×

Karnataka Politics: अनंत कुमार की बेटी के ट्वीट से गरमाया सियासी माहौल

भाजपा के दिवंगत नेता अनंत कुमार की बेटी के ट्वीट के बाद पैदा हुई है। उन्होंने JDS को मजबूत राजनीतिक ताकत बताया

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Ragini Sinha
Published on: 30 July 2021 11:56 AM GMT
Karnataka Politics news
X

अनंत कुमार की बेटी के ट्वीट से गरमाया सियासी माहौल (twitter)

कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा की जगह बसवराज बोम्मई की सीएम पद पर ताजपोशी के बाद सियासी माहौल में एक नई गरमाहट दिख रही है। दरअसल यह गरमाहट भाजपा के दिवंगत नेता अनंत कुमार की बेटी के ट्वीट के बाद पैदा हुई है। अनंत कुमार की बेटी ने जनता दल सेक्युलर को एक बेहद मजबूत राजनीतिक ताकत बताया है।



उनके इस ट्वीट के बाद कर्नाटक में सियासी अटकलों का बाजार एक बार फिर गरमा गया है। अनंत कुमार भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे हैं और उन्होंने कर्नाटक में भाजपा को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में भी काम किया था। अब उनकी बेटी के ट्वीट ने राज्य में नया सियासी तूफान खड़ा कर दिया है।

अनंत कुमार ने बनाया था भाजपा को मजबूत

कर्नाटक में एक दिन पहले ही नए मुख्यमंत्री के रूप में बसवराज बोम्मई की ताजपोशी हुई है। बोम्मई को येदियुरप्पा की जगह भाजपा नेतृत्व की ओर से नए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि लिंगायत समुदाय से जुड़ा होने के कारण ही नेतृत्व की ओर से उनके नाम पर मुहर लगाई गई है। कर्नाटक में भाजपा को मजबूत बनाने में येदियुरप्पा के साथ दिवंगत अनंत कुमार ने भी बड़ी भूमिका निभाई थी। अब उनकी बेटी विजेता के ट्वीट ने राज्य में सियासी माहौल गरमा दिया है। विजेता ने अपने ट्वीट में कहा है कि कर्नाटक की राजनीति क्यों रुचिकर है। जद एस एक बहुत मजबूत राजनीतिक ताकत है। अपने ट्वीट पर की गई एक टिप्पणी के जवाब में उन्होंने कहा कि हर चीज को मापने का पैमाना सिर्फ सीटें नहीं हो सकतीं।

कुमारस्वामी ने किया स्वागत

अनंत कुमार की बेटी के ट्वीट के बाद जद एस के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने इसका स्वागत करने स्वागत करने में तनिक भी देर नहीं लगाई। उन्होंने इस टिप्पणी के लिए विजेता का शुक्रिया भी अदा किया। उन्होंने कहा कि मैं अपनी पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की ओर से उनका शुक्रिया अदा करता हूं।

उन्होंने यह भी कहा कि विजेता और उनकी मां तेजस्विनी अनंत कुमार यदि पार्टी में शामिल होना चाहें तो उनका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनंत कुमार की बेटी और उनकी पत्नी को भाजपा की ओर से महत्व नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने इसे लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पर इशारों में निशाना भी साधा।

कुमारस्वामी का कहना है कि आने वाले दिनों में कर्नाटक की राजनीति में कई बदलाव दिखाई पड़ेंगे और हर किसी को धैर्य के साथ उसका इंतजार करना चाहिए। उन्होंने खुलकर कहा कि यदि विजेता और उनकी मां तेजस्विनी हमारी पार्टी में आती हैं तो हम निश्चित रूप से उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं।

अनंत के परिजनों की उपेक्षा का आरोप

दरअसल भाजपा नेतृत्व पर अनंत कुमार के निधन के बाद उनके परिवार की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगता रहा है। बंगलुरु दक्षिण सीट से अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी भी टिकट की दावेदार थीं मगर भाजपा नेतृत्व की ओर से उन्हें टिकट नहीं दिया गया। उनकी जगह पार्टी ने तेजस्वी सूर्या को चुनाव मैदान में उतारा था। सूर्या लोकसभा का चुनाव जीतने में कामयाब रहे। हालांकि पार्टी नेतृत्व के इस कदम से तेजस्विनी नाराज बताई जा रही हैं। उनके समर्थकों में भी परिवार की उपेक्षा को लेकर काफी नाराजगी दिखती रही है। अब अनंत कुमार की बेटी के ट्वीट से एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story