Election Result 2024: यूपी में अखिलेश यादव बने हीरो, 25 साल बाद सपा ने दोहराई कामयाबी

UP Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की बड़ी कामयाबी ने पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को हीरो बना दिया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 4 Jun 2024 1:43 PM GMT (Updated on: 4 Jun 2024 1:45 PM GMT)
Akhilesh Yadav
X

Akhilesh Yadav   

UP Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सबसे बड़ा झटका उत्तर प्रदेश में लगा है। उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन भाजपा को पछाड़ते हुए उसे पूर्ण बहुमत के आंकड़े से भी दूर कर दिया है। लोकसभा चुनाव के नतीजे में सबकी नजर उत्तर प्रदेश पर ही लगी हुई है।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की बड़ी कामयाबी ने पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को हीरो बना दिया है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने 37 लोकसभा सीटों पर बढ़त बना रखी है और यदि रुझान असली नतीजे में तब्दील हुए तो 25 साल बाद पार्टी का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा।

1999 में मिली थी सबसे बड़ी जीत

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सबसे शानदार प्रदर्शन 1999 के लोकसभा चुनाव में था। उस समय मुलायम सिंह यादव की अगुवाई में पार्टी ने प्रदेश की 41 लोकसभा सीटों पर शानदार जीत हासिल की थी। 2004 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया था और उस चुनाव में पार्टी के 36 सांसदों को जीत हासिल हुई थी। 2009 के लोकसभा चुनाव में सपा 23 सीटों पर ही जीत हासिल कर सकी थी।


पिछले दो चुनावों में ताकत नहीं दिखा सकी थी सपा

2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर ने उत्तर प्रदेश में भी जबर्दस्त असर दिखाया था और सपा सिर्फ 5 सीटों पर अटक गई थी। 2019 के चुनाव में बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन करने के बावजूद सपा को सिर्फ 5 सीटों पर जीत हासिल हुई थी जबकि बसपा ने 10 सीटें जीत ली थीं।

उत्तर प्रदेश में 2012 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भी अखिलेश को निराशा हाथ लगी थी।


सपा के दमदार प्रदर्शन से अखिलेश बने हीरो

अब 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 37 सीटों पर बढ़त कायम करके एक बार फिर अपनी ताकत दिखा दी है। पार्टी के इस शानदार प्रदर्शन में अखिलेश यादव की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उत्तर प्रदेश में सपा का लंबा इंतजार खत्म होता दिख रहा है और पार्टी एक बार फिर काफी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।


गठबंधन से कांग्रेस को भी हुआ फायदा

समाजवादी पार्टी से गठबंधन करके कांग्रेस को भी काफी फायदा हुआ है और कई लोकसभा सीटों पर पार्टी ओबीसी वोट बैंक में तगड़ी सेंधमारी करने में कामयाब रही है। इस तरह उत्तर प्रदेश में ‘दो लड़कों वाला नारा’ इस बार पूरी तरह काम कर गया है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने इस नारे को लेकर सपा-कांग्रेस पर हमला बोला था मगर इस नारे ने काफी असर दिखाया है।

अखिलेश यादव की अगुवाई में समाजवादी पार्टी के वोट प्रतिशत में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पार्टी इस बार 32 फ़ीसदी वोट हासिल करने में कामयाब रही है और इसी का नतीजा है कि पार्टी ने विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में मजबूत माने जा रहे भाजपा उम्मीदवारों को पटखनी दे दी है।



Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story