×

HP Assembly Election 2022: हिमाचल पर 70 हजार करोड़ का कर्ज, 15 लाख युवा बेरोजगार- बीजेपी पर बरसीं प्रियंका

HP Assembly Election 2022: चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जनसभा में बीजेपी पर हमला करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश घाटे में है। 30 लाख युवा बेरोजगार हैं।

Krishna Chaudhary
Published on: 10 Nov 2022 10:57 AM GMT
On the last day of Himachal Pradesh election campaign, Priyanka Gandhi surrounded BJP on the issue of debt and unemployment
X

हिमांचल प्रदेश चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रियंका गांधी ने कर्ज और बेरोजगार के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा: Photo- Social Media

HP Assembly Election 2022: हिमाचल प्रदेश में आज चुनाव (Himachal Pradesh election) प्रचार का आखिरी दिन है। गुरूवार शाम पांच बजे चुनावी प्रचार का शोर थम जाएगा। लिहाजा सियासी दलों ने आज अपनी पूरी ताकत झोंक दी। बीजेपी और कांग्रेस के स्टार प्रचारक जोर-शोर से प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। कांग्रेस की राष्ट्रय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) प्रचार के आखिरी दिन सत्ताधारी बीजेपी (BJP) पर जमकर बरसीं। उन्होंने सतोन में कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में रैली करते हुए जनता से समर्थन मांगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश घाटे में है। राज्य पर 70 हजार करोड़ रूपये का कर्ज है। हिमाचल में 30 लाख युवा हैं, जिनमें से 15 लाख बेरोजगार हैं। उन्होंने मंच से बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जिस दिन हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनेगी, पहली कैबिनेट की बैठक में 1 लाख युवाओं को रोजगार देने का फैसला लिया जाएगा।

ओपीएस लागू करेंगे

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा बना ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) को लेकर भी प्रियंका गांधी ने बड़ा ऐलान किया है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पार्टी की सरकार बनने पर कैबिनेट की पहली बैठक में ओपीएस पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास बड़े लोगों के कर्ज माफ करने के लिए पैसे हैं लेकिन कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए पैसे नहीं हैं।

अमित शाह भी गरजे

प्रचार के आखिरी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी हिमाचल प्रदेश पहुंचे। कांगड़ा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही हिमाचल प्रदेश में कॉमन सिविल कोड लागू किया जाएगा। शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि अब राजा रानियों का दौर चला गया। अब केवल वही शासन करेगा, जो जनता के लिए कार्य करेगा। कांग्रेस विकास के नाम पर वोट नहीं मांगती, वहां परिवारवाद हावी है।

हिमाचल चुनाव का कार्यक्रम

बता दें कि दो दिन बाद यानी 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए एकसाथ मतदान होगा। नतीजे 8 दिसंबर को गुजरात के साथ आएंगे। बता दें कि लंबे समय से हिमाचल प्रदेश में पांच साल पर सत्ता पलटने का रिवाज रहा है। इस बार देखना दिलचस्प होगा कि क्या बीजेपी उत्तराखंड की तरह लंबे समय से चली आ रही इस परंपरा को तोड़ती है या कांग्रेस सत्ता में वापसी करती है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story