×

हेमंत सोरेन को ED ने किया गिरफ्तार, चंपई सोरेन होंगे झारखंड के अगले CM...पेश किया सरकार बनाने का दावा

Jharkhand News: झारखंड में सियासी हलचल तेज है। ईडी की पूछताछ के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने गवर्नर को अपना इस्तीफा सौंप दिया। चंपई सोरेन झारखंड के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

aman
Report aman
Published on: 31 Jan 2024 3:51 PM GMT (Updated on: 31 Jan 2024 4:40 PM GMT)
Jharkhand News
X

हेमंत सोरेन और चंपई सोरेन (Social Media)

Hemant Soren News: झारखंड की राजधानी रांची से इस वक़्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले, सोरेन राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया। हेमंत सोरेन के बाद चंपई सोरेन झारखंड के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

चंपई सोरेन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) विधायक दल का नेता चुना गया है। चंपई सोरेन को झारखंड में 'टाइगर' नाम से भी जाना जाता है। मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि, 'हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर मीडिया में खबरें चलाई जा रही थीं, वो काल्पनिक थी।'

ED टीम हेमंत सोरेन को राजभवन से लेकर गई

झारखंड में सियासी तब पारा चरम पर आ गया जब ईडी टीम हेमंत सोरेन को राजभवन से लेकर रवाना हुई। जिसके बाद रांची में ईडी दफ्तर में हलचल बढ़ गई। ईडी ऑफिस की रस्सी से बैरिकेडिंग की गई। पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया। ईडी ने हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें रात 9:33 बजे अरेस्ट किया गया। उनकी गिरफ्तारी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के फ़ौरन बाद हुई। इससे पहले हेमंत सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया था, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया। इस मौके पर चंपई सोरेन भी वहां मौजूद थे।


JMM नेता जल्द चाहते हैं शपथ

झामुमो नेता और सोरेन सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि, 'चंपई सोरेन को हमारे विधायक दल का नेता चुना गया है। हमारे सभी विधायक राजभवन के पास जमा हैं। हमारी मांग है कि चंपई सोरेन को आज ही शपथ दिलाई जाए। मगर, गवर्नर हमें मिलने का समय नहीं दे रहे। आपको बता दें कि, चंपई सोरेन झारखंड की सरायकेला विधानसभा सीट से झामुमो विधायक हैं। हेमंत सोरेन सरकार वर्तमान में परिवहन, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री हैं। झारखंड के राज्यपाल से मुलाकात के बाद झामुमो विधायकों ने कहा कि, हेमंत सोरेन और विधायकों की तरफ से राज्यपाल को जानकारी दी गयी है कि महागठबंधन के सभी 47 विधायकों का समर्थन चंपई सोरेन के नाम पर है। शपथ का जल्द से जल्द समय मांगा गया है।

शिबू सोरेन के बेहद करीबी रहे हैं चंपई

जानकार बताते हैं कि, 62 वर्षीय चंपई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सुप्रीमो शिबू सोरेन के बेहद करीबी रहे हैं। वो साल 2005 से लगातार झारखंड विधानसभा के विधायक निर्वाचित होते रहे हैं। चंपई सोरेन ने वर्ष 1991 में पहली बार सरायकेला विधानसभा सीट के उपचुनाव के दौरान बतौर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। उसके बाद 2005 से वह सरायकेला विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। चंपई की गिनती सोरेन परिवार के विश्वासपात्रों में होती रही है।

कौन हैं चंपई सोरेन?

चंपई सोरेन की शैक्षणिक योग्यता के बारे में बात करें तो वह मैट्रिक पास हैं। उनका जन्म 1 नवंबर, 1956 में हुआ था। चंपई के पिता का नाम सेमल सोरेन है, जबकि उनकी माता का नाम मादो सोरेन है। उनकी पत्नी का नाम मानको सोरेन है। चंपई सोरेन पहले अर्जुन मुंडा के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। चंपई सोरेन के कुल 7 बच्चे हैं, इनमें तीन बेटियां और चार बेटे हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story