×

CM योगी को छात्र ने कह दिया 'जाहिल', तो अखिलेश यादव ने तुरंत उसे...

By
Published on: 23 Oct 2017 8:05 AM GMT
CM योगी को छात्र ने कह दिया जाहिल, तो अखिलेश यादव ने तुरंत उसे...
X
फ़ाइल फोटो

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इलाहाबाद में छात्र संघ चुनावों में मिली जीत को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेस बुलाई, जिसमें सांसद धर्मेंद्र यादव, रामगोविन्द चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, अहमद हसन जैसे लोग मौजूद रहे।

साथ ही इलाहाबाद में छात्र संघ चुनावों में जीते पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय अध्यक्ष अवनीश यादव, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी, उपमंत्री भारत सिंह, प्रकाशन मंत्री अवधेश पटेल आदि शामिल रहे।

इनके अलावा श्यामा प्रसाद डिग्री कालेज अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बागी, संस्कृति मंत्री अमित यादव, टीडी कॉलेज अध्यक्ष चंद्रजीत यादव, महामंत्री ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: सपा सुप्रीमो अखिलेश बोले- खुद इतिहास बन जाऐंगे इतिहास को मिटाने वाले

क्या बोले अखिलेश यादव

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्र संघ पर सपा की जीत की बधाई देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के साथ नौजवान जुड़े हैं। बिना नए लोगों के नया भारत नहीं बन सकता। सब से ज़्यादा युवा सपा में हैं। समाजवादी आंदोलन को जिस तरह नेताजी ने बढ़ाया है, उसी तरह देश भर में आंदोलन बढ़ाना है, देश में परिवर्तन लाना है और साम्प्रदायिक ताक़तों को रोकना है। इसीलिए ये युवा आगे आए हैं।

बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। सरकार में बैठे लोग किस तरह का अन्याय कर रहे हैं, इस का अंदाजा नहीं है।

पुलिस बेईमानी कर रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं को ईमानदारी से संरक्षण दे रही है।

और क्या बोले अखिलेश यादव

अहमदाबाद में बहुत दिनों से मेट्रो बन रही है, लेकिन चली नहीं। प्रदेश अध्यक्ष गुजरात सुरेंद्र संगठन से बात कर कुछ सीटों पर लड़ेंगे। गुजरात की 5 सीटों पर सपा चुनाव लड़ेगी बाकी सीटों पर कांग्रेस को समर्थन रहेगा। बीजेपी खुद को ईमानदार कहती है पर नोटबंदी और कालेधन के बहाने सारे पैसे बैंक में जमा करा लिए। गुजरात कैश कांड पर बोले कि ऐसी ईमानदार पार्टी पर ऐसा आरोप लगाने ठीक नहीं, सारे चैनल बंद हो जाएंगे।

याद की ताज से जुड़ीं यादें

ताजमहल विवाद की बता आते ही अखिलेश यादव ने कहा कि जब मैं बचपन में एकबार पढ़ने जा रहा था, तो रास्ते में रुक कर ताजमहल देखा था। आज भी तस्वीर यादों में है। जब सीएम बना, तो डिंपल के साथ बेंच का उद्घाटन किया और तस्वीर खिंचवाई अब वर्तमान सीएम जाएंगे। तो ताजमहल के सामने सीएम की तस्वीर कैसी आएगी? इसका हमें इंतजार रहेगा।

अगर एनजीटी ने समय पर परमिशन दी होती ताजमहल के आसपास का इलाका बदल गया होता। जो लोग टूरिज़्म बढ़ाने की बात करते थे वो अब बहका रहे हैं। कैसी कैसी बातें कर रहे हैं उस को देखना होगा। एक्सप्रेस वे बना कर हम ने राष्ट्रवाद नहीं किया पर उनकी राष्ट्रवाद की परिभाषा अलग है।

क्या बोले छात्र संघ के अध्यक्ष अवनीश यादव

जीत की खुशियों से सराबोर अवनीश यादव ने कहा कि इलाहाबाद में सपा के चेहरे पर जीत मिली है। सपा अध्यक्ष के व्यक्तित्व, चेहरे पर ही सभी विश्वविद्यालय में जीत का परचम लहराया है। इसके बाद उपमंत्री भारत सिंह ने कहा कि राष्ट्र को पतन की ओर ले जाने वालों के खिलाफ लड़ाई है। हमें जो मार्गदर्शन मिला है, उसी की वजह से जीत मिली है। राष्ट्र का युवा जिस रास्ते पर चलेगा, देश उसी राह पर चल निकलेगा।

वहीं उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी ने कहा कि मनुवादी विचारधारा के लोग दलितों को विश्वविद्यालय में बैठने नहीं देते, लेकिन सपा युवजन सभा ने पहली बार विश्वविद्यालय में दलित को उपाध्यक्ष बनवा दिया। दलितों को सम्मान दिलाने का काम किया है। समाज को नई दिशा देने का काम किया है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है।

सीएम योगी को कह दिया जाहिल

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आदिल हमजा ने सीएम योगी पर निशाना साधते हुए उन्हें जाहिल और अनपढ़ कह दिया, जिसपर अखिलेश यादव ने उन्हें तुरंत ऐसे अपशब्दों का प्रयोग करने से मना किया। आगे आदिल ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र पर खतरा है। अघोषित एमरजेंसी जैसे हालात हैं, ऐसे में विश्वविद्यालयों में मिली। जीत उन के हौसले तोड़ेगी।

तो वहीं रामगोविंद चौधरी ने कहा कि आज की जीत देश को नई दिशा देगी। अखिलेश यादव जी 5 साल ईमानदारी से काम किया। जब नौजवान उठते हैं, तो बदलाव होता है। प्रदेश में उनको लेकर गलतबयानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने मेट्रो और सड़क रेकॉर्ड समय में बना दी। लेकिन जापान वाली ट्रेन कभी नहीं आएगी। मुकाबला नफरत फैलाने वालों से है, बस इस लिए कठिनाई हो रही है। नेताजी ने अखिलेश यादव को क्या-क्या नहीं कहा, लेकिन अखिलेश यादव ने कभी जवाब नहीं दिया।

Next Story