×

Gujarat Elections 2022: पूर्व CM रुपाणी और नितिन पटेल सहित ये 8 चेहरे नहीं लड़ेंगे चुनाव,..BJP दांव या कुछ और

Gujarat Elections 2022: गुजरात चुनाव के मद्देनजर पूर्व सीएम विजय रुपाणी के चुनाव न लड़ने को लेकर अटकलबाजी हो रही थी। जिस पर अब मुहर लग गई।

aman
Written By aman
Published on: 9 Nov 2022 2:41 PM GMT (Updated on: 9 Nov 2022 2:48 PM GMT)
gujarat elections 2022 former cm vijay rupani will not contest assembly elections
X

पूर्व CM विजय रुपाणी और नितिन पटेल (Social Media)

Gujarat Elections 2022 : गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभी अपने प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी नहीं की है, उससे पहले एक चौंकाने वाली खबर आई है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके साथ, रुपाणी सरकार के कुल 8 मंत्रियों ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। ये निर्णय नेताओं का है या बीजेपी का कोई दांव, ये तो वक़्त ही बताएगा। फिलहाल, इस जानकारी ने लोगों को जरूर चौंका दिया।

बता दें, विजय रुपाणी राजकोट पश्चिमी विधानसभा सीट (Rajkot West Vidhan Sabha Chunav) से दूसरी बार विधायक हैं। गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) के पद छोड़ने के बाद विजय रुपाणी को मुख्यमंत्री की कमान सौंपी गई थी। मगर, 2021 के चुनावों से साल भर पहले विजय रूपाणी को पद छोड़ना पड़ा था। वहीं, नितिन पटेल मेहसाणा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर आते हैं। आपको बता दें, राजकोट पश्चिम और मेहसाणा विधानसभा सीट बीजेपी की मजबूत सीटों में से एक रही है। दोनों ही सीटों पर पाटीदार समाज के वोट निर्णायक भूमिका निभाते रहे हैं। इसी की बदौलत बीजेपी जीत का सिलसिला बरकरार रखे हुए है।

रूपाणी और नितिन पटेल के नाम पर था संशय

दरअसल, गुजरात की राजनीति में बीजेपी अपनी बादशाहत कायम रखना चाहती है। इसलिए उसने पूरी ताकत झोंक रखी है। बुधवार शाम राजधानी दिल्ली में बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी है। जिसमें उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगेगी। पहले से ही उम्मीद जताई जा रही थी कि, इस बार बीजेपी अपने कई दिग्गज नेताओं और विधायकों का टिकट काट सकती है। ऐसे में सबकी निगाहें पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल पर टिकी थीं। लिस्ट फाइनल हो उससे पहले ही इन दोनों बड़े नेताओं ने आगामी गुजरात चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया।

रूपाणी ने पार्टी आलाकमान को भेजा पत्र

विजय रूपाणी ने कहा, 'मैंने सभी के सहयोग से 5 साल मुख्यमंत्री के रूप में काम किया। इन चुनावों में नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाए। इसलिए मैंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। मैंने वरिष्ठों को पत्र भेज दिल्ली को अवगत करा दिया है। हम चुने हुए उम्मीदवार को जिताने के लिए काम करेंगे।'

इन प्रमुख चेहरों ने की चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा

आगामी गुजरात चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा करने वालों की फेहरिस्त लंबी है। इन दोनों नेताओं के अलावा कई अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिन्होंने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। इनमें विजय रुपाणी, नितिन पटेल, शिक्षा और राजस्व मंत्री रहे भुपेन्द्र सिंह चुडासमा, गृह राज्यमंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा, ऊर्जा मंत्री सौरभ पटेल, भावनगर से विधायक विभावरी बेन दवे ने भी चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। इनके अलावा, रुपाणी सरकार के मंत्री कौशिक पटेल, वल्लभ काकडिया और योगेश पटेल भी चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है।

उल्लेखनीय है कि, गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को दो चरणों में मतदान होगी, जबकि 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों के साथ रिजल्ट घोषित किए जाएंगे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story