौत।

सुशांत का फंदे से लटका मिला था शव

हिंदी फिल्मों का उभरता सितारा, युवाओं का पसंदीदा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अब हमारे बीच नहीं हैं। सुशांत की मौत 2020 में महज 34 साल की आयु में हो गई थी। उनका शव मुंबई स्थित एक अपार्टमेंट के कमरे में फंदे से लटकता मिला था। शुरुआती जांच में सुशांत की मौत को आत्महत्या बताया गया। लेकिन, जब सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने केस दर्ज कराया तो सोशल मीडिया पर एक मुहिम सी चल पड़ी। आज भी सुशांत की मौत का सस्पेंस ख़त्म नहीं हुआ है। उनकी हत्या हुई, ऐसा मानने वालों की संख्या भी काफी अधिक है। हालांकि, अब ये मामला जांच के लिए सीबीआई (CBI) के हाथों में है।

NCB, ED के बाद केस CBI के हाथ

एनसीबी (Narcotics Control Bureau) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से होते हुए सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच सीबीआई के हाथों में गई। अब CBI इस मामले की जांच कर रही है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने अगस्त 2020 को केस दर्ज किया था। सुशांत की मौत से लेकर अब तक इस केस में कई मोड़ आए। चलिए जानते हैं कब क्या हुआ?

14 जून 2020 को मिली थी लाश

14 जून 2020, ये वो तारीख थी जब फिल्म एक्टर सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा वाले अपार्टमेंट के बेडरूम में फंदे से लटके मिले थे। कथित आत्महत्या के एक दिन बाद यानी 15 जून 2020 को मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर सुशांत सिंह का अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के बाद उठे जांच के सवाल

सुशांत की मौत से उनके अंतिम संस्कार तक घटनाक्रम इतनी तेजी से बदला कि कोई कुछ समझ नहीं पाया, आखिर हो क्या रहा है? मुंबई पुलिस ने इसे सुसाइड का केस बताया। मगर, तब कई सवाल उठे। उन्हीं अनसुलझे सवालों का जवाब आज तक नहीं मिल पाया है। वहीं, सुशांत के पिता केके सिंह (Sushant's father KK Singh) ने जांच की मांग की। तब कई राजनीतिक हस्तियां और चुनिंदा फिल्म कलाकार भी 'साजिशन हत्या' की बात कहकर जांच की मांग उठाई थी। देखते ही देखते बॉलीवुड के अंदर भी कई सवाल उठने लगे थे। उस वक्त एक्ट्रेस कंगना रनौत ने बॉलीवुड में सुशांत सिंह को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कई सवाल उठाए थे। इक्का-दुक्का न्यूज़ चैनल ने भी तब सवाल खड़े किए थे।


सुशांत के पिता ने दर्ज कराई FIR

सुशांत सिंह के पिता केके सिंह सहित पूरे परिवार ने इस घटना के पीछे 'बड़ी साजिश' की आशंका जताई थी। इसी दौरान सुशांत के जीजा और यूपी कैडर के IPS अधिकारी ओपी सिंह ने मामले की गहराई से जांच की मांग की। घटनाक्रम में नया मोड़ तब आया जब 29 जुलाई 2020 को सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर थाने में सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) सहित 6 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने तथा पैसे के लेन-देन की FIR दर्ज करवाई।

बिहार और महाराष्ट्र पुलिस आमने-सामने

इसके बाद 29 जुलाई 2020 को पटना पुलिस (Patna Police) की टीम जांच के लिए मुंबई गई। लेकिन, पटना पुलिस को तब महाराष्ट्र पुलिस से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। बिहार पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। तब दोनों राज्यों की सरकारें भी आमने-सामने दिखी थीं। जांच शुरू होने से पहले 18 जून 2022 को रिया चक्रवर्ती ने मुंबई के बांद्रा थाने में अपना बयान दर्ज करा दिया था। रिया चक्रवर्ती ने इसके पहले सुशांत सिंह से जुड़ी सभी सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दी थी।


सुप्रीम कोर्ट ने CBI को सौंपी जांच

FIR दर्ज होने से पहले यानी 04 जुलाई 2020 को सुशांत के पिता ने सीबीआई जांच की मांग की थी। इसी को आधार बनाकर बिहार के सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने केंद्र सरकार से इसकी सिफारिश कर दी थी। तब आरोपों के घेरे में रिया चक्रवर्ती आईं। 16 जुलाई 2020 को तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) से मामले की सीबीआई जांच की मांग की। 05 अगस्त 2020 को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने भी CBI जांच को मंजूरी दी। सुप्रीम कोर्ट ने भी 19 अगस्त 2020 को इस पर मुहर लगा दी। जिसके बाद, CBI को सुशांत केस की जांच सौंप दी गई।

ED और NCB ने भी तेज की जांच

सुशांत सिंह की साजिशन हत्या की जांच के बीच एक सवाल ये भी उठा कि आखिर उनके करोड़ों रुपए कहां गए? शक के दायरे में रिया चक्रवर्ती भी आईं। जिसके बाद मामला 30 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय (ED) तक पहुंचा। सुशांत सिंह की हत्या मामले की जांच के लिए मुंबई गई बिहार पुलिस की टीम ने भी ED की मदद की। इसी दौरान ED को रिया चक्रवर्ती सहित कई अन्य के ड्रग सिंडिकेट (Drug Syndicate) से संबंधों का भी पता चला।


परिवार का आरोप, हुआ 15 करोड़ का हेरफेर

ईडी के कहने पर इस मामले में NCB ने 26 अगस्त 2020 को FIR दर्ज कर जांच शुरू की। सीबीआई के अलावा एनसीबी और प्रवर्तन निदेशालय ने रिया चक्रवर्ती तथा उनके परिवार सहित अन्य लोगों से कई बार पूछताछ की। सुशांत सिंह राजपूत के परिवार ने आरोप लगाया कि रिया चक्रवर्ती ने 15 करोड़ रुपए की हेराफेरी की है।

रिया गई जेल, कई बॉलीवुड सेलेब्स से भी पूछताछ

एनसीबी ने 04 सितंबर 2020 को रिया चक्रवर्ती और उसके भाई शौविक को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद, बॉलीवुड में ड्रग्स के इस्तेमाल की चर्चा आम हो गई। NCB की रडार पर दीपिका पादुकोण, सारा अली खान, श्रद्धा कपूर, रकुल प्रीत सिंह सहित कई एक्टर-एक्ट्रेस आए। NCB ने 9 नवंबर को ड्रग मामले में एक्टर अर्जुन रामपाल के बांद्रा स्थित घर पर भी छापेमारी की।

सिद्धार्थ पिठानी गिरफ्तार, रिया-शौविक को जमानत

इस दौरान कोरोना महामारी भी चरम पर थी। 28 मई 2020 को सुशांत सिंह के फ्लैटमेट रहे सिद्धार्थ पिठानी (Siddharth Pithani) को गिरफ्तार किया। इसके बाद 7 अक्टूबर 2020 को रिया चक्रवर्ती जमानत पर रिहा होकर बाहर आ गईं। उसके भाई शौविक भी जमानत पर जेल से बाहर है। गिरफ्तारी के बाद रिया चक्रवर्ती ने करीब एक महीना मुंबई की भायखला जेल में बिताया। रिया के भाई शौविक को 3 महीने बाद जमानत मिली थी।


रिया चक्रवर्ती के खिलाफ नहीं मिले सबूत?

एक महीने की पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय के सूत्रों ने कहा, कि रिया चक्रवर्ती के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले। मनी लॉन्ड्रिंग के भी सबूत नहीं थे। इस बात के भी कोई सबूत नहीं हैं कि वह सुशांत के पैसे में हेराफेरी कर रही थीं। ईडी के अधिकारियों ने कहा कि सुशांत के बैंक खाते और रिया और उसके परिवार के सदस्यों के बीच कोई लेन-देन नहीं किया गया। हालांकि, ईडी ने इन रिपोर्टों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तीनों केंद्रीय एजेंसी कर रही हैं जांच

गौरतलब है कि, सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच CBI, NCB और ED तीनों केंद्रीय एजेंसियां कर रही हैं। एक्टर मौत का मामला आत्महत्या और फिर हत्या से होता हुआ 'ड्रग्स एंगल' तक चला गया। NCB ने इस मामले में मार्च 2021 में स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट में 12,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस चार्जशीट में एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती सहित 33 लोगों को आरोपी बनाया गया। साथ ही, 200 लोगों को गवाह बनाया गया है।

एम्स के पैनल ने की थी आत्महत्या घोषित

सुशांत सिंह मौत मामले में AIIMS के पैनल ने पुष्टि की थी कि, उनकी मौत आत्महत्या थी। हत्या नहीं थी। एम्स पैनल का नेतृत्व करने वाले डॉ सुधीर गुप्ता (Dr Sudhir Gupta) ने कहा था, सुशांत सिंह राजपूत की हत्या नहीं हुई थी। बल्कि, यह आत्महत्या का केस है। सुशांत सिंह राजपूत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच करने के बाद एम्स की टीम इस नतीजे पर पहुंची थी। हालांकि, परिवार द्वारा हत्या की साजिश का आरोप लगाए जाने के बाद जो जांच शुरू हुई है, वह अभी तक जारी है।

सुशांत सिंह राजपूत के 37वें जन्मदिन पर उनके चाहने वालों को इंतजार है कि उनके चहेते स्टार की मौत का सच सामने आए। आखिर उनका यह इंतजार कब पूरा होगा। यह देखना अभी शेष है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story