×

कतर में PM बोले- हमारी गति सबसे तेज, लोगों ने गाया-मेरा देश बदल रहा है

By
Published on: 5 Jun 2016 2:17 PM GMT
कतर में PM बोले- हमारी गति सबसे तेज, लोगों ने गाया-मेरा देश बदल रहा है
X

दोहा: कतर में पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के विकास का दावा करते हुए सरकार की दो साल की उपलब्धियां गिनाईं। मोदी के भाषण के बीच कई बार लोगों ने 'मेरा देश बदल रहा है...आगे बढ़ रहा है।'

पीएम मोदी ने कहा-

-कतर में रहने वाले लोग एक मिनट भी भारत से अलग नहीं होते हैं। जनसंख्या के माध्यम से रहन-सहन के माध्यम से बोलचाल के माध्यम से कतर की धरती पर हिंदुस्तान को जी रहे हैं।

-आज पूरे विश्व में भारत की छवि बदल रही है। चाहे दुनिया का शासक हो या समाज भारत के प्रति आदर बढ़ा है। आप भी यहां अनुभव करते होंगे। आपके तरफ देखने का नजरिया बदला हुआ आप जरूर महसूस करते होंगे।

-किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार उसके जनमानस में ऐसी हर छोटी-मोटी घटनाएं होती हैं। यह एक विश्वास पैदा करती हैं तो सैंकड़ों शिकायतों के बावजूद देश के लिए जीने का जूझने का मन कर जाता है।

-आप लोग आवाज दे रहे थे 'थैंक्स टू मोदी'। ये मोदी के कारण नहीं है । ये बदलाव आया है वो सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानियों के कारण आया है।

-आज दुनिया की सभी क्रेडिट रेटिंग एजेंसी वर्ल्ड बैंक हो या आईएमएफ। हर कोई एक स्वर से कह रहा है कि हिंदुस्तान विश्व की सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली इकोनॉमी है।

-अभी वित्त वर्ष के तीसरी तिमाही का ग्रोथ रेट 7.9 फीसदी था। ये उस समय हुआ है जब देश दो अकाल के कारण परेशान है।

-दो साल से बारिश कम हुई और सूखा है। ऐसे प्राकृतिक आपदा के दो वर्ष, दूसरे पूरे विश्व की इकोनॉमी डाउन है।

-दुनिया की परचेजिंग पावर कम हुई है। इसलिए एक्सपोर्ट कम हुआ है।

-जब हम सरकार में आए तो देश के लिए मरने वाले देश के लिए जीवन खपाने वाले हमारे सैनिकों की समस्या 'वन रैंक वन पेंशन' चार दशक से लटकी थी।

-आर्थिक बोझ बड़ा था लेकिन मातृभूमि के लिए जीने वालों के लिए हमने 'वन रैंक वन पेंशन' को मान लिया।

-सरकार के खजाने पर हजारों करोड़ों रुपए की जिम्मेदारी आई, लेकिन इसके बावजूद देश की ग्रोथ रेट 7.9 रही।

-हम जानते हैं कि हम 5-10 इंडियन जहां इकट्ठा हो जाएं तो क्या बात होती है। क्रिकेट, मूवी या दोनों नहीं है तो 'हम लोग' तो हैं हीं। मतलब सब राजनेता चोर है। सब भ्रष्टाचारी है।

-भ्रष्टाचार ने हमारे देश को दीमक की तरह खोखला कर दिया है, हमने ठान लिया है इस दीमक से देश को मुक्ति दिलानी है।

-कुछ बातें जो मुझे भी सरप्राइज करती है। जैसे स्कूल में स्टूडेंट, क्या उसमें कोई करप्शन हो सकता है क्या ? हरियाणा में स्टूडेंट के इनरोलमेंट को आधार नंबर से जोड़ा तो परिणाम यह आया कि स्टूडेंट पढ़ते थे प्राइवेट स्कूल में लेकिन नाम सरकारी स्कूल में होता था, क्योंकि उससे मिड डे मील का पैसा मिलता था। टीचर का ट्रांसफर नहीं होता था। जब सफाई हुई तो हजारों टीचर हजारों क्लास करोड़ों रुपए के बजट सब बच गया। भ्रष्टाचार गया कि नहीं।

-हमारे देश में राशन कार्ड का बहुत महत्व है। अभी तो हमने सतही काम किया है। पूरा होना बाकी है। एक करोड़ 62 लाख फर्जी राशन कार्ड मिले हैं।

-गैस सब्सिडी बैंक में ट्रांसफर शुरू किया। 36 हजार करोड़ रुपए हर साल लीकेज होता था उसको बचा लिया है।

मैंने बंद की कईयों की मिठाई

घर में बच्चे को मिठाई खाने का मन हो तो मां के मना करने के बाद भी बच्चा उसे खाता है। ऊपर कहीं चढ़कर भी वह खा ही लेता है। लेकिन जब मां ना दे तो बच्चा नाराज हो जाता है कि नहीं। मैंने कईयों की मिठाई बंद कर दी। तो मुझे भी तो थोड़ी तकलीफ उठानी पड़ेगी। लेकिन मुझे इस तकलीफ को झेलने की ताकत मिलती है आप लोगों के आशीर्वीद से। सवा सौ करोड़ लोगों के प्यार से। देश के लिए काम करने का मन करता है, उत्साह बढ़ता है।

Next Story