Haryana Election Result : हरियाणा में 50 पार पहुंची भाजपा की ताकत, सावित्री जिंदल समेत तीन विधायकों ने दिया समर्थन

Haryana Election Result : हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत हासिल की है।

Anshuman Tiwari
Published on: 9 Oct 2024 11:01 AM GMT (Updated on: 9 Oct 2024 11:16 AM GMT)
Haryana Election Result : हरियाणा में 50 पार पहुंची भाजपा की ताकत, सावित्री जिंदल समेत तीन विधायकों ने दिया समर्थन
X

सावित्री जिंदल (Pic - Social Media)

Haryana Election Result : नई दिल्ली: हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत हासिल की है। राज्य की 48 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करके पार्टी 2014 और 2019 के बाद अब फिर सरकार बनाने जा रही है। पूरी ताकत लगाने के बाद कांग्रेस को 37 सीटें ही मिल सकी हैं। इंडियन नेशनल लोकदल ने दो सीटों पर जीत हासिल की है जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों को तीन सीटों पर जीत मिली है।

अब तीनों निर्दलीय विधायकों सावित्री जिंदल,देवेंद्र कादियान और राजेश जून ने भी भाजपा सरकार को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। इस तरह राज्य विधानसभा में भाजपा की ताकत 51 विधायकों की हो गई है। निर्दलीय विधायक राजेश जून तो भाजपा में शामिल हो गए हैं। इन तीन विधायकों के फैसले के बाद हरियाणा में अब भाजपा राजनीतिक रूप से और मजबूत हो गई है।

गन्नौर के विकास के लिए भाजपा को समर्थन

देवेंद्र कादियान ने भाजपा के बागी उम्मीदवार के रूप में सोनीपत जिले की गन्नौर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 35,209 मतों से हराकर जीत हासिल की है। भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र कौशिक तीसरे नंबर पर रहे। भाजपा से टिकट न मिलने के बाद देवेंद्र कादियान ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला लिया था और उन्होंने अपनी ताकत दिखा दी है। जीत हासिल करने के बाद कादियान ने कहा कि मैंने गन्नौर के विकास के लिए भाजपा को समर्थन देने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि गन्नौर की 36 बिरादरियों ने मुझे वोट दिया है और उनकी उम्मीदें तभी पूरी हो सकती हैं जब मैं भाजपा सरकार के साथ जाऊं। उन्होंने कहा मैं पहले भी भाजपा में रहा हूं और यह पार्टी मेरे परिवार की तरह है।

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वे भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं,लेकिन उन्होंने भाजपा सरकार को समर्थन देने का ऐलान जरूर किया। कादियान ने कहा कि गन्नौर की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने यह बड़ा फैसला किया है।

निर्दलीय विधायक राजेश जून भाजपा में शामिल

विधानसभा चुनाव के दौरान बहादुरगढ़ सीट से जीत हासिल करने वाले राजेश जून ने तो भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के घर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली भी मौजूद थे। राजेश जून ने भाजपा प्रत्याशी दिनेश कौशिक को 41,999 वोटों से हराकर जीत हासिल की है। राजेश जून कांग्रेस से टिकट के दावेदार थे मगर पार्टी की ओर से टिकट न मिलने पर उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोक दी थी।

सावित्री जिंदल का भी भाजपा को समर्थन

इन दोनों विधायकों के अलावा हिसार विधानसभा सीट से जीत हासिल करने वाली सावित्री जिंदल ने भी भाजपा सरकार को समर्थन देने का फैसला किया है। देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने इस साल मार्च में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी और वे हिसार से पार्टी के टिकट की दावेदार थीं मगर भाजपा की ओर से उन्हें टिकट नहीं दिया गया था।

सावित्री जिंदल ने निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए हिसार सीट पर जीत हासिल की है। सावित्री जिंदल ने अपने बेटे और केंद्रीय मंत्री नवीन जिंदल के साथ भाजपा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा सांसद बिप्लब कुमार देब से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को समर्थन देने के अपने फैसले की जानकारी दी।

भाजपा की ऐतिहासिक हैट्रिक

हरियाणा के विधानसभा चुनाव में इस बार तीन निर्दलीय विधायकों ने जीत हासिल की और तीनों विधायक भाजपा के पाले में आ गए हैं। ऐसे में पार्टी अब सियासी रूप से और ज्यादा मजबूत हो गई है। हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में अभी तक कोई पार्टी लगातार तीन बार चुनाव नहीं जीत सकी थी और ऐसे में भाजपा ने ऐतिहासिक हैट्रिक लगाने में कामयाबी हासिल की है। राजनीतिक पंडित इस बार कांग्रेस को ज्यादा मजबूत मान रहे थे मगर भाजपा ने सबको हैरान करते हुए बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा की इस जीत ने एग्जिट पोल के सारे पूर्वानुमानों को भी ध्वस्त कर दिया है।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story