×

Aaj Ka Mausam: यूपी समेत दिल्ली में भीषण ठंड का कहर जारी, मैदानी इलाकों में घने कोहरे का सितम

Weather Update Today 8 January 2023: उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे ने कहर बरपा रखा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भीषण ठंड का रेड अलर्ट जारी किया है।

Anshuman Tiwari
Published on: 8 Jan 2023 3:46 AM GMT (Updated on: 8 Jan 2023 7:15 AM GMT)
Weather Update Today
X

Weather today (सोशल मीडिया)

Weather Update Today 8 January 2023: उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे ने कहर बरपा रखा है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चल रही शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान यहां भीषण ठंड का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम के जानकारों के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। इसके साथ ही गंगा के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है। इससे लोगों की मुसीबत और बढ़ेगी।

भीषण ठंड की गिरफ्त में यूपी

उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल हैं। शुक्रवार की रात मथुरा के फरह में न्यूनतम पारा एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सीजन के दौरान प्रदेश में किसी भी स्थान का न्यूनतम तापमान है। कानपुर, सोनभद्र और अयोध्या में भी भीषण ठंड पड़ रही है और तीनों स्थानों पर न्यूनतम पारा 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया। मौसम के जानकारों का कहना है कि पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में भीषण ठंड पड़ रही है। भीषण ठंड के साथ ही कई इलाकों में घना कोहरा भी छाए रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरा

राजधानी दिल्ली में इन दिनों भीषण ठंड की गिरफ्त में है। शनिवार को राजधानी में शीतलहर में बढ़ोतरी दिखी और दिल्ली यूनिवर्सिटी के पास न्यूनतम पारा 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 9 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को हल्की राहत मिल सकती है। दिल्ली में घने शीतलहर के साथ घने कोहरे का प्रकोप भी दिख रहा है। शनिवार को विजिबिलिटी 50 मीटर तक घट जाने के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ।

पंजाब-हरियाणा में ठंड और घना कोहरा

पश्चिमोत्तर भारत में शनिवार को भी भीषण ठंड और घने कोहरे का प्रकोप बना रहा। घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात भी काफी प्रभावित हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमोत्तर भारत में अगले 4 दिनों तक मौसम खुश्क बने रहने के साथ ही घने कोहरे का प्रकोप भी दिखेगा। इसके साथ ही शीतलहर भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनी रहेगी। पंजाब के कई जिलों में भीषण ठंड का प्रकोप बने रहने से न्यूनतम पारा चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दूसरी ओर हरियाणा भी भीषण ठंड और घने कोहरे की समस्या से जूझ रहा है। यहां भी न्यूनतम पारा 2 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। नारनौल में न्यूनतम पारा 2 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में बच्चों के स्कूल बंद

पंजाब में कड़ाके की ठंड के कारण बच्चों के स्कूल 14 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। नौवीं से बारहवीं तक के बच्चों के स्कूल का टाइमिंग भी बदल दिया गया है। 9 जनवरी से बड़े बच्चों की पढ़ाई सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक होगी। पंजाब के विभिन्न जिलों में घना कोहरा भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बना हुआ है और सामान्य जनजीवन इससे काफी प्रभावित हुआ है।

मध्य प्रदेश में शीतलहर से लोग बेहाल

मध्यप्रदेश में भी शीतलहर ने लोगों को बेहाल कर रखा है। मध्य प्रदेश के नौगांव में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम पारा 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पर्यटकों का चहेते स्थल खजुराहो और उमरिया में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और यहां न्यूनतम पारा 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल के साथ राज्य के प्रमुख शहरों में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। मध्य प्रदेश में नए साल की शुरुआत से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड के साथ ही घना कोहरा भी लोगों की मुसीबत बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी प्रदेश को शीतलहर से निजात नहीं मिलने वाली है। राज्य के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

जम्मू कश्मीर में बर्फबारी की आशंका

जम्मू कश्मीर में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने का कारण शनिवार को लोगों को थोड़ी राहत मिली। वैसे मौसम विभाग का कहना है कि हालात फिर बिगड़ने की आशंका है क्योंकि अब कुछ दिनों तक बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। श्रीनगर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वैसे यहां हालत में थोड़ा सुधार दिखा क्योंकि उससे पहले दिन न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से राज्य में हल्की बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है। रविवार को राज्य में हिमपात होने की 75 फीसदी संभावना है जिससे राज्य के लोगों की मुसीबत एक बार फिर बढ़ सकती है। जम्मू में भी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है।

इन इलाकों में दिखेगी शीतलहर

अगले चौबीस घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक रविवार को शाम से बारिश और बर्फबारी की तीव्रता और फैलाव बढ़ने की आशंका है। गंगा के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। वैसे दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इसकी तीव्रता में कमी आने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर और पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति जारी रह सकती है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story