×

Delhi Election Result: BJP को 40 सीटों का फायदा और AAP को 40 का नुकसान, Congress ने लगाई जीरो की हैट्रिक

Delhi Election Result 2025: दिल्ली में विधानसभा के 70 सीटें हैं और पार्टी ने इनमें से 48 सीटों पर जीत हासिल करते हुए आम आदमी पार्टी को करारा झटका दिया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 8 Feb 2025 7:05 PM IST
Delhi News, Delhi Election Result, Aam Aadmi Party, BJP Seat, AAP Seat, Congress Seat, Aam Aadmi Party Anna Hazare ka bayan hindi Me delhi election result 2025, BJP, Arvind Kejriwal, delhi election result,delhi election 2025, delhi election results 2025
X

BJP को 40 सीटों का फायदा और AAP को 40 का नुकसान,कांग्रेस ने लगाई जीरो की हैट्रिक (Photo- Social Media)

Delhi Election Result: दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा इस बार 27 साल का सूखा खत्म करने में कामयाब रही है। दिल्ली में विधानसभा के 70 सीटें हैं और पार्टी ने इनमें से 48 सीटों पर जीत हासिल करते हुए आम आदमी पार्टी को करारा झटका दिया है। दिल्ली में सरकार बनाने का दावा करने वाली आप को शर्मनाक हार झेलनी पड़ी है और पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर सिमटती दिख रही है।

यदि दिल्ली में पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजे से इस बार के नतीजे की तुलना की जाए तो भाजपा को इस बार 40 सीटों का फायदा हुआ है जबकि आम आदमी पार्टी को 40 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा है। दूसरी ओर कांग्रेस ने लगातार तीसरे विधानसभा चुनाव में फिसड्डी रहकर जीरो की हैट्रिक लगा दी है। पार्टी को इस बार के विधानसभा चुनाव से काफी उम्मीदें थीं मगर दिल्ली में इस बार भी पार्टी का खाता नहीं खुल सका है।

2015 में आप का ऐतिहासिक प्रदर्शन

दिल्ली के चुनावी अखाड़े में उतरने के बाद आप को इस बार सबसे कम सीटें मिली हैं। 2013 के विधानसभा चुनाव में आप 28 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही थी जबकि भाजपा को 31 सीटें मिली थीं। कांग्रेस सिर्फ आठ सीटों पर सिमट गई थी। उस समय आप ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई थी मगर यह सरकार 49 दिन ही चल सकी थी।

2015 के विधानसभा चुनाव में आप ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए दिल्ली की 70 में से 67 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करते हुए भाजपा को करारी चोट दी थी। भाजपा को सिर्फ तीन सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका था।

2020 में भी आप ने दिखाई थी ताकत

इसके बाद 2020 के विधानसभा चुनाव में भी अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आम आदमी पार्टी ने अपना दबदबा बनाए रखा था। 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान आप को सिर्फ पांच सीटों का नुकसान उठाना पड़ा था और पार्टी ने 62 सीटों पर जीत हासिल करके भाजपा और कांग्रेस को करारी शिकायत दी थी। भाजपा सिर्फ आठ सीटों पर सिमट गई थी जबकि 2020 में भी कांग्रेस अपना खाता खोलने में कामयाब नहीं हो सकी थी।

हालांकि 2020 का चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी कई तरह के विवादों में फंस गई। दिल्ली का शराब घोटाला आम आदमी पार्टी के गला की फांस बन गया और इस कारण पार्टी के बड़े नेताओं अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को जेल की हवा भी खानी पड़ी। 2020 के चुनाव के बाद आप पर जन समस्याओं की अनदेखी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगे।

इस बार 40 सीटों का बड़ा नुकसान

अब बात यदि मौजूदा विधानसभा चुनाव की की जाए तो इस बार भाजपा भारी फायदे में दिख रही है जबकि आप को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। 2020 में 62 सीटों पर जीत हासिल करने वाली आप इस बार सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई है और इस तरह पार्टी को 40 सीटों का बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है।

पार्टी के सबसे बड़े चेहरे अरविंद केजरीवाल को भी हार का मुंह देखना पड़ा है। उनके अलावा मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, सौरभ भारद्वाज, दुर्गेश पाठक और कई अन्य पार्टी नेताओं को भी हार झेलनी पड़ी है। पार्टी के बड़े चेहरों में सिर्फ मुख्यमंत्री आतिशी लाज बचाने में कामयाब हुई है।

भाजपा को हुआ 40 सीटों का फायदा

दूसरी ओर इस बार के चुनाव में भाजपा भारी फायदे में दिख रही है। पार्टी ने पिछले चुनाव में सिर्फ आठ सीटों पर जीत हासिल की थी मगर इस बार पार्टी की सीटों का आंकड़ा 48 पर पहुंच गया है और इस तरह भाजपा को 40 सीटों का बड़ा फायदा हुआ है। दिल्ली में बहुमत का आंकड़ा 36 सीटों का है और पार्टी ने बहुमत से 12 अधिक सीटें जीती हैं।

भाजपा ने 1993 के विधानसभा चुनाव में 53 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि इसके बाद के विधानसभा चुनावों में पार्टी को लगातार हार का मुंह देखना पड़ा और इस तरह इस बार पार्टी 27 साल का वनवास खत्म करने में कामयाब हुई है। कांग्रेस लगातार तीसरी बार अपना खाता खोलने में विफल साबित हुई है और पार्टी ने जीरो की हैट्रिक लगा दी है।



Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story