×

Himachal Pradesh Election: भाजपा ने 62 उम्मीदवारों का किया ऐलान, पूर्व CM धूमल का टिकट कटा

Himachal Pradesh Election: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के पिता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को टिकट नहीं दिया गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 19 Oct 2022 4:29 AM GMT (Updated on: 19 Oct 2022 4:55 AM GMT)
Himachal Pradesh Election
X

भाजपा ने 62 उम्मीदवारों का किया ऐलान (फाइल फोटो: सोशल मीडिया)

Himachal Pradesh Election: हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 62 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सिराज विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा गया है जबकि पार्टी के एक अन्य प्रमुख चेहरे अनिल शर्मा मंडी सीट से किस्मत आजमाएंगे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के पिता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को टिकट नहीं दिया गया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में धूमल को हार का सामना करना पड़ा था।

2017 के चुनाव में हार का सामना करने वाले अनुराग ठाकुर के ससुर गुलाब सिंह भी इस बार भाजपा उम्मीदवार नहीं बनाए गए हैं। भाजपा की सूची को अंतिम रूप देने के लिए कई दिनों से माथापच्ची की जा रही थी। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की मंगलवार को हुई बैठक के बाद इस सूची को मंजूरी दी गई है। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी मौजूद थे।

भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की जंग बना चुनाव

भाजपा उत्तर प्रदेश की तरह हिमाचल प्रदेश में भी अपनी सरकार रिपीट करने की कोशिश में जुटी हुई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता लगातार राज्य का दौरा करने में जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश का दो बार दौरा किया था इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी थीं।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का गृह राज्य होने के कारण हिमाचल प्रदेश का चुनाव भाजपा के लिए प्रतिष्ठा की जंग बन गया है। गृह मंत्री अमित शाह भी पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंचे थे। पार्टी के अध्यक्ष नड्डा लगातार राज्य का दौरा करने में जुटे हुए हैं। आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से राज्य में और ताकत लगाने की तैयारी है।

हिमाचल में कांग्रेस प्रियंका के भरोसे

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। राज्य में लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस के बीच हर 5 साल पर सत्ता बदलती रही है। इसीलिए कांग्रेस ने इस बार भाजपा से सत्ता छीनने के लिए पूरी ताकत लगाने की तैयारी की है।

राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त होने के कारण पार्टी की चुनावी कमान प्रियंका गांधी के हाथों में होगी। प्रियंका ने पिछले दिनों राज्य में एक चुनावी सभा को संबोधित किया था। वैसे चुनावी तैयारियों के मामले में कांग्रेस भाजपा से पिछड़ती दिख रही है।

भाजपा के 62 उम्मीदवार घोषित

चुनाव आयोग की ओर से हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को एक चरण में मतदान कराने की घोषणा की गई है। मतदान के बाद 8 दिसंबर को राज्य के चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस की ओर से 46 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के बाद भाजपा ने 62 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। डलहौजी से डी एस ठाकुर, चंबा से इंदिरा कपूर, चुराह से हंसराज, इंदौरा से रीता धमान, फतेहपुर से राकेश पठानिया, ज्वाली से संजय गुलेरिया, भरमौर से डॉक्टर जनक राज, नूरपुर से रणवीर सिंह, जयसिंहपुर से रविंदर धीमान और भाटियान से विक्रम जरियाल को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

मनाली से गोविंद सिंह ठाकुर, बंजार से सुरेंदर कुमार, करसोग से दीपराज कपूर, सुंदरनगर से राकेश जम्बाव, नाचन से विनोद कुमार, दरंग से पूरन चंद ठाकुर, जोगिनद्रनगर से प्रकाश राणा, धर्मपुर से रजत ठाकुर, मंडी से अनिल शर्मा को टिकट मिला है। बल्ह से इंद्र सिंह गांधी, भोरंज से अनिल धीमान, सुजानपुर से कैप्टन (रिटायर्ड) रणजीत सिंह, हमीरपुर से नरेंद्र ठाकुर, नादौन से विजय अग्निहोत्री को चुनावी मैदान में उतारा गया है।

हिमाचल प्रदेश में भाजपा उम्मीदवारों की पूरी सूची

भाजपा ने 62 उम्मीदवारों का किया ऐलान (photo: social media )


भाजपा ने 62 उम्मीदवारों का किया ऐलान (photo: social media)


भाजपा ने 62 उम्मीदवारों का किया ऐलान (photo: social media )


Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story