×

Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात में भाजपा का आज से मेगा प्रचार अभियान, योगी, चौहान और फडणवीस भी भरेंगे हुंकार

Gujarat Assembly Election 2022: गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में भाजपा के चुनावी अभियान की पूरी कमान संभाल रखी है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 18 Nov 2022 4:08 AM GMT
Gujarat Assembly Election 2022
X

Gujarat Assembly Election 2022  (photo: social media )

Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात का चुनावी रण जीतने के लिए भाजपा आज से मेगा प्रचार अभियान छेड़ने जा रही है। गुजरात विधानसभा के पहले चरण की 89 सीटों पर आज भाजपा के बड़े चेहरे चुनाव प्रचार के लिए उतरेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के चुनावी रण में उतरने से पहले पार्टी चुनावी माहौल गरमाने की मुहिम में जुट गई है। भाजपा के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा की जंग बना हुआ है और इसी कारण पार्टी ने इस चुनावी बाजी को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में भाजपा के चुनावी अभियान की पूरी कमान संभाल रखी है। गुजरात के चुनावी रण में आज जो प्रमुख चेहरे चुनाव प्रचार के लिए उतरेंगे उनमें पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हैं। योगी की आज गुजरात में कई चुनावी सभाएं हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान योगी कांग्रेस और आप पर हमला करके भाजपा उम्मीदवारों की स्थिति मजबूत बनाने में कामयाब होंगे।

भाजपा का आज से जोरदार अभियान

गुजरात के विधानसभा चुनाव में भाजपा का चुनाव प्रचार काफी व्यवस्थित ढंग से चल रहा है। पार्टी ने दूसरे राज्यों के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी गुजरात के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उतार दिया है। दूसरे राज्यों के नेता और कार्यकर्ता लगातार समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद में जुटे हुए हैं। इस बीच पार्टी की ओर से आज से गुजरात में मेगा प्रचार अभियान छेड़ने की तैयारी है। इस अभियान के तहत पहले चरण वाले 89 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के 89 नेताओं को उतारने का कार्यक्रम तय किया गया है।

भाजपा की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और नितिन गडकरी, नरेंद्र सिंह तोमर और अनुराग ठाकुर समेत कई केंद्रीय मंत्रियों को उतारने की तैयारी है। इन नेताओं का कार्यक्रम गुजरात के अलग-अलग जिलों की अलग-अलग सीटों पर रखा गया है।

अलग-अलग इलाकों में होंगी रैलियां

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ की आज सूरत, भरूच और बांकानेर में चुनावी रैलियां रखी गई हैं। पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा नवसारी, अंकलेश्वर और राजकोट में तीन चुनावी रैलियां करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की चुनावी सभाएं सूरत, भरूच और जामनगर में होंगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर गुजरात में आज चार-चार सभाएं करेंगे।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी चार चुनावी रैलियों के जरिए भाजपा उम्मीदवारों की स्थिति मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी आज गुजरात में चार रैलियां करेंगे जबकि उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की भी तीन रैलियों का कार्यक्रम तय किया गया है। इन नेताओं के अलावा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, वीके सिंह, भारती पवार और फगन सिंह कुलस्ते की चुनावी सभाओं का कार्यक्रम भी तय किया गया है।

इस बार बदला हुआ है चुनावी नजारा

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में अभी तक भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य तौर पर मुकाबला होता रहा है मगर इस बार आम आदमी पार्टी के एंट्री से चुनावी समीकरण बदले हुए नजर आ रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार गुजरात का दौरा करने में जुटे हुए हैं। आम आदमी पार्टी के अन्य प्रमुख नेता भी गुजरात के प्रचार में जुटे हैं। हालांकि इसी बीच एमसीडी का चुनाव घोषित हो जाने के कारण आप नेताओं की दिक्कत बढ़ गई है।

दूसरी ओर कांग्रेस नेता भी लगातार अपने उम्मीदवारों की स्थिति मजबूत बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। वैसे अभी तक राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गुजरात चुनाव में एंट्री नहीं हुई है। पार्टी नेताओं और उम्मीदवारों की ओर से राहुल गांधी का कार्यक्रम तय करने की मांग की जा रही है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story