×

PHOTOS: श्रीदेवी पंचतत्व में विलीन, पति बोनी कपूर ने दी मुखाग्नि

aman
By aman
Published on: 28 Feb 2018 11:48 AM GMT
PHOTOS: श्रीदेवी पंचतत्व में विलीन, पति बोनी कपूर ने दी मुखाग्नि
X
'चांदनी' आखिरी सफर पर, राजकीय सम्मान के साथ दी गई विदाई

मुंबई: लंबे समय तक करोड़ों दिलों की धड़कन रहीं मशहूर अदाकारा और 'रूप की रानी' श्रीदेवी पंचतत्व में विलीन हो गईं। मुंबई और देश-विदेश से आए उनके प्रसंशकों ने उनके अंतिम सफर पर आखिर तक साथ दिया। उनके पति बोनी कपूर ने श्रीदेवी को मुखाग्नि दी।

इससे पहले, श्रीदेवी को दुल्हन की तरह लाल कपड़ों में सजाया गया। श्रीदेवी के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में फिल्म स्टार सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब पहुंचे। यहीं श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रखा गया था। इस दौरान सलमान खान, विद्या बालन सहित कई सितारों को फूट-फूटकर रोते देखा गया। श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर रखा गया और राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गई।

'चांदनी' आखिरी सफर पर, राजकीय सम्मान के साथ दी गई विदाईश्रीदेवी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन में एक्ट्रेस सुष्मिता सेन, ऐश्वर्या राय, हेमा मालिनी, ईशा देओल, अजय देवगन, काजोल, जया बच्चन, सुभाष घई, जैकी श्रॉफ सहित बॉलीवुड के अधिकतर कलाकार शामिल हुए।

अंतिम यात्रा के लिए मुंबई प्रशासन और पुलिस ने तगड़े इंतजाम किए हैं। प्रशंसकों के लिए भी श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को देखने की व्यवस्था की गई है। अपनी पसंदीदा अभिनेत्री की अंतिम यात्रा में देशभर से आए प्रशंसक जुटे हैं। प्रशंसक सफेद फूल लेकर आए हैं।

श्रीदेवी अंतिम यात्रा के लिए जिस ट्रक में श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रखा गया था उसे सफेद रंग के फूलों से सजाया गया था। ट्रक में पार्थिव शरीर के साथ पति बोनी कपूर, बेटी खुशी-जाह्नवी, देवर संजय कपूर और अर्जुन कपूर समेत परिवार के करीबी लोग मौजूद थे।

गौरतलब है, कि दुबई में बीते शनिवार को एक होटल में श्रीदेवी की मौत हो गई थी। तमाम औपचारिकताएं पूरी कर वहां के प्रशासन ने शव ले जाने की अनुमति दी। मंगलवार शाम करीब 7 बजे दुबई के अलमत्तू एयरपोर्ट से बिजनेसमैन अनिल अंबानी के निजी जेट विमान से श्रीदेवी का शव मुंबई लाया गया। इस दौरान विमान में उनके पति व फिल्म निर्माता बोनी कपूर तथा सौतेले बेटे व एक्टर अर्जुन कपूर भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर अनिल कपूर सहित अन्य परिजन भी मौजूद थे।

इससे पहले मंगलवार दोपहर भारतीय महावाणिज्य दूतावास की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया था, कि दुबई पुलिस ने दूतावास को श्रीदेवी का शव परिवार को सौंपने से जुड़ा पत्र दिया है, ताकि उनके शव पर लेप लगवाने का काम पूरा किया जा सके। इसके बाद श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुबई पुलिस मुख्यालय स्थित शव गृह से मुहायसनाह के मेडिकल फिटनेट सेंटर ले जाया गया।

आगे स्लाइड्स में देखें बॉलीवुड स्टार्स पहुंचे श्रीदेवी के अंतिम दर्शन में ...

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story