Haryana Assembly Elections 2024: पार्टियों को खिलाड़ियों पर भरोसा!, क्या विनेश फोगाट बनेंगी गेम चेंजर?

Haryana Assembly Elections 2024: बरोदा सीट से ओलिंपियन योगश्वर दत्त, चरखी दादरी से बबीता फोगाट पिछले चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। लेकिन इन दोनों को हार का सामना करना पड़ा था। विनेश और बजरंग को टिकट मिला तो वे कितने कारगर होंगे यह अभी कहना मुश्किल होगा।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 5 Sep 2024 9:24 AM GMT (Updated on: 5 Sep 2024 9:28 AM GMT)
Haryana Assembly Elections 2024 ( Pic- Social- Media)
X

Haryana Assembly Elections 2024 ( Pic- Social- Media)

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनावों के तारीखों के ऐलान के बाद से पार्टियां अपनी-अपनी जीत के लिए दांव-पेंच आजमाने में जुट गई हैं। लेकिन राजनीतिक दलों के लिए यहां एक बड़ी चुनौती है कि किस पर दांव खेला जाए। कांग्रेस और भाजपा कई खिलाड़ियों पर दांव खेलने के लिए जोरआजमाइश में जुट गईं हैं।लेकिन यह पहली बार नहीं है कि राजनीतिक पार्टियां चुनाव में खिलाड़ियों पर भी दांव लगाने जा रही हैं। इससे पहले 2019 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टियों ने कई खिलाड़ियों पर दांव लगाया था।

इस बार ओलंपिक खेल में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया की मुलाकात के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी इन्हें विधानसभा का चुनाव लड़ा सकती है। संभावना है कि कांग्रेस की प्रत्याशियों की लिस्ट में इन दोनों खिलाड़ियों का नाम भी शामिल हो।

ये खिलाड़ी पेश कर कर रहे हैं दावेदारी

बरोदा विधानसभा सीट से ओलिंपियन योगश्वर दत्त, चरखी दादरी से बबीता फोगाट पिछले चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। वहीं जहां बबीता फोगाट अपनी पिछली हार को भुलाकर पांच साल तक जनता के बीच रही हैं। ये खिलाड़ी इस बार भी टिकट मांग रहे हैं। वहीं मुक्केबाज विजेंदर सिंह भी टिकट का दावा पेश कर रहे हैं।

इन्हें चल रही मैदान में उतारने की तैयारी

हरियाणा विधानसभा चुनाव में साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट को चुनाव लड़ाने की तैयारी चल रही है। इस पर काम भी काफी तेजी से हो रहा है। अगर इन्हें चुनाव लड़ाया जाता है तो इनके मैदान में आने का क्या असर होगा क्या ये जिस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे उसके लिए गेमचेंजर साबित होंगे यह तो समय ही बताएगा।

ये खिलाड़ी आजमा चुके हैं किस्मत

ओलंपियन योगेश्वर-बबीता और संदीप जैसे बड़े खिलाड़ी 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं।आइए यहां जानते हैं कि इनका प्रदर्शन क्या रहा है।


तीन ने लड़ा था चुनाव

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में तीन खिलाड़ियों ने चुनाव लड़ा था। इनमें रेसलर बबीता फोगाट, ओलंपियन योगेश्वर दत्त और हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह शामिल थे। इनमें बबीता और योगेश्वर को हार का सामना करना पड़ा था। केवल संदीप सिंह ही चुनाव जीते थे। वे कुरुक्षेत्र की पिहोवा सीट से चुनाव जीत कर विधानसभा पहुंचे थे।

बबीता को चखना पड़ा था हार का स्वाद

2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 2014 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली रेसलर बबीता फोगाट पर दांव लगाया था। उन्हें चरखी दादरी विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। यहां से निर्दलीय प्रत्याशी सोमवीर सांगवान ने बबीता को हराया था। बबीता इस बार फिर इसी सीट से चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश कर रही हैं।

योगेश्वर को भी मिली थी हार

2012 के ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले योगेश्वर दत्त ने हरियाणा विधानसभा की बरोदा सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें कांग्रेस के कृष्णा हुड्डा ने पराजित कर दिया था। 2020 में कृष्णा हुड्डा के निधन के बाद यहां हुए उप चुनाव में भाजपा ने फिर योगेश्वर दत्त पर दांव लगाया लेकिन उन्हें इस बार भी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस के इंदुराज नरवाल ने योगेश्वर दत्त को हराया था।

केवल संदीप सिंह ने मारी थी बाजी

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह ने ही खिलाड़ियों में बाजी मारी थी। उन्होंने कुरुक्षेत्र की पिहोवा सीट से भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज किया था। उन्होंने कांग्रेस के मंदीप सिंह चिट्ठा को धूल चटाया था। संदीप सिंह को तत्कालीन मनोहर लाल सरकार के मंत्रिमंडल में खेल मंत्री भी बनाया गया था। हालांकि, कुछ विवाद के कारण संदीप सिंह को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। यदि संदीप सिंह इस बार भी विधानसभा का चुनाव लड़ना चाहते हैं तो उन्हें पहले खुद को बेदाग साबित करना जो उनके लिए एक बड़ी चुनौती से कम नहीं होगी।

कांग्रेस विनेश फोगाट को लड़ा सकती है!

हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच रेसलर बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने नई दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद से राजनीतिक गलियारों में उनके चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी तेज हां गई हैं। बता दें कि विनेश फोगाट जब ओलंपिक खेल के बाद वापस भारत वापस आईं तो उनका जोरदार स्वागत किया गया था। इस दौरान विनेश के साथ रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी मौजूद थे।इस समय जिस तरह से राजनीतिक गलियारों में विनेश फोगाट के नाम की चर्चा हो रही है। उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि विनेश कांग्रेस से विधानसभा का चुनाव लड़ सकती हैं।

अब बात क्या राजनीतिक पार्टियों को मिलेगा इसका लाभ

अगर 2019 के विधानसभा चुनाव का रिकार्ड देखा जाए तो इन खिलाड़ियां के चुनाव लड़ने का कोई विशेष फायदा नहीं दिखता है। 2019 के चुनाव में भाजपा से तीन खिलाड़ियों ने चुनाव लड़ा था जिसमें बबीता फोगाट और योगेश्वर दत्त को हार का सामना करना पड़ा था। केवल संदीप सिंह ही चुनाव जीतने में कामयाब रहे थे। अब देखना यह होगा कि अगर खिलाड़ियों को पार्टियों द्वारा टिकट दिए जाने पर विधानसभा चुनाव में उनको फायदा होगा या पिछले बार के चुनाव की तरह इस बार का भी हाल रहेगा। यह तो समय ही बताएगा।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story