Smoking in Flight: एक और यात्री विमान के बाथरूम में सिगरेट पीते गिरफ्तार

Smoking in Flight: गुवाहटी से बेंगलुरू आ रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट में एक यात्री को सिगरेट पीने के आरोप में बेंगलुरू से गिरफ्तार किया गया है। एक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी शख्स की पहचान 20 वर्षीय सेहरी चौधरी के रूप में हुई है। 

Smoking in Flight: एक और यात्री विमान के बाथरूम में सिगरेट पीते गिरफ्तार
Smoking in Flight (Photo: Social Media)
Follow us on

Smoking in Flight: विमानों में यात्रियों के अजीबोगरीब कारनामे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। चाहे किसी पैसेंजर के ऊपर पेशाब कर देने का मामला हो या वॉशरूम में सिगरेट जलाने का मामला, ऐसा कोई हफ्ता शायद ही बीतता है जिसमें इस तरह के मामले सामने न आते हों। इसी क्रम में एक और मामला सामने आया है। गुवाहटी से बेंगलुरू आ रही इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट में एक यात्री को सिगरेट पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी शख्स की पहचान 20 वर्षीय सेहरी चौधरी के रूप में हुई है। वह असम के कछार जिले के गोविंदपुरा गांव का रहने वाला है। क्रू मेंबर्स ने उसे फ्लाइट के बाथरूम में सिगरेट पीते हुए पकड़ा था। विमान के बेंगलुरू स्थित केंपेगौड़ा एयरपोर्ट पर लैंड करते ही उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

आरोपी पर विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मामला
बेंगलुरू पुलिस ने आरोपी सेहरी चौधरी पर कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। उस पर विमान में सवार अन्य यात्रियों का जीवन खतरे में डालने का आरोप लगाया गया है। उस पर आईपीसी की धारा 336 और प्रेशन ऑफ अनलॉफुल एक्ट्स अगेन्स्ट सेफ्टी ऑफ सिविल एविएशन एक्ट की धारा 3(1)(सी) के तहत केस दर्ज किया गया है।

आरोपी को फिलहाल न्यायिक हिरासत में रखा गया है, उसे परप्पाना अग्रहारा केंद्रीय जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक बेंगलुरू के एक मॉल में कपड़ों की दुकान पर असिस्टेंट मैनेजर था। पिछले साल वह अपने होम-टाउन शिफ्ट हो गया था। लेकिन रोजगार नहीं मिलने के बाद वह फिर से बेंगलुरू काम की तलाश में जा रहा था। 

इंडिगो फ्लाइट में यह दूसरी घटना
इंडिगो फ्लाइट के बाथरूम में सिगरेट पीने का ये पहला मामला नहीं है। 15 दिन पहले कोलकाता-बेंगलुरू फ्लाइट में ठीक इसी तरह का मामला सामने आया था। एक 24 वर्षीय महिला यात्री को क्रू मेंबर्स ने सिगरेट पीते हुए पकड़ा था। उड़ान के दौरान महिला वॉशरूम गई थी। थोड़ी देर में क्रू मेंबर्स ने देखा कि लैवेटरी से धुंआ उठ रहा है, जाकर देखा तो पता चला कि महिला ने बिना बुझी सिगरेट का टुकड़ा डस्टबिन में फेंक दिया था।

जिसे क्रू ने पानी डालकर बुझाया। विमान के बेंगलुरू में लैंड होते ही आरोपी महिला प्रियंका चक्रवर्ती को पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रियंका पश्चिम बंगाल के सियालदह की रहने वाली थी। कुछ दिनों पहले एयर इंडिया की एक इंटरनेशनल फ्लाइट में भी एक अमेरिकी य़ात्री को सिगरेट पीते हुए पकड़ा गया था, जिसे मुंबई में विमान के लैंड होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।