TRENDING TAGS :
Jharkhand Election 2024 : बीजेपी ने 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जानिए किसे कहां से मिला टिकट?
Jharkhand Election 2024 : झारखंड चुनाव के लिए भाजपा की पहली उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। बाबूलाल मरांडी को धनवार से टिकट दिया है।
Jharkhand Election 2024 : झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में 66 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को धनवार से टिकट दिया गया है। वहीं, पूर्व सीएम चंपई सोरेन को सरायकेला से और उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को घाटशिला (सुरक्षित) सीट से उम्मीदवार बनाया है।
झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगा, शेष सीटें NDA गठबंधन के सहयोगियों के लिए छोड़ दी है। बीजेपी ने शनिवार को 66 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जबकि दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है। इस सूची में बीजेपी ने 66 में 11 महिलाओं को टिकट दिया है। इसके साथ कई प्रमुख नेताओं के भी नाम शामिल है।
इन बड़े चेहरों को दिया टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन की बड़ी बहू एवं सीएम हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को जामताड़ा से टिकट दिया है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को पोटका (सुरक्षित) से मैदान में उतारा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं और ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास की बहू पूर्णिमा दास को जमशेदपुर पूर्व से टिकट दिया गया है। पूर्व सीएम चंपई सोरेन और उनके बेटे बाबूलाल सोरेन को भी मौका दिया गया है, उन्हें क्रमश: सरायकेला और घाटशिला (सुरक्षित) सीट से मैदान उतारा गया है।
दो चरणों में होगा मतदान
बता दें कि एनडीए ने शुक्रवार को अपने सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा की थी। यहां भाजपा 68 सीटों पर, आजसू 10 सीटों पर, जबकि जेडी (यू) दो सीटों पर और एलजेपी (रामविलास) एक सीट पर चुनाव लड़ेगी। यहां 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के लिए 13 और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान होंगे, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।




