TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

IPL 2022: धोनी की अगुवाई में पटरी पर लौटी CSK, माही ने तोड़ा राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड

IPL 2022: हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में उतरते ही माही ने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ते हुए एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Monika
Published on: 2 May 2022 4:07 AM GMT
MS Dhoni
X

महेंद्र सिंह धोनी (photo : social media ) 

IPL 2022: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी संभाल ली है। उनके कप्तानी संभालने के बाद सीएसके की टीम पटरी पर लौटती दिखी और पहले ही मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 13 रनों से हराने में कामयाब रही। हालांकि इस जीत में सीएसके के सलामी बल्लेबाजों ऋतुराज गायकवाड़ (99) और डेवन कॉनवे (85 नाबाद) की बड़ी भूमिका रही मगर धोनी की चतुराई भरी कप्तानी भी काफी मददगार बनी। सीएसके की टीम को इस सीजन में तीसरी जीत हासिल हुई है।

हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में उतरते ही माही ने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ते हुए एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब धोनी T20 क्रिकेट मैच में कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ के नाम दर्ज था।

टूर्नामेंट के बीच में कप्तान बने धोनी

धोनी ने आईपीएल के मौजूदा सीजन की शुरूआत से दो दिन पहले कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था और उसके बाद टीम इंडिया के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को सीएसके की कप्तानी सौंपी गई थी। धोनी की कप्तानी में सीएसके की टीम चार बार आईपीएल चैंपियन बन चुकी है। इसलिए उनका कप्तानी छोड़ने का फैसला क्रिकेट फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं था।

जडेजा की कप्तानी में सीएसके की टीम का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा और टीम को आठ में से छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इसीलिए टूर्नामेंट के बीच में ही जडेजा ने कप्तानी छोड़कर अपने खेल पर फोकस करने का फैसला किया। इसके बाद सीएसके मैनेजमेंट की ओर से माही को एक बार फिर कप्तानी सौंपने का फैसला किया गया और धोनी ने यह चुनौती स्वीकार कर ली। धोनी ने अपनी कप्तानी में पहले मैच के दौरान ही टीम को जीत दिलाने में कामयाबी हासिल की।

सलामी बल्लेबाजों का कमाल

वैसे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सीएसके को मिली जीत में ऋतुराज गायकवाड़ और कॉनवे की सलामी जोड़ी की बड़ी भूमिका रही। इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 107 गेंदों में 182 रनों की साझेदारी निभाकर हैदराबाद को बैकफुट पर धकेल दिया। गायकवाड़ ने 57 गेंदों में 99 रनों की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने 6 चौके और इतने ही छक्के भी जड़े।

दूसरी ओर कॉनवे 55 गेंदों पर 85 रन बनाकर नाबाद रहे और इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के जड़े। धोनी अपनी बल्लेबाजी में ज्यादा कमाल नहीं दिखा सके और 7 गेंदों पर 8 रन ही बना सके और इस दौरान उन्होंने एक चौका लगाया। पूर्व कप्तान जडेजा 1 गेंद पर 1 रन बनाकर नाबाद रहे। सीएसके किस टीम ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट पर 202 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में हैदराबाद की टीम 6 विकेट पर 189 रन ही बना सकी।

निकोलस पूरन की शानदार बल्लेबाजी

हैदराबाद की ओर से निकोलस पूरन ने 33 गेंदों पर नाबाद रहते हुए 64 रन बनाए और इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 6 छक्के जड़े। इसके बावजूद वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। हैदराबाद की टीम के लिए केन विलियमसन ने 47 रनों की पारी खेली जबकि अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों पर तेजी से 39 रन बनाए। सीएसके की जीत में धोनी की चतुराई भरी कप्तानी की भी बड़ी भूमिका मानी जा रही है।

सबसे ज्यादा उम्र में कप्तानी

सीएसके की कप्तानी के लिए मैदान पर उतरने के साथ ही धोनी ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब धोनी T20 क्रिकेट में किसी टीम की कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय क्रिकेटर बन चुके हैं। धोनी ने 40 साल 298 दिनों की उम्र में एक बार फिर सीएसके की कप्तानी संभाली है। अभी तक यह रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम था जिन्होंने 40 साल 268 दिनों की उम्र में राजस्थान रॉयल्स की टीम की कप्तानी की थी।

अब धोनी सबसे ज्यादा उम्र में कप्तानी के मामले में द्रविड़ से आगे निकल गए हैं। एक और भारतीय क्रिकेटर सुनील जोशी 40 साल 135 दिनों की उम्र में कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story