TRENDING TAGS :
HP Cabinet Expansion: हिमाचल कैबिनेट विस्तार, पूर्व CM के बेटे विक्रमादित्य सिंह समेत 7 विधायकों ने ली शपथ
Himachal Pradesh Cabinet Expansion: हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। जिसमें धनी राम शांडिल, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर ने शपथ ली है।
Himachal Pradesh Cabinet Expansion (Pic: Social Media)
Himachal Pradesh Cabinet Expansion: हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। मंत्रिमंडल विस्तार में कांग्रेस के 7 विधायकों ने शपथ ली है। जिन विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, उनमें डॉ धनी राम शांडिल, चंदर कुमार, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह शामिल हैं। कैबिनेट विस्तार की सबसे बड़ी बात ये है कि कैबिनेट मंत्री बनने वालों में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीर भद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह भी शामिल हैं। विक्रमादित्य सिंह की मां वर्तमान में हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री सुक्खू दिल्ली के दो दिन के दौरे के बाद शनिवार शाम को शिमला लौट आए थे। माना जा रहा है कि अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने हाईकमान के साथ नए मंत्रियों के नामों को लेकर चर्चा की है, जिसके बाद में ही मंत्रिमंडल विस्तार करने का निर्णय लिया है।
कई दिनों से विस्तार की थी अटकलें
हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इस बार भाजपा को सत्ता से बेदखल करते हुए बड़ी जीत हासिल की है। चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद सुक्खू ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी मगर वे अभी तक अपनी कैबिनेट का विस्तार नहीं कर सके थे। बीच में मुख्यमंत्री कोरोना से भी संक्रमित हो गए थे। पिछले कुछ दिनों से वे अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने में जुटे हुए थे।
हिमाचल प्रदेश में सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के शपथ लेने के बाद से ही नए मंत्रियों के नामों को लेकर काफी अटकलें लगाई जाती रही हैं। काफी मंथन करने के बाद सुक्खू ने अपने नए मंत्रियों की सूची तैयार की थी। हाईकमान से चर्चा के बाद नए मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया है। हिमाचल प्रदेश में मंत्रियों के 7 पद आज भर गए हैं जबकि 3 पद अभी भी खाली हैं।
सभी वर्गों को साधना बड़ी चुनौती
हिमाचल प्रदेश में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत हासिल की है। कांग्रेस ने ऊना, सोलन और हमीरपुर में चार-चार, सिरमौर में तीन, चंबा और कुल्लू में दो-दो और मंडी, बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल और स्पीति जिलों में एक-एक सीट जीती है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रों,जातियों और धड़ों का संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। वैसे मुख्यमंत्री सुक्खू के लिए संतुलन बनाए रखने के साथ मंत्रिमंडल का विस्तार एक बड़ी चुनौती माना जा रहा था।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने पिछले दिनों प्रोफेशनल्स,युवाओं और विभिन्न वर्गों को मौका देने की बात कही थी। सुक्खू के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के गुट के साथ सामंजस्य बैठाना भी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। प्रतिभा सिंह भी मुख्यमंत्री पद की दावेदार थीं मगर आखिरकार सुक्खू बाजी मारने में कामयाब रहे।