×

Haryana में आप को मिली सियासी मजबूती, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने थामा पार्टी का दामन

Haryana Politics: हरियाणा में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने आप की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shreya
Published on: 4 April 2022 11:53 AM GMT (Updated on: 4 April 2022 11:54 AM GMT)
Haryana में आप को मिली सियासी मजबूती, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने थामा पार्टी का दामन
X

अशोक तंवर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ (फोटो साभार- ट्विटर)

Haryana Politics: पंजाब के विधानसभा चुनावों में मिली प्रचंड जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी (AAP) अब अन्य राज्यों में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी है। हरियाणा में 2024 में विधानसभा चुनाव (Haryana Elections 2024) होने हैं और ऐसे में पार्टी ने हरियाणा (Haryana News) पर भी फोकस कर रखा है। हरियाणा में आप को बड़ी कामयाबी मिली है क्योंकि कांग्रेस (Congress) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर (Ashok Tanwar) ने आप की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

अशोक तंवर को हरियाणा का कद्दावर नेता माना जाता है। ऐसे में उनके शामिल होने से पार्टी की सियासी जमीन मजबूत होने की उम्मीद है। तंवर ने आप के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) की मौजूदगी में आप की सदस्यता ग्रहण की।

महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं तंवर

तंवर हरियाणा के सिरसा लोकसभा सीट (Sirsa Lok Sabha Seat) से सांसद रह चुके हैं और उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मतभेद के बाद 2019 में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उनका कहना था कि पार्टी हाईकमान राज्य में कांग्रेस को मजबूत बनाने के प्रति तनिक भी गंभीर नहीं है और ऐसे में पार्टी में मेरे रहने का कोई मतलब नहीं है।

तंवर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के साथ ही अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही वे एनएसयूआई के भी अध्यक्ष रहे हैं। हरियाणा की सियासत पर तंवर की मजबूत पकड़ मानी जाती है। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था मगर हरियाणा की राजनीति में टीएमसी की चुनावी संभावनाएं कमजोर होने के कारण अब उन्होंने आप की सदस्यता ग्रहण की है।

उम्मीदों को पूरा करने का वादा

आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए अशोक तंवर ने अरविंद केजरीवाल को मजबूत नेता बताया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के कुशल नेतृत्व में आम लोगों के हित में तमाम काम किए जा रहे हैं और इसी कारण मुझे आप की सदस्यता ग्रहण करने की प्रेरणा मिली।

उन्होंने कहा कि आप नेतृत्व ने मुझ पर भरोसा जताया है और मैं आम जनता से जुड़े मुद्दों के लिए संघर्ष करते हुए नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।

आप ने बढ़ाई सियासी सक्रियता

हरियाणा में 2024 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी दलों ने अपने सियासी सक्रियता बढ़ा दी है। राज्य में अभी तक भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होता रहा है मगर इस बार आप की निगाहें भी हरियाणा पर लगी हुई हैं। माना जा रहा है कि अगले चुनाव में आम आदमी पार्टी भी भाजपा और कांग्रेस को मजबूत चुनौती देने में सक्षम होगी। हरियाणा के कद्दावर नेता अशोक तंवर का आपसे जुड़ना पार्टी के लिए काफी अच्छा माना जा रहा है।

पार्टी को मजबूत बनाने की कोशिशें

हरियाणा में तंवर के अलावा विभिन्न दलों से जुड़े कई स्थानीय नेता भी आप का दामन थाम चुके हैं। हरियाणा पंजाब से सटा हुआ राज्य है और माना जा रहा है कि पंजाब में आप को मिली प्रचंड जीत का असर यहां भी दिख सकता है। हरियाणा के चुनाव को लेकर आप का नेतृत्व काफी गंभीर है और इसी कारण काफी पहले से ही संगठन को मजबूत बनाने की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं। हरियाणा में पहले से ही आप की ओर से विभिन्न आयोजन किए जाते रहे हैं और अब माना जा रहा है कि पार्टी की सियासी सक्रियता और बढ़ेगी।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story