×

Himachal Pradesh Result 2022: नतीजों से पहले ही हिमाचल कांग्रेस में CM पद को लेकर महाभारत, प्रतिभा सिंह ने ठोकी दावेदारी

Himachal Pradesh Result 2022: हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस काफी आशान्वित है। इसलिए मुख्यमंत्री पद के लिए जोड़-तोड़ भी शुरू हो गई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 8 Dec 2022 3:29 AM GMT
Himachal Pradesh Result 2022
X

Himachal Pradesh Result 2022 (Social Media)

Himachal Pradesh Result 2022: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा से पहले ही कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर महाभारत छिड़ती दिख रही है। हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस काफी आशान्वित है। इसलिए मुख्यमंत्री पद के लिए जोड़-तोड़ भी शुरू हो गई है। हालांकि कई चुनावी सर्वे में हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी करने में जुट गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के जीतने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद के सात दावेदार बताए जा रहे हैं। दूसरे दावेदारों ने तो अभी तक खुलकर अपनी बात नहीं कही है मगर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी ठोक दी है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के परिवार और उनकी विरासत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने खुलकर कहा कि हिमाचल के लोग चाहते हैं कि वीरभद्र के परिवार का कोई व्यक्ति ही राज्य के विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं।

मुख्यमंत्री पद के सात दावेदार

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति को नजदीक से जानने वालों का मानना है कि राज्य में कांग्रेस के सात नेता मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी दावेदारी मजबूत बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। इनमें सबसे मजबूत दावेदारी मंडी के वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर की मानी जा रही है। 1977 में अपना पहला चुनाव जीतने वाले कौल सिंह ठाकुर 8 बार विधायक रह चुके हैं। उनके अलावा रामलाल ठाकुर, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह सुक्खू, आशा कुमारी और प्रतिभा सिंह को भी मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है।

प्रतिभा सिंह ने तो खुलकर मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी जता दी है। उन्होंने खुलकर कहा है कि यदि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो हमारे परिवार की अनदेखी नहीं की जा सकती है। वीरभद्र सिंह का पिछले साल निधन हो गया था मगर उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह राजनीति में सक्रिय हैं। मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह ने इस बार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ा था मगर विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

वीरभद्र के परिवार की अनदेखी नहीं हो सकती

चुनाव नतीजों की घोषणा से पहले राज्य कांग्रेस की प्रमुख प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमें हिमाचल प्रदेश में 40 सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस के सीटों की संख्या इससे ज्यादा 45 तक भी पहुंच सकती है। उन्होंने कहा कि हमें राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह अब इस दुनिया में मौजूद नहीं हैं मगर उनकी विरासत की अनदेखी नहीं की जा सकती है। हर पोस्टर में वीरभद्र सिंह की तस्वीर प्रमुखता से थी और हिमाचल प्रदेश के लोगों ने वीरभद्र के नाम पर भी कांग्रेस को समर्थन दिया है।

उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के लोगों का मानना है कि वीरभद्र सिंह की विरासत का ध्यान रखा जाना चाहिए। राज्य में मुख्यमंत्री पद का फैसला करने में हाईकमान को इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि राज्य के विधायक क्या चाहते हैं। इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी बनने अधिकांश नेताओं का मानना है कि वीरभद्र सिंह के परिवार का पूरी तरह ध्यान रखा जाना चाहिए। हालांकि राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच कांटे का मुकाबला माना जा रहा है और शुरुआती मतगणना में भाजपा कांग्रेस से आगे निकलती दिख रही है।

Anant kumar shukla

Anant kumar shukla

Content Writer

अनंत कुमार शुक्ल - मूल रूप से जौनपुर से हूं। लेकिन विगत 20 सालों से लखनऊ में रह रहा हूं। BBAU से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन (MJMC) की पढ़ाई। UNI (यूनिवार्ता) से शुरू हुआ सफर शुरू हुआ। राजनीति, शिक्षा, हेल्थ व समसामयिक घटनाओं से संबंधित ख़बरों में बेहद रुचि। लखनऊ में न्यूज़ एजेंसी, टीवी और पोर्टल में रिपोर्टिंग और डेस्क अनुभव है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर काम किया। रिपोर्टिंग और नई चीजों को जानना और उजागर करने का शौक।

Next Story