×

Elvish Yadav: आम लड़के से कैसे एल्विश यादव बने इतने बड़े ब्रांड, इससे पहले भी इन विवादों में आया नाम

Elvish Yadav: 'बिग बॉस ओटीटी 2' के विनर एल्विश यादव इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। आइए आज हम जानते हैं कि कैसे एक आम लड़के से एल्विश यादव इतने बड़े ब्रांड बन गए हैं।

Ruchi Jha
Published on: 3 Nov 2023 8:48 AM GMT
Elvish Yadav
X

Elvish Yadav (Photo: Social Media)

Elvish Yadav: 'बिग बॉस ओटीटी 2' के विनर एल्विश यादव इन दिनों खूब चर्चा में है। बिग बॉस से बाहर आने के बाद यूट्यूबर और इंफ्यूलेंसर एल्विश यादव की फैन फॉलोइंग और ज्यादा तेजी से बढ़ती जा रही है। अब उनकी फैन लिस्ट में वह लोग भी जुड़ चुके हैं, जिन्होंने पहले एल्विश यादव का नाम भी नहीं सुना था, लेकिन इस पॉपुलैरिटी के साथ-साथ एल्विश यादव का नाम विवादों से भी जुड़ता जा रहा है, तो आइए आज हम बात करते हैं कि कैसे दिल्ली का रहने वाला एक आम सा लड़का आज एल्विश यादव के नाम से जाना-जाता है? आखिर वह ऐसा क्या करते हैं कि वह आज एक ब्रांड हैं? इतनी ही नहीं हम आज यहां एल्विश यादव से जुड़े विवाद और उनकी नेट वर्थ के बारे में भी बात करेंगे। तो आइए जानते हैं।

कैसे बनाई एक आम लड़के ने अपनी इतनी बड़ी पहचान?

आज कल सोशल मीडिया लाइमलाइट की दुनिया का 'बादशाह' बना बैठा है। ये वो बादशाह है, जो किसी को भी रातों-रात स्टार बना सकता है। एल्विश यादव के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। 25 साल के एल्विश यादव ने बेहद कम उम्र में यूट्यूब पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया था। वह अपने यूट्यूब चैनल पर रोस्ट और मजेदार कॉमेडी वीडियो बनाते हैं, लेकिन शुरुआत में उनकी एक भी वीडियो नहीं चला करती थी। अपने एक इंटरव्यू में एल्विश यादव ने बताया था- ''शुरुआत में मैंने यूट्यूब पर बहुत वीडियो डाली, लेकिन नहीं चली। मैंने फैसला कर लिया था कि अब कोई वीडियो नहीं बनाऊंगा, लेकिन फिर एक दिन मैंने और मेरे दोस्तों ने ऐसे ही एक फेयरवल की वीडियो यूट्यूब पर डाल दी और वो वायरल हो गई। उस वीडियो पर मिलियन के व्यूज आए थे, जिसके बाद मुझे हिम्मत मिली और मैंने फिर से यूट्यूब पर काम करना शुरू किया।'' एक वो दिन था, जब एल्विश ने यूट्यूब को अपना करियर बनाते हुए शुरुआत की थी और आज ये दिन है, जब उनके हर एक वीडियो पर एक घंटे में मिलियन के व्यूज आते हैं। लोग उनकी वीडियोज को ही नहीं बल्कि उनके अंदाज को भी काफी ज्यादा पसंद करते हैं।


बिग बॉस से बढ़ी एल्विश यादव की पॉपुलैरिटी

कलर्स टीवी का मोस्ट कॉन्ट्रोवर्शियल शो 'बिग बॉस' एक ऐसा शो हैं, जहां ऐसे स्टार्स कंटेस्टेंट्स बनकर आते हैं, जिनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग होती है। ऐसे में जब एल्विश यादव 'बिग बॉस ओटीटी 2' का हिस्सा बने, तो उन्हें इस शो से और भी ज्यादा पॉपुलैरिटी हासिल हुई। शो में उनका अंदाज, उनके बोलने का तरीका, उनकी दोस्ती और उनका रियल रहना लोगों को खूब पसंद आया। एल्विश यादव बिग बॉस के इतिहास के पहले ऐसे वाइल्ड कार्ट कंटेस्टेंट थे, जिन्होंने बिग बॉस की ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस बात में कोई शक नहीं है कि एल्विश यादव पहले से काफी ज्यादा फेमस थे, लेकिन बिग बॉस से बाहर आने के बाद वह एक ब्रांड बन गए। शो से बाहर आने के बाद उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला के साथ म्यूजिक वीडियो किया। इसके अलावा भी वह कई बड़ी-बड़ी एक्ट्रेसेस के साथ नजर आए थे।


एल्विश यादव की नेटवर्थ

इतनी कम उम्र में एल्विश यादव ने खूब नाम कमा लिया है और नतीजन आज वह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। जी हां..एल्विश यादव की नेटवर्थ की बात करें, तो उनकी नेटवर्थ 40 करोड़ रुपए से ज्यादा है। वो हर महीने लगभग 10-15 लाख रुपए से ज्यादा कमाते हैं। इसके साथ ही साथ एल्विश का क्लोदिंग ब्रांड भी हैं, जिसका नाम 'Systumm_Clothing' है।


विवादों में आया एल्विश यादव का नाम

ग्लैमर की इस दुनिया में शायद ही कोई ऐसा शख्स होगा, जिसे पॉपुलैरिटी के साथ-साथ कॉन्ट्रोवर्शी ना मिली हो और अब इस लिस्ट में एल्विश यादव का नाम भी जुड़ गया है। जी हां...एल्विश यादव इन दिनों एक बड़े विवाद में फंसे हुए हैं। दरअसल, नोएडा में होने वाली रेव पार्टी में सांप का जहर सप्लाई करने में एल्विश यादव का नाम सामने आया है। बता दें कि इस रेड में नोएडा पुलिस ने पांच लोगों को सांप और सांप के जहर के साथ गिरफ्तार किया है, जिनमें एल्विश यादव भी शामिल हैं। नोएडा पुलिस ने एल्विश यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Photo: Social Media


Ruchi Jha

Ruchi Jha

Senior Content Writer

पत्रकारिता क्षेत्र में मुझे लगभग 3 साल का अनुभव है, जिसमें मैंने बहुत कुछ सीखा है और अभी भी बहुत कुछ सीखना बाकी है। शुरुआत से ही बॉलीवुड जगत से मुझे बहुत लगाव था। लिखने और कहानी गढ़ने का शौक शुरु से ही था, जिसकी चाह में मैंने हिंदी पत्रकारिता और जनसंचार/मीडिया में पोस्ट ग्रेजुएशन और मास्टर्स डिप्लोमा हासिल किया। अब मैं अपने सपने को पूरा करने के लिए 'NewsTrack' के साथ जुड़ी हुई हूं, यहां मैं मनोरंजन जगत से जुड़ी सभी जानकारी के बारे में लिखती हूं।

Next Story