×

PM मोदी, बोले- भारत और इंडोनेशिया का 'संस्कृत' और 'संस्कृति' का रिश्ता

aman
By aman
Published on: 30 May 2018 10:10 AM GMT
PM मोदी, बोले- भारत और इंडोनेशिया का संस्कृत और संस्कृति का रिश्ता
X

जकार्ता:अपने तीन देशों की विदेश यात्रा के पहले पड़ाव में पीएम नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया में हैं। बुधवार (30 मई) को राजधानी जकार्ता में पीएम मोदी ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो ने मर्देका पैलेस में पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत किया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।इसके बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक हुई। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग सहित कुल 15 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।

इसके बाद जकार्ता में पीएम नरेन्द्र मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित किया। बोले, 'जिस प्रकार सवा सौ करोड़ भारतीयों ने मुझ जैसे एक साधाराण नागरिक को प्रधान सेवक बनने का मौका दिया, वैसे ही इंडोनेशिया की जनता ने राष्ट्रपति विडोडो को चुना।'

'आप हमारे रिश्ते की मजबूत कड़ी हैं'

मोदी ने कहा, 'बीते चार सालों में सवा सौ करोड़ भारतीयों के प्रतिनिधि के रूप में मैं दुनिया में जहां भी गया, मेरा प्रयास रहा है कि आप जैसे उन लाखों बंधुओं से मिलूं जिनका मूल भारत भूमि में है। भारत और इंडोनेशिया का 'संस्कृत' और 'संस्कृति' का रिश्ता है। आप सभी जो इंडोनेशिया में आज रच-बस गए हैं, हमारे इस रिश्ते की मजबूत कड़ी हैं।'

फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व 400 बिलियन डॉलर के पार

मोदी बोले, 'आज भारत में रिकॉर्ड स्तर पर विदेशी निवेश हो रहा है। भारत का फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व 300 बिलियन डॉलर से बढ़कर 400 बिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है। उन्होंने कहा, कि इंडोनेशिया सहित 163 देशों के लोगों को ई-वीजा की सुविधा दी गई है। ई-वीजा पर भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या में करीब 150 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। हमारी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त, नागरिक केंद्रित और विकास अनुकूल पारिस्थितिक तंत्र विकसित करने को प्राथमिकता दे रहा है।'

यूपी में होनेवाले कुंभ मेले के लिएआमंत्रित किया

पीएम मोदी ने अपने सम्बोधन में इंडोनेशिया में रह रहे भारतीयों को अगले साल यूपी में होनेवाले कुंभ मेले के लिए आमंत्रित किया। कहा, 'आप एक बार स्वदेश जाकर देखें, आपको भारत बदला हुआ महसूस होगा। उन्होंने कहा, जहां-जहां भारतीय फंसे हैं वहां-वहां हमने उन्हें बचाया।उस वक़्त हमने बिना पासपोर्ट का रंग देखे मदद को हाथ बढ़ाया। क्योंकि, हम पासपोर्ट का रंग नहीं देखते। हमारे लिए हिंदुस्तानी का रंग काफी होता है।'

इस्तिकलाल मस्जिद भी गए मोदी

इससे पहले पीएम मोदी राजधानी जकार्ता की सबसे बड़ी इस्तिकलाल मस्जिद गए। यहां उनके साथ इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भी मौजूद रहे। पीएम मोदी मस्जिद देखने के बाद अर्जुन का रथ देखने भी पहुंचे। बता दें कि यहां महाभारत काल के युद्ध की झलक को एक चट्टान पर कलाकृति के जरिए दर्शाया गया है, जो सेंट्रल जकार्ता में स्थित है। इससे पहले उन्होंने महाभारत-रामायण की थीम पर आधारित पंतग महोत्सव का उद्घाटन भी किया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story