×

Gorakhpur News: 'राष्ट्र प्रथम' भाव के साथ सेवा, सुशासन व जन कल्याण को समर्पित है भाजपा- मुख्यमंत्री

Gorakhpur News: भाजपा की स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने एक सोशल मीडिया संदेश में कहा कि भाजपा ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ सेवा, सुशासन और जन कल्याण को समर्पित है।

Purnima Srivastava
Published on: 6 April 2025 5:13 PM IST (Updated on: 6 April 2025 5:14 PM IST)
CM Yogi hoists party flag on BJP foundation day
X

भाजपा के स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने फहराया पार्टी का झंडा (Photo- Social Media)

Gorakhpur News: गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर पार्टी का झंडा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने झंडे के सम्मुख पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी ली और सभी को स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भाजपा की स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने एक सोशल मीडिया संदेश में कहा कि भाजपा ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ सेवा, सुशासन और जन कल्याण को समर्पित है।

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस

गोरखनाथ मंदिर परिसर में पार्टी का झंडा फहराने के अवसर पर सांसद रविकिशन, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, अच्युतानंद शाही, अजय श्रीवास्तव, ऋषि मोहन वर्मा, बृजेश सिंह छोटू समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिये सीएम योगी ने कहा, ‘भारत की माटी से जुड़कर, भारत के महापुरुषों और भारत की आत्मा का प्रतिनिधित्व करते हुए 'राष्ट्र सर्वोपरि' के भाव के साथ सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित, विश्व के विशालतम राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित, राष्ट्रनिष्ठ, लोकनिष्ठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!’

एक्स पर एक दूसरे पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, 'राष्ट्र प्रथम' भाव के साथ सेवा, सुशासन और जन-कल्याण को समर्पित भारतीय जनता पार्टी का ध्वज मेरा गौरव, मेरी प्रेरणा है। आज भाजपा के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर मेरा सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान है कि अपने घर/कार्यालय पर भाजपा के ध्वज को फहराएं और हैशटैग बीजेपी फॉर विकसित भारत (#BJP4ViksitBharat) के साथ अपनी सेल्फी पोस्ट करें। यह भाजपा के उन सभी महान विभूतियों को श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने अपने अथक परिश्रम, संघर्ष और त्याग से पार्टी को सींचकर इस ऊंचाई तक पहुंचाया है।’

भाजपा का वर्तमान समय स्वर्णिम दौर में : सहजानंद राय

भारतीय जनता पार्टी का 46वा स्थापना दिवस पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर धूमधाम से मनाया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।

सर्वप्रथम क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी व पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यालय पर संगठन का झंडा फहराया। फिर पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित की। बोले, भाजपा का वर्तमान समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में स्वर्णिम दौर में है। केंद्र के साथ अधिकांश प्रदेशों में भाजपा की सरकार है। भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक को वैचारिक अधिष्ठान देने वाले महापुरुषों का संकल्प पूरा हो रहा है।अपना देश भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। दुनिया में सनातन संस्कृति का डंका बज रहा है। जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने सभी के प्रति आभार जताते हुए 2027 में प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनाने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस मौके पर क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पदन्त जैन, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, रमेश सिंह, डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, मनोज शुक्ला, शिवसागर तिवारी, भानु प्रकाश मिश्र, सबल सिंह पालीवाल, हरिनाथ भाई, अरुण पांडेय कृष्णपाल सिंह, राहुल तिवारी, केएम मझवार, धर्मेन्द्र कुमार मिश्र, डॉ पंकज सिंह, सुधाकर यादव, हरिनारायण सिंह गोला, होशिला सिंह, दीपक कुमार,अफरोज आलम, अभिषेक नारायण शुक्ला, अखिलानंद त्रिपाठी, डॉ राजीव मिश्रा, नवीन श्रीवास्तव, दिनेश प्रताप सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story