Haryana Election 2024: बार-बार बदलती रही CM नायब सिंह सैनी की सीट,पांचवें चुनाव में चौथी सीट पर आजमाएंगे किस्मत

Haryana Election 2024: अपने 15 साल के चुनावी करियर में मुख्यमंत्री सैनी पांचवीं बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं मगर उनकी सीट बार-बार बदलती रही है। इस बार वे हरियाणा की चौथी सीट से किस्मत आजमाने के लिए मैदान में उतरने वाले हैं

Anshuman Tiwari
Published on: 5 Sep 2024 8:48 AM GMT
Haryana Election 2024 ( Pic- Social- Media)
X

Haryana Election 2024 ( Pic- Social- Media)

Haryana Election 2024: भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा के विधानसभा चुनाव के लिए 67 प्रत्याशियों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी की पहली सूची में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम भी शामिल है मगर इस बार उनकी सीट फिर बदल दी गई है। मुख्यमंत्री सैनी की ओर से करनाल विधानसभा सीट पर दावेदारी की गई थी मगर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें लाडवा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा है।अपने 15 साल के चुनावी करियर में मुख्यमंत्री सैनी पांचवीं बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं मगर उनकी सीट बार-बार बदलती रही है। इस बार वे हरियाणा की चौथी सीट से किस्मत आजमाने के लिए मैदान में उतरने वाले हैं।

पहले चुनाव में झेलनी पड़ी थी करारी हार

लंबे समय से राजनीति के मैदान में सक्रिय नायब सिंह सैनी ने 2009 में चुनाव लड़ने की शुरुआत की थी। 2009 में सैनी ने चुनाव लड़ने की शुरुआत की थी। हालांकि यह शुरुआत उनके लिए अच्छी साबित नहीं हुई थी। 2009 के विधानसभा चुनाव में उन्हें नारायणगढ़ में हार का सामना करना पड़ा था। अपने पहले चुनाव के दौरान उन्हें मात्र 8 हजार 82 वोट हासिल हुए थे और उन्हें पांचवें स्थान पर संतोष करना पड़ा था। कांग्रेस के रामकृष्ण इस चुनाव में विजयी हुए थे। इसके बावजूद नायब सिंह सैनी निराश नहीं हुए और भाजपा की राजनीति में लगातार खुद को मजबूत बनाने में जुटे रहे।

दूसरे चुनाव में उसी सीट पर मिली बड़ी जीत

इसी का नतीजा था कि भाजपा ने सैनी पर भरोसा रखते हुए 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्हें एक बार फिर नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से उतारा। इस बार सैनी को क्षेत्र में लगातार सक्रिय बने रहने का अच्छा नतीजा हासिल हुआ। सैनी ने 55,931 वोट हासिल करते हुए इस बार जीत हासिल की। उनके वोट प्रतिशत में 31 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इस जीत के बाद भाजपा में सैनी का कद बढ़ गया और उन्हें मनोहर लाल की सरकार में मंत्री बनने का मौका मिला।

2019 में कुरुक्षेत्र से जीता लोकसभा चुनाव

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सैनी को कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर मैदान में उतारने का फैसला लिया। सैनी ने इस बार भी पार्टी नेतृत्व को निराश नहीं किया और विजय पताका फहराई। उन्होंने 6,88,629 मतदाताओं के समर्थन से बड़ी जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस के निर्मल सिंह को तीन लाख से अधिक वोटों से हराया।

इसके बाद पार्टी में उनका कद और बढ़ गया। पार्टी के शीर्ष नेताओं का भरोसा हासिल करते हुए सैनी 2023 में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने में कामयाब हुए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद सैनी लगातार पार्टी को मजबूत बनाने में जुटे रहे और इसी का नतीजा था कि 2024 में पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राज्य के मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपी।

इस बार फिर बदल गई सैनी की सीट

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सैनी को छह महीने के भीतर विधायक बनना था और ऐसे में सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की खाली सीट करनाल से किस्मत आजमाई। करनाल को बीजेपी की सेफ सीट माना जाता रहा है और इस सीट पर सैनी ने भी बड़ी आसानी से जीत हासिल की। सैनी इस बार भी करनाल विधानसभा क्षेत्र से ही चुनाव मैदान में उतरना चाहते थे।

भाजपा की सूची घोषित किए जाने से पूर्व जब पत्रकारों ने सैनी से उनकी सीट के बारे में सवाल पूछा था तो सैनी ने करनाल से ही चुनाव लड़ने की बात कही थी। उन्होंने लाडवा से चुनाव लड़ने की चर्चाओं को जानकारी दिया था।हालांकि भाजपा की ओर से घोषित की गई सूची में सैनी को लाडवा से ही उम्मीदवार घोषित किया गया है। ऐसे में सैनी और पिछले 15 वर्षों के दौरान चौथी सीट से किस्मत आजमाने के लिए मैदान में उतरेंगे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story