×

शिक्षक भर्ती घोटाला: अजय चौटाला की 10 साल की सजा पूरी, तिहाड़ जेल से हुए रिहा, जानें कौन हैं अजय चौटाला और क्या था मामला?

अजय चौटाला को सीबीआई (CBI) एक मामले में (कोर्ट द्वारा) दोषी करार दिए जाने के बाद 10 साल की कैद की सजा सुनाई गयी थी। सजा सुनाए जाने के बाद 16 जनवरी 2013 से वो जेल में थे।

aman
Written By aman
Published on: 11 Feb 2022 5:47 AM GMT
ajay chautala son dushyant chautala
X

ajay chautala son dushyant chautala

हरियाणा (Haryana) के पूर्व सांसद और वर्तमान में राज्य के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला (Dushyant Chautala) के पिता अजय चौटाला (Ajay Chautala) को हरियाणा शिक्षक भर्ती घोटाले (Haryana Teacher Recruitment Scam) मामले में 10 साल की कैद की सजा पूरी होने के बाद गुरुवार को जेल से रिहा कर दिया गया। अजय चौटाला दिल्ली (Delhi) के तिहाड़ जेल (Tihar Jail) में सजा काट रहे था। जेल अधिकारियों ने बताया, कि अजय चौटाला की सजा पूरी हो गई थी। अब उन्हें औपचारिक तौर पर रिहा कर दिया गया है।

बता दें कि अजय चौटाला को सीबीआई (CBI) एक मामले में (कोर्ट द्वारा) दोषी करार दिए जाने के बाद 10 साल की कैद की सजा सुनाई गयी थी। सजा सुनाए जाने के बाद 16 जनवरी 2013 से वो जेल में थे। सजा की अवधि के दौरान उन्होंने कुल दो साल, सात महीने और 24 दिनों की छूट अर्जित की थी। जिसके बाद उन्हें गुरुवार को रिहा कर दिया गया। जेल से जुड़े एक अधिकारी ने आगे बताया, कि 'वह 14 मई 2021 से आपातकालीन पैरोल पर थे। अजय गुरुवार को तिहाड़ जेल पहुंचे और अपने जुर्माने की राशि जमा की। जिसके बाद उन्हें औपचारिक तौर पर रिहा कर दिया गया।'

दुष्यंत चौटाला ने किया फोटो शेयर

हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अपने पिता अजय चौटाला की रिहाई पर खुशी जताते हुए एक फोटो शेयर किया। उन्होंने लिखा, 'एक परिवार और एक पार्टी के तौर पर आज हमारे लिए 9 साल 25 दिन के बुरे सपने का अंत हो गया। आपकी निरंतर उपस्थिति एक बहुत आवश्यक आशीर्वाद होगा। आप हमारे हीरो हैं।'

क्या था मामला ?

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला (Om Prakash Chautala) को इसी मामले में पिछले साल तिहाड़ जेल से ही रिहा किया गया था। दरअसल, सीनियर चौटाला और उनके बड़े बेटे अजय चौटाला सहित 53 अन्य को 3,206 जूनियर बेसिक शिक्षकों की साल 2000 में अवैध भर्ती मामले में दोषी पाया गया था। जिसके बाद एक विशेष सीबीआई अदालत (special cbi court) ने जनवरी 2013 में इस मामले में सजा सुनाई थी। अजय चौटाला के पिता ओम प्रकाश चौटाला पिछले साल ही रिहा हुए थे।

बदल गई हरियाणा की राजनीति

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और उनके बड़े बेटे अजय चौटाला को जब जनवरी 2013 में सजा सुनाई गई थी तब दोनों (पिता-पुत्र) एक ही पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) में थे। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। बीजेपी वहां की राजनीति में अपना आधार तलाश रही थी। लेकिन, अब 9 साल बाद हरियाणा की पूरी राजनीति बदल चुकी है। साल 2014 में कांग्रेस के हाथ से सत्ता चली गई। बीजेपी ने मोदी लहर में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना ली। बीजेपी ने पहली बार अपने दम पर हरियाणा में सरकार बनाई थी।

कौन हैं अजय चौटाला ?

अजय चौटाला हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पिता हैं। अजय चौटाला के पिता ओमप्रकाश चौटाला भी लंबे समय तक हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे थे। फिलहाल अजय चौटाला जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। प्रदेश की राजनीति के दौरान अजय चौटाला कभी अपने पति ओम प्रकाश चौटाला की विरासत को संभालते थे। तब वो इनेलो का हिस्सा हुआ करते थे। लेकिन पिता की विरासत संभालने की बारी जब आई तो बाजी छोटे भाई अभय चौटाला के हाथ लगी। इसके बाद अजय चौटाला ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया। वो परोल पर जेल से बाहर आने के बाद नवंबर 2018 में जेजेपी की स्थापना की। तब उन्होंने इसकी जिम्मेदारी अपने बेटे दुष्यंत को सौंपी। जिसके बाद फिर वो वो जेल चले गए थे, जहां से अब रिहा हुए हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story