×

Maharashtra Police Recruitment: पुलिस में भर्ती के लिए ट्रांसजेंडर कैंडिडेट्स ने पास की फिजिकल टेस्ट, पहली बार हुआ ऐसा

Maharashtra Police Recruitment: महाराष्ट्र पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, कुल 4 ट्रांसजेंडर कैंडिडेट्स ने शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

Krishna Chaudhary
Published on: 4 May 2023 2:42 PM GMT
Maharashtra Police Recruitment: पुलिस में भर्ती के लिए ट्रांसजेंडर कैंडिडेट्स ने पास की फिजिकल टेस्ट, पहली बार हुआ ऐसा
X
Maharashtra Police Recruitment (photo: social media )

Maharashtra Police Recruitment: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए आयोजित फिजिकल टेस्ट में ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों ने भी बाजी मारी है। महाराष्ट्र पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, कुल 4 ट्रांसजेंडर कैंडिडेट्स ने शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण की है। अब ये सेकेंड राउंड में होने वाली लिखित परीक्षा में शामिल होंगे जो कि सात मई को आयोजित होगी। महाराष्ट्र पुलिस में ऐसा पहली बार हो रहा है।

महाराष्ट्र पुलिस विभाग मुंबई पुलिस में कॉन्स्टेबल के 8070 रिक्त पदों पर भर्ती करने जा रही है। इसके लिए आयोजित पहले चरण की परीक्षा में लगभग 7 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। इनमें 83,745 कैंडिडेट्स फिजिकल टेस्ट क्वालिफाई करने में कामयाब रहे। पहले चरण के इन सफल अभ्यर्थियों में 4 ट्रांसजेंडर भी शामिल हैं।

इतने ट्रांसजेंडरों ने लिया था हिस्सा

महाराष्ट्र पुलिस ने पहली बार मुंबई पुलिस की भर्ती परीक्षा में ट्रांसजेंडरों को शामिल होने की अनुमति दी है। इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 16 ट्रांसजेंडर कैंडिडेट्स ने आवेदन दिया था। शारीरिक परीक्षा में उन्हें पुरूष या महिला कैंडिडेट्स के साथ कंपीट करने का विकल्प दिया गया था। अधिकांश ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों ने महिला श्रेणी में कंपीट करने का विकल्प चुना था।

7 ट्रांसजेंडर्स को किया गया था पास लेकिन...

पुलिस भर्ती बोर्ड ने शुरूआत में 7 ट्रांसजेंडर्स को फिजिकल टेस्ट में क्वालिफाई बताया था। पुलिस उपायुक्त तेजस्वी सतपुते द्वारा पुनर्मूल्यांकन करने के बाद 3 ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को सफल अभ्यर्थियों की सूची से निकाल दिया गया और 4 कैंडिडेट उत्तीर्ण घोषित किए गए। चारों सफल ट्रांसजेंडर कैंडिडेट अब सात मई को लिखित परीक्षा में बैठेंगे और जहां से फाइनल सेलेक्शन का मार्ग खुलेगा।

कुल मिलाकर महाराष्ट्र पुलिस का ये कदम निश्चित तौर पर एक प्रगतिशील कदम है। ट्रांसजेंडरों की ये बड़ी शिकायत रही है कि पुलिस के लोग उनके साथ सही तरीके से पेश नहीं आते। ऐसे में मुंबई जैसे मेट्रो शहर की पुलिस में ट्रांसजेंडरों की भर्ती इस समस्या को हल करने में काफी मददगार साबित होंगे।

Krishna Chaudhary

Krishna Chaudhary

Next Story