×

टेक्सास में लापता भारतीय मूल की बच्ची के घर के पास से शव बरामद

Gagan D Mishra
Published on: 23 Oct 2017 12:52 PM GMT
टेक्सास में लापता भारतीय मूल की बच्ची के घर के पास से शव बरामद
X

वाशिंगटन: टेक्सास के अधिकारियों ने लापता भारतीय मूल की तीन साल की बच्ची शेरिन मैथ्यूज के घर के पास से एक शव बरामद किया है। हालांकि पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है कि यह शव शेरिन का ही है। शेरिन 7 अक्टूबर से गायब थी। एनबीसी न्यूज के अनुसार, रिचर्डसन पुलिस विभाग और फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन के जांचकर्ताओं ने क्षेत्र में खोजी कुत्तों के माध्यम से रविवार को घंटों तक तलाशी ली और 75 फुट लंबी संकरी पुल के अंदर से शव बरामद किया।

खोजी कुत्तों ने सिनी और वेस्ले मैथ्यूज के घर से एक मील के अंदर मौजूद शव को खोज निकाला। उन्होंने शेरिन को जून 2016 में बिहार के मदर टेरेसा अनंत सेवा संस्थान से गोद लिया था।

सीएनएन के अनुसार, पुलिस प्रवक्ता केविन पेर्लिच ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।

चिकित्सा परीक्षक को अभी बच्चे के शव को देखकर पहचान करनी है। पेर्लिच ने कहा, "यह शेरिन का शव हो सकता है, हालांकि हमारे पास इसके पुख्ता सबूत नहीं हैं। जबतक हमारे पास सकारात्मक पहचान नहीं होगी तबतक हम यह नहीं कह सकते है कि यह शव शेरिन का है।"

पुलिस को जांच के दौरान काफी सबूत मिले और उसकी मदद से आगे बढ़ सकी।

पेर्लिच ने कहा, "सबूत मिलने के बाद हमने कुत्तों के साथ उस इलाके की जांच की और शव को बरामद किया।"

शेरिन के माता-पिता के अनुसार, शेरिन विकलांगता और कुपोषण का शिकार थी।

एक गिरफ्तारी हलफनामे के अनुसार, बच्ची के पिता वेस्ले मैथ्यूज (37) ने पुलिस को बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह के तीन बजे दूध नहीं पीने के कारण सजा देने के लिए उन्होंने बच्ची को घर के पास बाड़े के पीछे एक पेड़ के बगल में खड़े रहने का आदेश दिया।

सीबीएस की रिपोर्ट के अनुसार, पेड़ घर से एक गली के पार है।

गिरफ्तारी हलफनामे के अनुसार, वेस्ले लगभग 15 मिनट बाद बाहर देखने गए तब बच्ची वहां नहीं थी। बच्ची ने लेगिंग्स, एक गुलाबी रंग की लंबी बांह की शर्ट और गुलाबी फ्लिप फ्लॉप पहना हुआ था।

उन्होंने अपनी बेटी के गुम होने के बाद 5 घंटों तक पुलिस को जानकारी नहीं दी।

वेस्ले मैथ्यूज को बच्ची को खतरे में डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। वह अभी जमानत पर बाहर है।

सिनी मैथ्यूज ने पुलिस को बताया कि वह उस वक्त नींद में थी इसलिए उन पर आरोप नहीं लगाया गया।

बाद में, बाल सुरक्षा सेवाओं ने दंपति के जीवित बच्चों को अपने पास रख लिया।

--आईएएनएस

Gagan D Mishra

Gagan D Mishra

Next Story