×

Lok Sabha Election: मंडी में हो सकता है रोचक मुकाबला, कंगना के खिलाफ इस युवा चेहरे को उतारने की तैयारी

Lok Sabha Election: विक्रमादित्य सिंह ने हाल में कहा था कि यदि पार्टी हाईकमान की ओर से उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहा जाता है तो वे इसके लिए तैयार हैं।

Anshuman Tiwari
Published on: 7 April 2024 4:42 AM GMT
Lok Sabha Election 2024
X

कंगना रनौत और विक्रमादित्य सिंह (Pic: Social Media) 

Lok Sabha Election: मौजूदा लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट काफी हॉट मानी जा रही है, क्योंकि भाजपा ने इस सीट पर बॉलीवुड की चर्चित एक्ट्रेस कंगना रनौत को चुनाव मैदान में उतार दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस कंगना के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार उतारने के लिए लगातार मंथन में जुटी हुई है। मंडी लोकसभा क्षेत्र को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कुनबे का गढ़ माना जाता है और कांग्रेस यहां कंगना को मजबूत चुनौती देने की कोशिश में जुटी हुई है।

इस सीट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को चुनाव मैदान में उतारने की चर्चाएं थीं मगर प्रतिभा सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। ऐसे में अब कांग्रेस की ओर से प्रतिभा सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। कांग्रेस के युवा चेहरे विक्रमादित्य सिंह को चुनाव लड़ाने से मंडी सीट पर रोचक मुकाबला हो सकता है।

कांग्रेस की बैठक में विक्रमादित्य के नाम पर मंथन

हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की शनिवार को राजधानी दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक के दौरान मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर काफी मंथन किया गया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी इस बैठक में मौजूद थीं। प्रतिभा सिंह इस बार इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है और ऐसे में कांग्रेस नेताओं की चर्चा में विक्रमादित्य सिंह का नाम उभरकर सामने आया है।

विक्रमादित्य सिंह का नाम उभरने के बाद उन्हें पार्टी हाईकमान की ओर से दिल्ली तलब किया गया है। माना जा रहा है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनसे चर्चा के बाद उनकी उम्मीदवारी का ऐलान कर सकता है। वैसे विक्रमादित्य सिंह ने हाल में कहा था कि यदि पार्टी हाईकमान की ओर से उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहा जाता है तो वे इसके लिए तैयार हैं।

चर्चा में बने रहते हैं विक्रमादित्य

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण सीट से दूसरी बार चुनाव जीता है। राज्य में सत्तारूढ़ सुक्खू सरकार में विक्रमादित्य के पास लोक निर्माण और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग है। खुद को राम भक्त बताने वाले विक्रमादित्य सिंह की पोस्ट सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रहती है।

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के इनकार के बावजूद उन्होंने अयोध्या में भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लिया था। अयोध्या में उनकी मौजूदगी मीडिया में चर्चा का विषय बनी थी। प्रदेश कांग्रेस की ओर से उन्हें मंडी का चुनाव प्रभारी बनाया गया है और हाल के दिनों में वे मंडी में काफी सक्रिय रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी हाईकमान की ओर से उनके नाम पर मुहर लगाई जा सकती है।

मंडी में हो सकता है रोचक मुकाबला

यदि पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें मंडी से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया गया तो कंगना के लिए पहले चुनाव की सियासी राह आसान नहीं होगी। माना जा रहा है कि ऐसी स्थिति में मंडी में दो युवा चेहरों के बीच रोचक मुकाबला होगा।

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत युवा मतदाताओं के बीच खासी लोकप्रिय हैं और इसलिए भी कांग्रेस नेतृत्व 35 वर्षीय विक्रमादित्य सिंह को चुनाव मैदान में उतार कर कंगना को चुनौती देना चाहता है। विक्रमादित्य सिंह युवाओं के साथ ही अन्य वर्गों के मतदाताओं को भी अपनी ओर आकर्षित करने में कामयाब हो सकते हैं। माना जा रहा है कि उनसे चर्चा के बाद नवरात्र में उनकी उम्मीदवारी का ऐलान किया जा सकता है।

वीरभद्र फैमिली की मंडी क्षेत्र में मजबूत पकड़

वैसे मंडी लोकसभा क्षेत्र पर वीरभद्र सिंह के परिवार की मजबूत पकड़ मानी जाती रही है। प्रतिभा सिंह खुद इस लोकसभा क्षेत्र से पांच बार चुनाव लड़ चुकी हैं जिनमें तीन बार उन्हें जीत हासिल करने में कामयाबी मिली है। दो बार उपचुनाव के दौरान उन्होंने इस सीट पर जीत हासिल की है।

2021 के उपचुनाव में भी वे इस लोकसभा क्षेत्र में विजयी हुई थीं। उनके दिवंगत पति और हिमाचल प्रदेश के कद्दावर नेता वीरभद्र सिंह ने भी अपना पहला चुनाव मंडी से ही लड़ा था। तब उन्होंने मात्र 26 साल की उम्र में ही इस सीट पर जीत हासिल की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व जल्द ही इस सीट को लेकर विक्रमादित्य सिंह को चुनाव मैदान में उतारने का बड़ा फैसला ले सकता है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story