Loksabha Election 2024: भदोही लोकसभा सीट पर इन दो जातियों का जो साधेगा वह पहुंचेगा दिल्ली, जानें यहां का समीकरण

Loksabha Election 2024 Bhadohi Seats Details: भदोही लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन के तहत आल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने ललितेश पति त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है।

Sandip Kumar Mishra
Published on: 8 April 2024 1:33 PM GMT (Updated on: 14 May 2024 1:57 PM GMT)
Loksabha Election 2024: भदोही लोकसभा सीट पर इन दो जातियों का जो साधेगा वह पहुंचेगा दिल्ली, जानें यहां का समीकरण
X

Loksabha Election 2024: देश समेत विदेशों में कालीन नगरी के नाम से मशहूर यूपी का भदोही जिला राजनीतिक रूप से भी बेहद अहम स्थान रखता है। यह बात अलग है कि भदोही लोकसभा क्षेत्र का वैसा विकास नहीं हुआ, जैसा होना चाहिए था। यह सीट इंडिया गठबंधन के तहत पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ टीएमसी के खाते में है। आल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने ललितेश पति त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है। जबकि भाजपा और बसपा अभी तक यहां को जातीय समीकरण के हिसाब से उम्मीदवार उतारने को लेकर मंथन कर रहे हैं। ललितेश पति त्रिपाठी यूपी के भूतपूर्व सीएम रहे कमला पति त्रिपाठी के परपौत्र हैं। उनको औरंगाबाद हाउस का मुख्य चेहरा माना जाता है। दरअसल, औरंगाबाद हाउस, वाराणसी में है। कभी यहां यूपी, बिहार और दिल्ली तक के नेताओं का जमावड़ा लगा रहता था। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा के रमेश चंद्र बिंद ने सपा बसपा के संयुक्त उम्मीदवार रंगनाथ मिश्रा को 43,615 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में रमेश चंद्र बिंद को 5,10,029 और रंगनाथ मिश्रा को 4,66,414 वोटो मिले थे। जबकि कांग्रेस ने रमाकांत यादव को मैदान में उतारा। उनको महज 25,604 वोट पाकर संतोष करना पड़ा था।


लोकसभा चुनाव 2014 का यह रहा परिणाम

वहीं लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा के वीरेंद्र सिंह मस्त ने बसपा के राकेश धर त्रिपाठी को 1,58,039 वोट से हराकर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में वीरेंद्र सिंह मस्त को 4,03,695 और राकेश धर त्रिपाठी को 2,45,554 वोट मिले थे। जबकि सपा के सीमा मिश्रा को 2,38,712 वोट मिले थे। वहीं जद(यू) के तेज बहादुर यादव को 26,995 और कांग्रेस के सरताज इमाम को 22,573 वोट मिले थे। बता दें कि इस चुनाव में 8,969 मतदाताओं ने नोटा का भी प्रयोग किया था। भदोही लोकसभा क्षेत्र का निर्वाचन संख्या 79 है। इसमें वर्तमान में 5 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इस लोकसभा क्षेत्र का गठन भदोही जिले के ज्ञानपुर, औराई, भदोही और प्रयागराज के प्रतापपुर व हंडिया विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर किया गया है। फिलहाल इन 5 सीटों में से 3 सीट पर सपा का कब्जा है। जबकि एक-एक सीट पर भाजपा और निषाद पार्टी के विधायक हैं। यह लोकसभा क्षेत्र 2009 में अस्तित्व में आया था। यहां कुल 19,42,514 मतदाता हैं। जिनमें से 8,81,275 पुरुष और 10,61,066 महिला मतदाता हैं। बता दें कि भदोही लोकसभा सीट पर 2019 में हुए चुनाव में कुल 10,39,390 यानी 53.51 प्रतिशत मतदान हुआ था।

भदोही लोकसभा सीट का राजनीतिक इतिहास

भदोही को 30 जून, 1994 को प्रदेश का 65वां जिला घोषित किया गया। नया जिला बनने से पहले वाराणसी जिले का हिस्सा हुआ करता था। भदोही को संत रविदास नगर के नाम से भी जाना जाता है। भदोही लोकसभा सीट का इतिहास ज्यादा पुराना नहीं है। 2009 में नया परिसीमन लागू होने से पहले यह सीट मिर्जापुर-भदोही लोकसभा क्षेत्र हुआ करती थी। भदोही लोकसभा सीट पर पहली बार बसपा के टिकट पर गोरख नाथ पांडेय ने सपा के छोटेलाल भिंड को 12,963 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। गोरख नाथ पांडेय को 1,95,808 और छोटेलाल भिंड को 1,82,845 वोट मिले थे।

भदोही लोकसभा में जातीय समीकरण

भदोही लोकसभा क्षेत्र में जातीय समीकरण की बात करें तो इस सीट पर पिछड़ों की संख्या सबसे अधिक है। उसके बाद ब्राह्मण, दलित, अल्पसंख्यक हैं। ऐसे में सभी दलों की नजर पिछड़ी जाति के मतदाताओं पर रहती है। अलग-अलग जातियों की संख्या की बात करें तो 3,15,000 ब्राह्मण, 2,90,000 बिंद, 2,60,000 दलित, 2,50,000 मुस्लिम, 1,40,000 यादव, 1,00,000 ठाकुर, 95,000 मौर्या, 85,000 पाल, 75,000 पटेल, 1,40,000 वैश्य और करीब 1,50,000 अन्य जाति के मतदाता हैं।

भदोही लोकसभा क्षेत्र से अब तक चुने गए सांसद

  • बसपा से गोरख नाथ पांडेय 2009 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • भाजपा से वीरेंद्र सिंह मस्‍त 2014 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
  • भाजपा से रमेश चंद बिंद 2019 में लोकसभा चुनाव में सांसद चुने गए।
Sandip Kumar Mishra

Sandip Kumar Mishra

Content Writer

Sandip kumar writes research and data-oriented stories on UP Politics and Election. He previously worked at Prabhat Khabar And Dainik Bhaskar Organisation.

Next Story