TRENDING TAGS :
Bihar Election Result: मोकामा में 'छोटे सरकार' फिर आगे! अनंत सिंह ने बनाई बढ़त, क्या टूटेगा रिकॉर्ड?
Bihar Election Result: मोकामा विधानसभा सीट पर अनंत सिंह, वीणा देवी और पीयूष प्रियदर्शी के बीच कड़ा मुकाबला। जानें उम्मीदवारों की प्रोफाइल और 2025 चुनाव की पूरी जानकारी।
Bihar Election Result: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे 14 नवंबर को आ रहे हैं। इस बार राज्य में दो चरणों, 6 और 11 नवंबर, में वोटिंग हुई थी, जिनमें कुल 243 सीटों पर मुकाबला हुआ। इन सभी सीटों में से सबसे ज़्यादा चर्चा में रहने वाली सीटों में एक है मोकामा। इस बार भी मोकामा की राजनीति काफी दिलचस्प रही और मुकाबला दो प्रभावशाली नामों के बीच देखा गया। अब खबर आ रही है कि अनंत सिंह मोकामा से आगे चल रहे हैं।
मोकामा के उम्मीदवार कौन हैं?
मोकामा सीट से जदयू के उम्मीदवार अनंत सिंह मैदान में हैं। वहीं, उनके सामने राजद की ओर से सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी चुनाव लड़ रही हैं। इसके अलावा जन सुराज पार्टी की तरफ़ से पीयूष प्रियदर्शी भी अपनी किस्मत आज़मा रहे हैं। कुल मिलाकर इस सीट से आठ उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। मोकामा में वोटिंग पहले चरण में 6 नवंबर को हुई थी। अनंत सिंह और सूरजभान सिंह दोनों ही भूमिहार समुदाय से आते हैं, और मोकामा में इस समाज के मतदाता बड़ी संख्या में मौजूद हैं। यही वजह है कि भूमिहार वोट बैंक यहां की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाता रहा है।
मोकामा सीट की पृष्ठभूमि
पटना जिले से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित मोकामा लंबे समय से बाहुबली नेताओं का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। यहां का नाम आते ही लोगों को सबसे पहले अनंत सिंह याद आते हैं। उनकी इस इलाके में मजबूत पकड़ रही है अनंत सिंह 2005 से लगातार इस सीट पर जीत दर्ज करते आए हैं। साल 2020 में उन्होंने राजद के टिकट पर मोकामा सीट जीती थी, लेकिन 2022 में एक आपराधिक मामले में सजा के बाद उनकी विधायकी समाप्त हो गई। उनके बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने जीत दर्ज की और बाद में वे जदयू में शामिल हो गईं। इस बार अनंत सिंह जदयू के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी ओर, मोकामा की राजनीति में एक और बड़ा नाम है, सूरजभान सिंह। उन्होंने अपनी राजनीतिक शुरुआत 2000 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मोकामा से की थी और तभी जीत हासिल की थी। अब इस बार उनकी पत्नी वीणा देवी ने अनंत सिंह को चुनौती देने के लिए मैदान संभाला है।


