×

Lucknow News: न्याय पत्र पर प्रदेश कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस, प्रभारी बोले- स्टार्टअप्स को आर्थिक मदद

Lucknow News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस पार्टी के न्याय पत्र का विस्तृत विवरण किया।

Abhishek Mishra
Published on: 8 April 2024 11:22 AM GMT
X

 कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की न्याय पत्र पर प्रदेश कांग्रेस की प्रेस कांफ्रेंस बोले- स्टार्टअप्स को आर्थिक मदद: Photo- Newstrack

Lucknow News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडेय ने पार्टी के घोषणा पत्र की प्रमुख बातें बताई। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस ने औपचारिक रूप से न्याय पत्र जारी किया।

प्रदेश कांग्रेस ने की प्रेस कांफ्रेंस

मॉल एवेन्यू स्थित प्रदेश मुख्यालय पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस पार्टी के न्याय पत्र का विस्तृत विवरण किया। राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, रामपुर खास विधायक आराधना मिश्रा और राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे भी यहां मौजूद रहे। कांग्रेस ने घोषणा पत्र के जरिए जनता को पांच न्याय और 25 गारंटियां देने का वादा किया है।


जरूरत के मुताबिक बनाया गया घोषणा पत्र

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर कांग्रेस ने घोषणा पत्र तैयार किया है। लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस न्याय पत्र में किए सभी वादों को पूरा करेगी। कांग्रेस जनता को भाजपा के दस साल के कुशासन से मुक्त कराएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश की है।

युवाओं को अप्रेंटिसशिप और रोजगार की गारंटी

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान युवा देश और प्रदेश की सरकार के खिलाफ सड़क पर थे। युवाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर आक्रोश दिख रहा था। पूरी मेहनत के साथ जिस नौकरी के लिए युवा सपने संजो रहा था, वह चकनाचूर हो गया। उन्होंने बताया कि हमारे गारंटी पत्र में युवाओं के लिए उचित गारंटियां मुहैया कराई गई हैं। इसमें अप्रेंटिसशिप और रोजगार जैसी गारंटियां दी गई हैं। स्टार्टअप्स के लिए विशेष आर्थिक मदद का प्रावधान रखा गया है। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि युवाओं के साथ न्याय पत्र में किसानों के लिए उचित मूल्य का प्रावधान रखा गया है। इसके साथ नारी पत्र के जरिए महिलाओं की सुविधाओं का ख्याल रखा जाएगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story