TRENDING TAGS :
BBC Documentary Controversy: BBC की विवादित डॉक्यूमेंट्री पर कर्नाटक में बवाल, हिरासत में लिए गए बीजेपी नेता
BBC Documentary Controversy: एक कार्यक्रम में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की तैयारी चल रही थी, खबर मिलते ही सत्तारूढ़ बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
BJP leaders Left party in Tamil Nadu (photo: social media )
BBC Documentary Controversy: 2002 के गुजरात दंगों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका पर बनी बीबीसी की विवादित डॉक्यूमेंट्री पर घमासान जारी है। डॉक्यूमेंट्री को लेकर ताजा विवाद दक्षिणी राज्य कर्नाटक में हुआ है। जानकारी के मुताबिक, एक कार्यक्रम में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की तैयारी चल रही थी, खबर मिलते ही सत्तारूढ़ बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और हंगामा करने लगे। बवाल की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बीजेपी नेता समेत सात लोगों को हिरासत में ले लिया है।
दरअसल, पिछले दिन मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य में विभिन्न जगहों पर बीबीसी की इस डॉक्यूमेंट्री को दिखाने का ऐलान किया था। कर्नाटक कांग्रेस के प्रवक्ता एम.लक्ष्मण ने कहा था कि बीबीसी ने सच्चाई पर प्रकाश डाला है। जिस तरह कश्मीर फाइल्स मूवी को पूरे देश में दिखाया गया उसी तरह इस डॉक्यूमेंट्री को भी प्रदर्शित किया जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने बैन लगाने की याचिका खारिज की
पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट में गुजरात दंगों पर बनी बीबीसी की विवादित डॉक्यूमेंट्री को देश में बैन करने की मांग की थी। यह याचिका हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने दायर की थी। उन्होंने इस डॉक्यूमेंट्री को एक साजिश बताते हुए इसकी एनआईए से जांच कराने की मांग भी की थी। शीर्ष अदालत ने याचिका पर सुनवाई करते हुए इसे खारिज कर दिया था।
अदालत ने कहा था कि यह याचिका गलत है। सुप्रीम कोर्ट ऐसे आदेश कैसे पारित कर सकता है। डॉक्यूमेंट्री देश को कैसे प्रभावित कर सकती है। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील पिंकी आनंद पेश हुई थीं। उन्होंने कोर्ट में बीबीसी पर जानबूझकर छवि को खराब करने का आरोप लगाया था, जिसे अदालत ने मानने से इनकार कर दिया।
बता दें कि बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को लेकर देश के कई विश्वविद्यालयों में भारी बवाल हो चुका है। कुछ यूनिवर्सिटी कैंपस में हिंसक घटनाएं भी हुईं। बीजेपी जहां इस डॉक्यूमेंट्री का तीखी विरोध कर रही है, वहीं कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल इसका पुरजोर समर्थन कर रहे हैं।