Karnataka: कर्नाटक में भाजपा की नई रणनीति, भारत जोड़ो यात्रा के जवाब में जन संकल्प यात्रा निकाली

Karnataka News: कांग्रेस को जवाब देने और सियासी नुकसान बचाने की रणनीति के तहत जन संकल्प यात्रा की शुरुआत कर दी है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 12 Oct 2022 7:31 AM GMT
BJP jan sankalp yatra
X

कर्नाटक में भाजपा की नई रणनीति (photo: social media )

Karnataka News: कर्नाटक में अगले साल अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच बड़ी सियासी जंग की जमीन तैयार हो गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे जन समर्थन के मद्देनजर भाजपा ने भी जवाबी रणनीति तैयार कर ली है। कांग्रेस को जवाब देने और सियासी नुकसान बचाने की रणनीति के तहत मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने जन संकल्प यात्रा की शुरुआत कर दी है।

दक्षिण भारत में कर्नाटक ही अकेला ऐसा राज्य है जहां मौजूदा समय में भाजपा की सत्ता है। कांग्रेस ने इस बार भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए कमर कस रखी है। इसी कारण भाजपा नेतृत्व भी अब सतर्क हो गया है। सियासी जानकारों का मानना है कि भारत जोड़ो यात्रा को जवाब देने के लिए ही जन संकल्प यात्रा की रणनीति तैयार की गई है। आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच सियासी घमासान और तेज होने के आसार है।

कांग्रेस में जगी सियासी मजबूती की उम्मीद

राहुल गांधी की अगुवाई में निकलने वाली भारत जोड़ो यात्रा को केरल के बाद कर्नाटक में भी अच्छा समर्थन हासिल हो रहा है। कर्नाटक में कांग्रेस के दो बड़े चेहरे डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया राहुल की यात्रा को कामयाब बनाने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं।

कांग्रेस में अध्यक्ष पद के मजबूत दावेदार माने जा रहे मल्लिकार्जुन खड़गे भी कर्नाटक से ही जुड़े हुए हैं। खड़गे को गांधी परिवार का आशीर्वाद हासिल होने के कारण उनकी जीत तय मानी जा रही है। उनकी जीत भी कर्नाटक में कांग्रेस के लिए फायदेमंद साबित होगी। इस कारण राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद बनती फिजां से कांग्रेस को अपने सियासी मजबूती की उम्मीद जगी है।

भाजपा की जवाबी रणनीति

सियासी रूप से मजबूत हो रही कांग्रेस को जवाब देने के लिए अब भाजपा ने भी लिए कमर कस ली है। इसी नजरिए से जन संकल्प यात्रा की रणनीति बनाई गई है। दक्षिण भारत में कर्नाटक ऐसा अकेला राज्य है जहां भाजपा की सत्ता है। भाजपा इस राज्य पर अपनी सियासी पकड़ कमजोर नहीं होने देना चाहती।

दूसरी ओर कांग्रेस को इस बार कर्नाटक से काफी उम्मीदें हैं। पार्टी के नेता राज्य में मेहनत करके पार्टी की सियासी स्थिति मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। कांग्रेस और भाजपा के बीच तेज होते सियासी संघर्ष में राज्य का तीसरा प्रमुख राजनीतिक दल जनता दल एस पिछड़ता हुआ नजर आ रहा है। वैसे राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी अपनी पार्टी को कमजोर मानने को तैयार नहीं है।

25 दिसंबर तक जारी रहेगी यात्रा

भाजपा की ओर से मंगलवार को शुरू की गई जन संकल्प यात्रा 25 दिसंबर तक जारी रहेगी। मुख्यमंत्री बोम्मई और पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेता येदियुरप्पा की अगुवाई में निकाली गई यह यात्रा राज्य की 52 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र और भाजपा के राज्य सरकारों की ओर से आम लोगों के कल्याण के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाने पर जोर देते रहे हैं।

भाजपा सूत्रों का कहना है कि इस यात्रा का यही मकसद है और इसके जरिए लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही जन संकल्प यात्रा के जरिए पार्टी अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाने में भी कामयाब हो सकती है।

येदियुरप्पा का राहुल पर बड़ा हमला

रायचूर जिले में मंगलवार को जन संकल्प यात्रा की शुरुआत करते हुए येदियुरप्पा ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को बच्चा बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को पूरी दुनिया सलाम कर रही है जबकि राहुल गांधी आलोचना करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राज्य की सत्ता हासिल करने का सपना देखना छोड़ देना चाहिए क्योंकि भाजपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में 150 सीटें जीतने में कामयाब होगी।

मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि पिछड़ों और दलितों का कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है और अब कांग्रेस को सिर्फ अल्पसंख्यकों का ही समर्थन हासिल है। बोम्मई ने कांग्रेस की ओर से संघ की आलोचना के मुद्दे पर कहा कि संघ एक राष्ट्रभक्त संगठन है और वह देश के विकास में जुटा हुआ है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story