×

Pramod Sawant Oath Ceremony: गोवा में प्रमोद सावंत फिर बने CM, राणे समेत आठ मंत्रियों ने ली शपथ

Pramod Sawant Oath Ceremony: गोवा में आज प्रमोद सावंत ने दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Vidushi Mishra
Published on: 28 March 2022 6:46 AM GMT
Pramod Sawant Oath Ceremony
X

प्रमोद सावंत (फोटो-सोशल मीडिया) 

Pramod Sawant Oath Ceremony: गोवा में आज प्रमोद सावंत ने दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में सावंत के अलावा 8 और मंत्रियों ने शपथ ली। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के कई अन्य शीर्ष नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे।

गोवा के विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा 20 सीटें जीतने में कामयाब रही है। हालांकि राज्य विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 21 सीटों का है मगर तीन निर्दलीय विधायकों और महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी के 2 विधायकों ने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की है। सावंत मार्च 2019 में पहली बार गोवा के मुख्यमंत्री बने थे और इस बार फिर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सावंत पर फिर भरोसा जताया है।

आठ राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचे पणजी

गोवा के इतिहास में दूसरी बार राजभवन परिसर के बाहर शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इससे पहले 2012 में मनोहर पर्रिकर ने पणजी के कैंपल मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से दिल्ली से पणजी पहुंचे थे। पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, कई अन्य केंद्रीय मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता भी शपथग्रहण समारोह में मौजूद थे।

शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बनने के लिए आठ राज्यों के मुख्यमंत्री भी पणजी पहुंचे। इन मुख्यमंत्रियों में मध्यप्रदेश के शिवराज सिंह चौहान, हिमाचल प्रदेश के जयराम ठाकुर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर,कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, गुजरात के भूपेंद्र पटेल, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, असम के हिमंत बिस्वासरमा और मणिपुर के वीरेंद्र सिंह शामिल थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी पणजी पहुंचने की चर्चा थी मगर व्यस्तता की वजह से वे शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंच सके।

इन मंत्रियों ने भी ली शपथ

प्रमोद सावंत के साथ शपथ लेने वालों में विश्वजीत राणे का नाम भी शामिल है। राणे को सीएम पद का दावेदार माना जा रहा था मगर भाजपा नेतृत्व ने एक बार फिर सावंत में ही भरोसा जताया है। राणे ने कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। राणे के अलावा 7 बार के विधायक रवि नायक,एम गोडिन्हो और नीलेश गबराल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

सुभाष शिरोडकर,रोहन खानुटे, गोविंद गौड़े और एंतोंसियों मौंसेरेट को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। मौंसेरेट चार बार के विधायक रहे हैं और इस बार के चुनाव में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर को चुनाव हराया है। उत्पल पणजी सीट से ही भाजपा का टिकट मांग रहे थे मगर पार्टी ने मौंसेरेट को ही चुनाव मैदान में उतारा था।

2019 में बने थे पहली बार सीएम

गोवा मैं दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले प्रमोद सावंत तीन बार विधायक बन चुके हैं। इस बार मुख्यमंत्री बदलने की सियासी की अटकलें लगाई जा रही थीं मगर पार्टी नेतृत्व ने आखिरकार सावंत के नाम को हरी झंडी दिखा दी।

सावंत मार्च 2019 में पहली बार गोवा के मुख्यमंत्री बने थे। 2017 में जब भाजपा ने मनोहर पर्रिकर की अगुवाई में विधानसभा चुनाव जीता था तो सावंत को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया था। पेशे से आयुर्वेद चिकित्सक सावंत को गोवा में भाजपा का मजबूत चेहरा माना जाता है।

इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा दूसरे दलों को पीछे छोड़ते हुए 20 सीटें जीतने में कामयाब रही है। तीन निर्दलीय विधायकों और महाराष्ट्र गोमांतक पार्टी के 2 विधायकों ने भी भाजपा को समर्थन दिया है। नई सरकार के शपथग्रहण के बाद गोवा विधानसभा का मंगलवार से दो दिवसीय सत्र शुरू होगा।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story