×

Gujarat Election 2022: CM मोदी का रिकॉर्ड PM मोदी ने तोड़ा, बनाया गुजरात के इतिहास में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड

Gujarat Assembly Election Result 2022: भगवा दल ने गुजरात में आज इतिहास रचते हुए 156 सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेपी के इस प्रचंड जनादेश ने कांग्रेस के उस रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

Krishna Chaudhary
Published on: 8 Dec 2022 12:27 PM GMT
PM Narendra Modi
X

PM Narendra Modi। (Social Media)

Gujarat Assembly Election Result 2022: गुजरात में विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था – नरेंद्र का रिकॉर्ड भूपेंद्र तोड़ेंगे। दिलचस्प बात ये है कि जब नतीजे आए, तो उनका वह बयान हकीकत में परिवर्तित होता नजर आया। बीजेपी उनके सीएम रहते हुए 127 सीटों के रिकॉर्ड को तोड़कर काफी आगे बढ़ चुकी है। पिछले 27 सालों से राज्य की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी इतना विराट जनादेश लेकर आएगी, इसकी कामना किसी को न थी। राजनीतिक जानकार जो गुजरात में एक तरह से बीजेपी की जीत तय मान रहे थे, उन्होंने भी इतने अधिक सीटों का अनुमान नहीं लगाया था।

भाजपा ने की 156 सीटों पर जीत दर्ज

भगवा दल ने गुजरात में आज इतिहास रचते हुए 156 सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेपी के इस प्रचंड जनादेश ने कांग्रेस के उस रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया, जो माधव सिंह सोलंकी ने खाम थ्योरी के बल पर बनाया था। साल 1985 में कांग्रेस पार्टी ने सोलंकी के नेतृत्व में 149 सीटों पर जीत हासिल की थी, इस संख्या के आसपास भी कोई नहीं पहुंच पाया था। खुद नरेंद्र मोदी भी मुख्यमंत्री रहते हुए इस आंकड़े को पार नहीं कर पाए थे।

बीजेपी का जोरदार कमबैक

गुजरात में साल 2002 के विधानसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते हुए बीजेपी ने 127 सीटों पर जीत हासिल की थी। 2022 के विधानसभा चुनाव परिणाम आने से पहले तक ये राज्य में बीजेपी का सबसे बड़ा आंकड़ा था। साल 2002 के बाद पार्टी विधानसभा लगातार सिमटती गई। पांच साल बाद यानी 2007 में बीजेपी को 117 सीटें मिले थीं, भगवा दल को 10 सीटों का नुकसान हुआ था। साल 2012 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की दो सीटें और घट गईं और आंकड़ा 115 रह गया था।

बीजेपी के लिए सबसे परेशान कर देने वाले चुनाव नतीजे साल 2017 के रहे। इस समय तक सीएम मोदी पीएम मोदी बन चुके थे। पहली बार उनकी अनुपस्थिति में बीजेपी विधानसभा चुनाव लड़ रही थी। पार्टी को इस चुनाव में कांग्रेस ने जबरदस्त टक्कर दी थी और पार्टी किसी तरह बहुमत के आंकड़े को क्रॉस कर पाई। तब बीजेपी को महज 99 सीटों से संतोष करना पड़ा था। साल 1995 में सत्ता में आने के बाद ये बीजेपी का सबसे खराब प्रदर्शन था।

  • 1995 – 121
  • 1998 – 117
  • 2002 – 127
  • 2007 – 117
  • 2012 – 115
  • 2017 – 99
  • 2022 – 156

कांग्रेस की सीटों में भारी गिरावट

मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस शुरू से ही चुनाव में ढ़ीली नजर आ रही थी। पार्टी के स्टार प्रचारकों में शुमार राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त रहे और सीमित रैलियां ही कीं। इसी तरह सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी एक्टिव नजर नहीं आईं। इसका असर कांग्रेस के प्रदर्शन पर साफ दिख रहा है। पार्टी की सीटें ऐतिहासिक रूप से गिरकर 17 पर पहुंच गई। ये वही पार्टी है जिसने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में 77 सीटें हासिल कर बीजेपी के पसीने छुड़ा दिए थे। दिलचस्प बात ये है कि कांग्रेस का इतना खराब प्रदर्शन नरेंद्र मोदी के गुजरात का मुख्यमंत्री रहने के दौरान भी नहीं रहा था।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story