×

Karnatka News: चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, पूर्व आईपीएस भास्कर राव ज्वाइन करेंगे बीजेपी

Karnatka News: कर्नाटक की राजनीति से विधानसभा चुनाव की आहट आने लगी है। राज्य में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। इसी के साथ दल-बदल का खेल भी शुरू हो गया है। इस दक्षिणी राज्य में पैर जमाने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी को चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है।

Krishna Chaudhary
Published on: 1 March 2023 3:57 AM GMT
Former IPS Bhaskar Rao
X

Former IPS Bhaskar Rao (Photo: Social Media)

Karnatka News: कर्नाटक की राजनीति से विधानसभा चुनाव की आहट आने लगी है। राज्य में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। इसी के साथ दल-बदल का खेल भी शुरू हो गया है। इस दक्षिणी राज्य में पैर जमाने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी को चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। कर्नाटक में पार्टी के बड़े नेता के तौर पर देखे जाने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी भास्कर राव आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। राव और बीजेपी ने इसकी पुष्टि कर दी है।

भास्कर राव ने पिछले साल ही आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया था। लेकिन मात्र 11 महीने में ही उनका पार्टी से मोहभंग हो गया। उन्होंने मंगलवार को राजस्व मंत्री और बीजेपी नेता आर अशोक से मुलाकात की थी। बताया जाता है कि इससे पहले उनकी तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष और पूर्व आईपीएस के अन्नामलाई और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ भी बैठक हुई थी।

भास्कर राव ने क्यों छोड़ी आप ?

भास्कर राव ने आईपीएस की नौकरी से त्यागपत्र देने के बाद पिछले साल अप्रैल में आम आदमी पार्टी को ज्वाइन किया था। राव में कर्नाटक में पार्टी के सबसे बड़े चेहरे के तौर पर उभरे थे। उन्हें हाल ही में घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था।

वह बसावनगुडी विधानसभा क्षेत्र से आप के संभावित उम्मीदवार के तौर पर देखे जा रहे थे। लेकिन आप के कर्नाटक ईकाई के नेताओं से मनमुटाव के कारण उन्होंने अपनी राह अलग कर ली। बताया जाता है कि संगठनात्मक परिवर्तनों से भी वह खुश नहीं थे।

बीजेपी को मिला ब्राह्मण चेहरा

ब्राह्मण जाति से आने वाले भास्कर राव राजधानी बेंगलुरू के ही रहने वाले हैं। राव एक चर्चित आईपीएस अधिकारी रहे हैं। ऐसे में बीजेपी उनके बहाने बेंगलुरू और आसपास के इलाकों में रहने वाले जाति विशेष के लोगों को अपने पाले में लाने की कोशिश करेगी।

खाकी उतारकर पहनी खादी

भास्कर राव 1990 बैच के कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। राव राज्य में पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण पदों पर काम कर रहे चुके हैं। वे बेंगलुरू ग्रामीण के एसपी, बेंगलुरू शहर के पुलिस आयुक्त, परिवहन विभाग के आयुक्त जैसे अहम पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कोरोना महमारी के दौरान उन्होंने पुलिस कमिश्नर रहते हुए उन्होंने लोगों की काफी मदद की थी। जिसके कारण उन्हें लोग पीपुल्स कमिश्नर कहकर बुलाने लगे।

भास्कर राव भी देश के उन पुलिस अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने खाकी उतारकर खादी पहनने का निर्णय लिया। सितंबर 2021 में उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, उनका इस्तीफा कई महीनों बाद अप्रैल 2022 में स्वीकार हुआ। इसके फौरन बाद दिल्ली की केजरीवाल सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थी।

बीजेपी आज शुरू कर रही विजय संकल्प यात्रा

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव होने में अब केवल दो माह शेष रह गए हैं। ऐसे में सत्तारूढ़ बीजेपी दक्षिण भारत के अपने एकमात्र किले को बचाए रखने की तैयारियों में जुट गई है। विपक्षी कांग्रेस से मिल रही कड़ी चुनौती को देखते पार्टी आज से चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर रही है।

बीजेपी आज से विजय संकल्प यात्रा शुरू कर रही है, जो 20 दिनों तक चलेगी। इस यात्रा की शुरूआत चार अलग-अलग जिलों से होगी। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अलग – अलग जगहों से इन्हें रवाना करेंगे। यात्रा के समापन के मौके पर राजधानी बेंगलुरू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैली होगा।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story