TRENDING TAGS :
Delhi: सलीमपुर हत्याकांड के पीछे 'लेडी डॉन'! हिंदू मकान बेचकर पलायन को मजबूर; हत्या के बाद कहां गायब भाजपा सरकार?
Delhi: हत्या के बाद स्थानीय निवासियों ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि दिल्ली में भी 'यूपी मॉडल' लागू किया जाए।
Delhi: राजधानी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शुक्रवार को 17 वर्षीय युवक कुनाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह सुबह दूध लेने के लिए घर से निकला था, उसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेरकर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कुनाल की मौके पर ही मौत हो गई।
इस सनसनीखेज हत्या से क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल है। चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के अनुसार, इस घटना में एक लड़की की भूमिका की भी बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हो रही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। सीलमपुर में 17 वर्षीय युवक कुनाल की हत्या के बाद परिवार शोक में डूबा है और इंसाफ की मांग कर रहा है। मृतक की मां प्रवीन और बड़ी बहन वंदना ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें केवल न्याय चाहिए। उन्होंने आरोपियों को फांसी की सज़ा देने की मांग की है।
सीलमपुर में हुए 17 वर्षीय युवक कुनाल की हत्या के मामले में अब ज़िकरा नाम की लड़की का नाम सामने आ रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ज़िकरा पहले से ही अपराध की दुनिया से जुड़ी मानी जा रही है और वह जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी ज़ोया के साथ रहा करती थी।
गौरतलब है कि ज़ोया को हाल ही में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके जेल जाने के बाद ज़िकरा ने अपना अलग गैंग खड़ा करने की कोशिश शुरू कर दी थी। फिलहाल ज़िकरा के साथ कुछ लड़के सक्रिय थे, और शुरुआती जांच में इन लड़कों के नाम ही कुनाल की हत्या से जुड़ते नजर आ रहे हैं।
हत्या पर क्या बोलीं सीएम रेखा गुप्ता
वहीं, हत्या पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "मेरी खुद पुलिस कमिश्नर से बात हुई है, जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उनकी खोज पुलिस कर रही है। हमें उम्मीद है कि उन्हें जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। परिवार के साथ न्याय होगा। किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अपना काम कर रही है।"
संयुक्त पुलिस आयुक्त, पूर्वी रेंज, दिल्ली पुष्पेंद्र कुमार बोले, कल शाम सीलमपुर के जे-ब्लॉक में एक 17-18 वर्षीय युवक की चाकू से हत्या कर दी गई थी। आरोपियों की पहचान हो गई है। जल्द गिरफ़्तारी कर ली जाएगी। जांच जारी है। 2 लोगों के नाम सामने आए हैं जिनकी गिरफ़्तारी जल्द की जाएगी। अगर किसी अन्य व्यक्ति का नाम सामने आता है, उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि दिल्ली में भी 'यूपी मॉडल' लागू किया जाए। कई लोगों ने बुलडोजर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, "गलत लोगों के घरों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।" कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि वे बीजेपी समर्थक होने के कारण टारगेट किए जा रहे हैं। स्थानीय महिलाओं ने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में रहने वाले कुछ लोग खासतौर पर बांग्लादेशी नागरिक अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं।
इलाके में दहशत, हिंदू परिवारों में असुरक्षा की भावना
हत्या के बाद इलाके में आक्रोश है। कई हिंदू परिवारों ने खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए अपने घरों के बाहर "यह मकान बिकाऊ है" के पोस्टर लगा दिए हैं। इन पोस्टरों में लिखा गया है, "योगी जी, मदद करो... रेखा गुप्ता जी, मदद कीजिए।" यह साफ इशारा कर रहा है कि लोगों में डर इतना है कि वे पलायन का मन बना रहे हैं।
स्थानीय लोगों का विरोध-प्रदर्शन, पुलिस जांच जारी
हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और न्याय की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, पुलिस ने फिलहाल हत्या के मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सवाल यह है कि क्या राजधानी के बीचोंबीच हुई इस हत्या से कानून व्यवस्था पर सवाल नहीं उठते? और क्या प्रशासन पीड़ित परिवार और डरे हुए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिला पाएगा?