TRENDING TAGS :
NIA Charge Sheet: ‘डंकी रूट’ से अमेरिका भेजे जा रहे थे लोग, NIA ने दो तस्करों पर कसा शिकंजा
NIA Charge Sheet: राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने 'डंकी रूट' के ज़रिए भारत से अमेरिका में मानव तस्करी से जुड़े एक मामले में दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
NIA Charge Sheet: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 'डंकी रूट' के ज़रिए भारत से अमेरिका में मानव तस्करी से जुड़े एक मामले में दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। यह कार्रवाई जुलाई में की गई गिरफ्तारी के आधार पर की गई है।
आरोपियों की पहचान
एनआईए ने जिन दो लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है, उनकी पहचान सनी (धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश) और शुभम संधाल (पीरागढ़ी, दिल्ली) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों पर मानव तस्करी, धोखाधड़ी और हवाला लेनदेन के गंभीर आरोप हैं। इन्हें मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गोल्डी की गिरफ्तारी के करीब तीन महीने बाद पकड़ा गया।
पंजाब पुलिस की एफआईआर से शुरू हुई एनआईए की जांच
यह मामला सबसे पहले 18 फरवरी 2023 को पंजाब के तरनतारन जिले के गोइंदवाला थाने में दर्ज हुआ था। बाद में मार्च में एनआईए ने यह केस अपने हाथ में लिया और 13 मार्च को केस दर्ज कर जांच शुरू की।जांच में सामने आया कि सनी, वर्ष 2021 से 2023 के बीच मेक्सिको में रहकर सक्रिय रूप से मानव तस्करी में शामिल था। उसने गोल्डी और अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध बॉर्डर क्रॉसिंग, हिरासत और पैसों की वसूली का नेटवर्क खड़ा किया। सनी को हवाला और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से भुगतान प्राप्त होते थे।
भारत लौटकर भी जारी रखा लॉजिस्टिक्स और हवाला संचालन
2023 में भारत लौटने के बाद भी सनी लॉजिस्टिक्स कोऑर्डिनेशन और हवाला ट्रांजेक्शन के ज़रिए नेटवर्क को संभालता रहा।
वह सीधे ‘डंकी रूट’ से पीड़ितों को भेजने में शामिल रहा। शुभम संधाल, इस नेटवर्क का मुख्य हवाला एजेंट था। वह भारत, मैक्सिको और अमेरिका के बीच अवैध पैसों की व्यवस्था करता था। एनआईए की जांच से पता चला है कि शुभम, ग्राहकों से पैसे इकट्ठा करता था और उन्हें हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजता था।
एनआईए की कार्रवाई जारी, मानव तस्करी सिंडिकेट पर शिकंजा
एनआईए की यह जांच अब भी जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। एजेंसी का उद्देश्य ऐसे अवैध तस्करी सिंडिकेट्स को जड़ से खत्म करना है जो मासूम लोगों को झूठे वीजा और विदेश भेजने के वादों से ठगते और उनका शोषण करते हैं।
IANS इनपुट के साथ


