×

तो महात्‍मा गांधी को जल्‍द मिल सकता है सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान, इस देश में पेश होगा प्रस्‍ताव

sudhanshu
Published on: 20 Aug 2018 11:34 AM GMT
तो महात्‍मा गांधी को जल्‍द मिल सकता है सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान, इस देश में पेश होगा प्रस्‍ताव
X

न्‍यूयार्क: अमेरिका के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान से जल्‍द ही भारत के राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को नवाजा जा सकता है। इस संबंध में वहां की सांसद कैरोलिन मालोनी एक प्रस्‍ताव पेश करने वाली हैं। उनका दावा है कि उनके इस प्रस्‍ताव पर जरूर मुहर लगेगी और राष्‍ट्रपिता गांधी को उनके शांतिपूर्ण आंदोलनों के लिए इस सम्‍मान से जल्‍द नवाजा जाएगा।

ये सांसद रखेंगी प्रस्‍ताव

अमेरिका की प्रभावशाली सांसद कैरोलिन मालोनी ने कहा है कि वह महात्मा गांधी को मरणोपरांत अमेरिका के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ‘कांग्रेसनल स्वर्ण पदक’ दिए जाने के लिए एक ऐतिहासिक कानून पेश करेंगी। दुनिया भर में नागरिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन चलाने की प्रेरणा देने के लिए गांधी को यह सम्मान दिए जाने का प्रस्ताव रखा जाएगा।

न्यूयॉर्क से कांग्रेस सांसद कैरोलिन मालोनी ने 38 वें भारत दिवस परेड में यह घोषणा की। भारत के स्वतंत्रता दिवस का वार्षिक जश्न मनाने के लिए इस दिन का आयोजन कल हुआ था। मालोनी ने परेड के दौरान बताया कि, “गांधी ने कई लोगों को प्रभावित किया जिन्हें न्याय के लिए उनके गैर हिंसक नेतृत्व के आधार पर पहले ही यह पदक मिल चुका है, जैसे मार्टिन लूथर किंग जूनियर और नेल्सन मंडेला को। यह सब कुछ महात्मा गांधी की शिक्षा पर आधारित था।“

उन्होंने कहा कि वह जल्द ही कानून बनाने का प्रस्ताव पेश करेंगी और विश्वास जताया कि यह कानून सफल रहेगा। सांसद मालोनी ने कहा, ”गैर हिंसक विरोध के लिए महात्मा गांधी के ऐतिहासिक सत्याग्रह ने एक राष्ट्र और विश्व को प्रेरित किया। उनका उदाहरण हमें दूसरों की सेवा में खुद को समर्पित करने की ऊर्जा देता है। उनकी विरासत ने विश्व भर में नस्लीय समानता के लिए मार्टिन लूथर किंग जूनियर के आंदोलन से लेकर रंगभेद के खिलाफ नेल्सन मंडेला की लड़ाई तक, सामाजिक अधिकार आंदोलनों को प्रेरित किया’’। कांग्रेसनल स्वर्ण पदक पाने वाले गांधी पहले भारतीय होंगे। यह सम्मान अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन, मंडेला, मदर टेरेसा और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता रोजा पार्क्स को दिया जा चुका है।

sudhanshu

sudhanshu

Next Story