×

बांद्रा मामला: साइबर सेल की नजर में 30 सोशल मीडिया अकाउंट्स, कर रहे हैं ऐसा काम

मुंबई की साइबर पुलिस ने ऐसे 30 सोशल मीडिया एकाउंट्स की पहचान की है जिन्होंने ट्रेन सेवाओं को लेकर अफवाह फैलाई थी

suman
Published on: 15 April 2020 4:28 PM GMT
बांद्रा मामला: साइबर सेल की नजर में 30 सोशल मीडिया अकाउंट्स, कर रहे हैं ऐसा काम
X

मुंबई पुलिस के अनुसार कोरोना वायरस के देश भर में लागू लॉकडाउन के चलते कई साइबर क्रिमिनल और असामाजिक तत्व समाज में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और शांति को भंग कर रहे है। मुंबई की साइबर पुलिस ने ऐसे 30 सोशल मीडिया एकाउंट्स की पहचान की है जिन्होंने ट्रेन सेवाओं को लेकर अफवाह फैलाई थी जिसके बाद बांद्रा स्टेशन पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।

पुलिस के मुताबिक वह राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख के निर्देशों का पालन करते हुए लगातार कोरोना वायरस को लेकर फैलाए जा रहे फेक न्यूज़ और अफवाहों पर नजर रखे हुए है। महाराष्ट्र साइबर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, ट्विटर, टिकटॉक, इंस्टाग्राम समेत ऐसी तमाम ऐप पर सात दिन 24 घंटे फेक न्यूज़, अफवाह आदि पर नजर बनाए हुए है।

यह पढ़ें...बनारस का ये नेक शख्स: मां की तेरहवीं में किया ऐसा, बन गई मिसाल

ऐसे करती है पुलिस फेक न्यूज पर काम

अगर कोई यूज़र फेक न्यूज़ या अफवाह फैलाता है तो पुलिस सबसे पहले उसकी लोकेशन डिटेक्ट करती है इसके बाद स्थानीय पुलिस से संपर्क कर इस पर जरूरी कानूनी एक्शन लेती है। 14 अप्रैल तक पुलिस के पास ऐसे 201 केस थे। इस सभी केसों में लोग कोरोना वायरस को लेकर फेक न्यूज़ फैला रहे थे। महाराष्ट्र में दर्ज हुए सभी मामलों में 99 केस वॉट्सऐप पर आक्रामक मेसेज भेजे जाने के थे, 66 मामलों पर फेसबुक पर घृणास्पद मेसेज भेजे गए थे जबकि 3 मामलों में टिकटॉक पर ऐसे ही वीडियो अपलोड किए गए थे। वहीं 37 मामलों में यूट्यूब पर ऐसे ही घृणा फैलाने वाले मेसेज और फेक न्यूज़ शेयर की गई थीं। अब तक 35 लोगों को इस संबंध में गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि 114 लोगों की गिरफ्तारी के लिए पहचान कर ली गई है।

महाराष्ट्र साइबर सेल ने बताया कि ऐसे लोगों की पहचान की है जो फेक न्यूज़ फैला रहे हैं इसी के साथ उसने मुंबई पुलिस को भी इस संबंध में जानकारी दी है। ये लोग कानून व्यवस्था को बिगाड़ने के लिए सोशल मीडिया पर कोविड19 से जुड़े मामलों को धार्मिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।

यह पढ़ें...पठानकोट के शेल्टर होम में ठहराए गए शरणार्थी भूख हड़ताल पर बैठे

बांद्रा केस की पहचान हो गई

बांद्रा से जुड़े केस में महाराष्ट्र साइबर ने उन लोगों की पहचान कर ली है जो कि फेक न्यूज़ और अफवाह फैलाने और मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी देने के लिए जिम्मेदार हैं। इसमें 3 विभिन्न प्लेटफॉर्म्स जिसमें न्यूज़ चैनल भी शामिल हैं।

पुलिस फेक वॉट्सऐप मेसेज और वीडियो बनाने वालों उन्हें फैलाने वालों और ग्रुप के एडमिन के खिलाफ सख्त एक्शन लेगी।

लोगों से की ये अपील

महाराष्ट्र साइबर ने लोगों से फेक न्यूज या अफवाह न फैलाने की अपील की है। उनका कहना है कि किसी भी खबर या मेसेज को शेयर करने से पहले अपने स्तर पर उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।

बता दें मंगलवार को मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर सैकड़ों की तादद में प्रवासी मजदूर इकट्ठा हो गए थे। जानकारी मिली थी कि इन लोगों को बताया गया था कि मंगलवार को लॉकडाउन खत्म हो जाएगा और ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी जिसके बाद बांद्रा रेलवे स्टेशन से इन मजदूरों को ट्रेन के माध्यम से घर भेज दिया जाएगा।

suman

suman

Next Story