×

BJP Candidate 2nd List: BJP की दूसरी लिस्ट फाइनल, 90 उम्मीदवारों का हो सकता है ऐलान, इन राज्यों पर सबकी निगाहें

BJP Candidate 2nd List:भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी बैठक सोमवार को हुई थी । इस बैठक के दौरान 90 उम्मीदवारों की दूसरी सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 13 March 2024 5:02 AM GMT (Updated on: 13 March 2024 5:48 AM GMT)
BJP Candidate 2nd List
X

BJP Candidate 2nd List  (photo: social media )

BJP Candidate 2nd List: लोकसभा की चुनावी जंग जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी लगातार मंथन में जुटी हुई है। पार्टी की ओर से 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जा चुकी है और अब सबकी निगाहें पार्टी की दूसरी सूची पर लगी हुई हैं। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी बैठक सोमवार को हुई थी और जानकार सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के दौरान 90 उम्मीदवारों की दूसरी सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इन उम्मीदवारों को लेकर पार्टी की ओर से जल्द ही आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक भाजपा की दूसरी सूची आज घोषित की जा सकती है। केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी बैठक के दौरान गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, बिहार, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना की लोकसभा सीटों पर गहराई से मंथन किया गया है। बिहार,ओडिशा और तमिलनाडु में गठबंधन के चलते उम्मीदवारों की घोषणा में थोड़ा विलंब हो सकता है। उत्तर प्रदेश की कई लोकसभा सीटों पर भी सबकी निगाहें लगी हुई हैं। इनमें प्रयागराज,कानपुर, पीलीभीत, सुल्तानपुर और कैसरगंज जैसी महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं। भाजपा ने इस बार 370 से अधिक सीटों पर जीत का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसलिए प्रत्याशियों के चयन में काफी फूंक-फूंक कर कदम रखा जा रहा है।

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मंथन

भाजपा की ओर से घोषित की जाने वाली दूसरी सूची में कई राज्यों को लेकर बड़ा फैसला होने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी प्रत्याशियों के नामों को लेकर हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। गुजरात में अभी पार्टी को 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित करने हैं और इनमें से सात सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लग चुकी है। मध्य प्रदेश की बाकी बची पांच में से चार सीटों पर चुनाव समिति की बैठक के दौरान सहमति बन गई है। महाराष्ट्र की 25, तेलंगाना की आठ और कर्नाटक की 28 सीटों पर भी बैठक के दौरान विचार विमर्श किया गया। हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों को लेकर भी मंथन किया गया है। बिहार में भाजपा ने कई दलों के साथ गठबंधन कर रखा है और अभी तक राज्य में सीट बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला नहीं हो सका है। इसलिए बिहार की सूची बाद में जारी किए जाने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश की इन सीटों पर निगाहें

भाजपा की ओर से जारी पहली सूची में 195 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया था। इन नामों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का नाम भी शामिल था। उत्तर प्रदेश में भाजपा की ओर से 51 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए थे मगर कई महत्वपूर्ण सीटों को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। उत्तर प्रदेश में जिन सीटों पर पार्टी की ओर से अभी तक प्रत्याशी नहीं घोषित किए गए हैं,उनमें बीजेपी के दिग्गज नेता वरुण गांधी से लेकर मेनका गांधी, बृजभूषण शरण सिंह, रीता बहुगुणा जोशी और स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य की सीटें शामिल हैं। इन सीटों को लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है। इन सीटों के अलावा विपक्षी दलों की कब्जे वाली रायबरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, मैनपुरी जैसी सीटों पर भी भाजपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story