×

Gujarat Elections: गुजरात में कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती, गांधी परिवार के बिना चुनावी तैयारियों में पिछड़ रही पार्टी

Gujarat Assembly Elections: गांधी परिवार की नामौजूदगी में कांग्रेस की तैयारियां कमजोर दिख रही हैं। अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज गुजरात के चुनावी अखाड़े में कूदने वाले हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 29 Oct 2022 5:18 AM GMT
Congress party lagging behind in election preparations in Gujarat without Gandhi family
X

गुजरात विधानसभा चुनाव: Photo- Social Media

Gujarat Assembly Elections: गुजरात में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Elections) में कांग्रेस के सामने भाजपा के साथ ही आप की भी बड़ी चुनौती है। राज्य में किसी भी समय चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। इन चुनावों के मद्देनजर भाजपा और आप ने पूरी ताकत लगा रखी है और दोनों दलों की ओर से चुनावी सभाओं का आयोजन जोर-शोर से किया जा रहा है।

दूसरी ओर गांधी परिवार (Gandhi family) की नामौजूदगी में कांग्रेस की तैयारियां कमजोर दिख रही हैं। कांग्रेस खेमे में उत्साह बढ़ाने के लिए पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Congress National President Mallikarjun Kharge) आज गुजरात के चुनावी अखाड़े में कूदने वाले हैं। खड़गे गुजरात के नवसारी इलाके में आदिवासियों की जनसभा को संबोधित करेंगे।

गुजरात से पहले हिमाचल प्रदेश में मतदान होना है मगर खड़गे अपने प्रदेश दौरों की शुरुआत गुजरात से कर रहे हैं। उनका पहला चुनाव कार्यक्रम राज्य के आदिवासी इलाके में काफी सोच समझ कर रखा गया है। आदिवासी मतदाता गुजरात की 40 विधानसभा सीटों पर काफी असरकारक माने जाते हैं। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों को खड़गे के लिए अग्निपरीक्षा माना जा रहा है।

भाजपा और आप ने झोंक रखी है ताकत

गुजरात के विधानसभा चुनाव को भाजपा ने प्रतिष्ठा की जंग बना रखा है। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह लगातार राज्य का दौरा करने में जुटे हुए हैं। दीपावली त्योहार के मौके पर शाह ने कई दिनों तक गुजरात में डेरा डाले रखा। इस दौरान उन्होंने राज्य के विभिन्न हिस्सों से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करके आवश्यक दिशा निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मोदी ने भी गुजरात के चुनाव पर फोकस कर रखा है। जानकारों का कहना है कि पार्टी ने राज्य की विभिन्न विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए हैं और चुनाव की घोषणा के बाद प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।

भाजपा ही नहीं है बल्कि आप ने भी गुजरात के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत झोंक रखी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार राज्य में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। वे हिमाचल प्रदेश में तो नहीं मगर गुजरात के चुनाव में गहरी दिलचस्पी ले रहे हैं। आम आदमी पार्टी को इस बार गुजरात में बेहतर चुनावी संभावनाएं नजर आ रही हैं।

गुजरात चुनाव से गांधी परिवार की दूरी

दूसरी ओर कांग्रेस चुनावी तैयारियों में पिछड़ती नजर आ रही है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अभी तक राज्य में चुनाव अभियान की शुरुआत तक नहीं की है। राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त हैं और भारत जोड़ो यात्रा गुजरात नहीं जाने वाली है। अभी तो यह साफ नहीं हो सका है कि राहुल इस यात्रा से ब्रेक लेकर गुजरात के विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगे या नहीं।

वैसे इतना तो तय है कि राहुल पिछले विधानसभा चुनाव की तरह इस बार गुजरात में सक्रिय नहीं दिखेंगे। प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में चुनावी सभा जरूर की है मगर वे अभी तक गुजरात में प्रचार के लिए नहीं पहुंची हैं। सोनिया गांधी ने खराब स्वास्थ्य की वजह से इन दिनों चुनावी सभाओं से दूरी बना रखी है। ऐसे में कांग्रेस का चुनाव अभियान बेदम नजर आ रहा है।

खड़गे की अगुवाई में कांग्रेस की रणनीति

गांधी परिवार की नामौजूदगी में अब कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुजरात में पार्टी के चुनाव अभियान को तेज करने का फैसला किया है। इसी कड़ी में वे आज आदिवासी बहुल इलाके नवसारी में चुनावी जनसभा करेंगे। नवसारी में चुनावी जनसभा का आयोजन पार्टी की चुनावी रणनीति का हिस्सा है। पार्टी हरिजन, क्षत्रिय और आदिवासियों के साथ पटेल समुदाय का समर्थन हासिल करने की कोशिश में जुटी हुई है। पार्टी अपने इस रणनीति में कहां तक कामयाब हो पाती है, यह देखने वाली बात होगी।

गुजरात कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि भाजपा 27 वर्षों से राज्य की सत्ता में बनी हुई है मगर पार्टी ने राज्य के लोगों की समस्याएं सुलझाने का गंभीर प्रयास नहीं किया है। इसलिए लोगों में भाजपा के प्रति नाराजगी दिख रही है। पार्टी लोगों की इस नाराजगी को वोट में बदलने की कोशिश में जुटी हुई है। पार्टी नेताओं का दावा है कि कांग्रेस इस बार भाजपा को सत्ता से बेदखल करने में जरूर कामयाब होगी।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story