×

US : फ्लोरिडा के नाइट क्लब में फायरिंग, 50 की मौत, शूटर भी मारा गया

By
Published on: 12 Jun 2016 9:26 AM GMT
US : फ्लोरिडा के नाइट क्लब में फायरिंग, 50 की मौत, शूटर भी मारा गया
X

फ्लोरिडा: अमेरिका के फ्लोरिडा में एक गे नाइट क्लब में अंधाधुंध फायरिंग में 50 लोगों की मौत हो गई। पुलिस की कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया। ओरलैंडो के महापौर ने रविवार को इस बात की जानकारी दी और कहा कि हादसे में 53 से ज्‍यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने हमलावर उमर मतीन को मार गिराया है।

ये हमला स्थानीय समय के मुताबिक रात के करीब दो बजे हुआ। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। ये घटना पल्स क्लब में पेश आया है, जो शहर के समलैंगिकों का क्लब है। इस क्लब ने अपने फेसबुक पर ये संदेश लिखा है, 'हर कोई पल्स से निकल जाए और भागता रहे'।

घटना के चश्मदीदों ने सोशल साइट पर जो तस्वीरें डालीं उसमें क्लब के अंदर की फायरिंग और लोगों के चीख़ने की आवाज़ें सुनी जा रही हैं।

पल्‍स ओरलैंडो नाम के इस नाइट क्लब में अमेरिकी समयानुसार शनिवार रात दो बजे हथियारबंद हमलावर उमर मतीन घुस गया था और उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में कई लोग घायल हो गए थे, जिनमें से 50 की मौत हो चुकी है। ओरलैंडो पुलिस ने रविवार को एक प्रेस कॉन्‍फ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी।

कौन था हमलावर ?

मतीन की पहचान अमेरिकी नागरिक के तौर पर हुई है, जो पोर्ट सेंट लुइस इलाके का रहने वाला बताया जाता है। हालांकि, वारदात के पीछे की मंशा और कारणों को लेकर अभी तक कोई आध‍िकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि मरने वाले लोगों की सही तादाद का पता बाद में ही चल पाएगा। पुलिस ने इस घटना की जांच एफबीआई से कराने की बात कही है।

Next Story