×

Lok Sabha Elections 2024: बुलंदशहर से कांग्रेस खत्म करना चाहेगी 35 साल का सूखा, मुस्लिम वोटरों से आस

Lok Sabha Elections 2024: दिल्ली के नज़दीक होने के कारण इस सीट पर सभी दलों को निगाहें होंगी। बुलंदशहर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के भोला सिंह वर्तमान सांसद हैं।

Abhishek Mishra
Published on: 16 March 2024 5:54 AM GMT
Lok sabha Elections 2024
X

Lok sabha Elections 2024  (photo: social media )

Lok Sabha Elections 2024: इंडिया गठबंधन के तहत बुलंदशहर लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने प्रदेश में मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। बुलंदशहर से कांग्रेस उम्मीदवार को सपा समर्थन करेगी। दिल्ली के नज़दीक होने के कारण इस सीट पर सभी दलों को निगाहें होंगी। बुलंदशहर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के भोला सिंह वर्तमान सांसद हैं।

इन पर दांव लगा सकती है कांग्रेस

आगामी लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस मिलकर चुनाव लडेंगे। बुलंदशहर लोकसभा सीट से कई नेता कांग्रेस टिकट के लिए रेस में हैं। पार्टी टिकट के लिए प्रशांत बाल्मीकि का नाम चल रहा है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस अम्बरीश गौतम और शिवराम बाल्मीकि पर भी दांव आजमा सकती है। यहां से भाजपा के भोला सिंह ने पिछले दो लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज की है। कांग्रेस के सामने मौजूदा सांसद को हराने की मुश्किल चुनौती होगी।

गठबंधन से एकजुट हो सकते हैं मुस्लिम वोटर

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन होने से बुलंदशहर में मुस्लिम वोटरों के एकसाथ आने के आसार हैं। संयुक्त प्रत्याशी को मुस्लिम एकजुट होकर मतदान कर सकते हैं। बुलंदशहर सीट पर करीब 22 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं। जो किसी भी दल की राह आसान कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के परंपरागत वोटर रहे ब्राह्मण और दलित भी घर वापसी कर सकते हैं। जिससे पार्टी को मदद मिल सकती है। क्षेत्र में लोधी और दलित मतदाताओं की संख्या भी काफी अधिक है।

सूखा खत्म करने की होगी चुनौती

बुलंदशहर लोकसभा सीट से कांग्रेस ने अब तक छह बार जीत हासिल की है। वहीं भारतीय जनता पार्टी इस सीट को सात बार जीतने में सफल रही है। आखिरी बार 1984 लोकसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह ने पार्टी को जीत दिलाई थी। इसके बाद से कांग्रेस को यहां निराशा ही हाथ लगी। आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के सामने 35 साल के सूखे को खत्म करने की चुनौती होगी। भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता कल्याण सिंह 2004 में क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। 2009 में समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के भोला सिंह सांसद चुने गए।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story