×

गणतंत्र दिवस: सपा अध्यक्ष बोले- लाल किले से जो वादे किए गए, वो पूरे नहीं हुए

aman
By aman
Published on: 26 Jan 2018 6:20 AM GMT
गणतंत्र दिवस: सपा अध्यक्ष बोले- लाल किले से जो वादे किए गए, वो पूरे नहीं हुए
X
गणतंत्र दिवस: सपा अध्यक्ष बोले- लाल किले से जो वादे किए गए, वो पूरे नहीं हुए

लखनऊ: गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी दफ्तर पहुंचे। इसके बाद पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव भी पहुंचे। इस दौरान सपा अध्यक्ष ने देशवासियों से आज के दिन संविधान निर्माता और शहीदों को याद करने का आह्वान किया।

अपने सम्बोधन में अखिलेश यादव ने कहा, 'आज हम कई क्षेत्रों में दुनिया के अन्य देशों के बराबर खड़े हैं। लेकिन आज़ादी के इतने साल बाद भी कई सुविधाओं से वंचित हैं। बावजूद इसके आज़ाद भारत और मजबूत हो, हमें ऐसा प्रयास करना चाहिए। हमें पड़ोसी देशों से भी कुछ मामलों में पीछे हैं, उस ओर ध्यान देकर बेहतर बनना होगा।' इस दौरान मुलायम सिंह ने भी अपना सम्बोधन दिया, जिसमें उन्होंने कहा, 'जिस व्यक्ति में आलस और लालच नहीं होता है वही देश और प्रदेश का बड़ा नेता बनेगा। मैं अखिलेश को आशीर्वाद देता हूं।'

अमीरी और गरीबी की खाई बढ़ती ही जा रही

लेकिन जैसे-जैसे यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव का संबोधन बढ़ा वह धीरे-धीरे राजनीतिक होता चला गया। उन्होंने कहा, 'आज किसानों तक खुशहाली नहीं पहुंच रही है। देश में बेरोज़गारी बढ़ती ही जा रही है। उससे निपटना होगा। खुशहाली अभी भी नजर नहीं आ रही। अमीरी और गरीबी के बीच की खाई बढ़ती ही जा रही है। सरकारें अगर ध्यान नही देंगी, तो हम काफी पिछड़ जाएंगे।'

लाल किले से किए गए वादे पूरे नहीं हुए

अखिलेश बोले, 'आज देश के संसाधन सीमित लोगों के हाथ में है। किसान अभी भी आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन सरकारें रिपोर्ट बदलकर आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह बता रही है।' उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'लाल किले से जो वादे किए गए वो पूरे नहीं हुए। आज चुनौतियां बहुत हैं।'

पढ़ाई के स्तर पर भी सवाल खड़े किए

उन्होंने पढ़ाई के स्तर पर भी सवाल खड़े किए। कहा, आज समाज में बहुत से ऐसे लोग हैं जिनकी समझ में गिनती तक नहीं आती। टेक्नोलॉजी जहां सुविधा दे रही है। वहीं, इससे क्या खतरा उत्पन्न हो रहा है उस पर भी ध्यान देना जरूरी है।

बचा क्या, हमें भी आधार से जोड़ दो

अखिलेश यादव ने आधार कार्ड के विभिन्न योजनाओं से लिंक करने और उसकी अनिवार्यता पर तंज कसते हुए कहा, कि 'आज बैंक अकाउंट से रजिस्ट्री तक सभी को आधार से जोड़ दिया गया है, हम तो कहते हैं हमें भी जोड़ दो। '

सपा ही सबके साथ की बात करती है

आखिर में अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का गुणगान किया। कहा, 'देश समाजवादी हो, सेकुलर हो, संविधान यही कहता है। सत्ता में बैठे लोग जाति, धर्म और रंग पर राजनीति कर रहे हैं। हम धर्म और जाति की बात नहीं करते हैं। सत्ता में बैठे लोगों ने समाज में ज़हर घोलने का काम किया। लोगों का ध्यान भटकाया जा रहा है। इस देश को हिन्दू, मुसलमान ने मिलकर आजाद कराया है। एक समाजवादी पार्टी ही है जो सबको साथ लेकर चलने की बात करती है।'

'समाजवादियों में भले मतभेद हों, सम्मान सबके लिए'

इसके बाद सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा, गांधी जी ने अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को आज़ाद कराया था। उन्होंने कहा, 'हम समाजवादियों के भले मतभेद रहे हों लेकिन देश की आज़ादी में जवाहर लाल नेहरू, सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद आदि का बड़ा योगदान रहा। भले हम सभी क्रांतिकारियों का नाम नहीं ले पाएं, लेकिन सम्मान सबके लिए है।'

कार्यकर्ताओं को दिया 'बेदाग' मंत्र

सपा संस्थापक ने कहा, 'आज जरूरत है कि पार्टी नेता हिन्दुस्तान को मजबूत करने में अपना योगदान दें। कार्यकर्ता बेदाग रहें, ताकि कही भी जाएं तो लोगों को विश्वास रहे कि यह अमीरी गरीबी को दूर कर सकते हैं। ये धर्म-जाति का भेद भाव नहीं करते हैं। लोगों की मदद करते हैं।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story