Election 2024: सोनिया, राहुल , प्रियंका नहीं देंगे कांग्रेस को वोट!

Election 2024: शायद ही आप ने यह सुना हो किसी राजनीतिक दल का सुप्रीमो अपने दल को वोट ही न दे। वह भी तब जब चीख चीख कर जनता से अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते न थक रहे हों।

Yogesh Mishra
Written By Yogesh Mishra
Published on: 15 May 2024 12:59 PM GMT
Election 2024: सोनिया, राहुल , प्रियंका नहीं देंगे कांग्रेस को वोट!
X

Election 2024: शायद ही आपने यह सुना हो किसी राजनीतिक दल का सुप्रीमो अपने दल को वोट ही न दे। वह भी तब जब चीख चीख कर जनता से अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को विजयी बनाने की अपील करते न थक रहे हों। देश भर में रैलियाँ व रोड शो कर रहे हों। चुनावी नतीजों को लेकर के बड़े-बड़े दावे कर रहे हों। यही नहीं, अपने दल को वोट न देने का अभिशाप उन्हें अपने द्वारा लिये गये एक फ़ैसले के चलते जीना पड़ रहा हो। शायद आप यह समझ गये होंगे कि यह दल कौन है? और ये नेता कौन हैं? नहीं, तो हम बता देते हैं- दल कांग्रेस व नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हैं। जी हाँ! कांग्रेस के ये तीनों नेता इस बार कांग्रेस पार्टी के चुनाव निशान हाथ के पंजे पर वोट नहीं डालेंगे।

कभी दिल्ली में एकछत्र राज करने वाली कांग्रेस पार्टी को गठबंधन की सियासत के चलते केवल तीन सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है। चार सीटें उसे आम आदमी पार्टी को देनी पड़ी है। यही नहीं, आम आदमी पार्टी से तीन सीटें दिल्ली में हासिल करने के बदले में कांग्रेस ने हरियाणा में एक और गुजरात में दो सीटें अरविंद केजरीवाल को दी हैं। दिल्ली में सात सीटें हैं। सातों सीटों पर पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने अपना परचम लहरा दिया था। इन सातों सीटों में से नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिली पर आप पार्टी ने उम्मीदवार उतारे हैं। जबकि कांग्रेस के खाते में चाँदनी चौक, उत्तर पश्चिमी व उत्तर पूर्वी सीटें आई हैं।

ये प्रत्याशी चुनाव मैदान में

नई दिल्ली सीट पर भाजपा की तरफ़ से सुषमा स्वराज की बेटी बाँसुरी स्वराज उम्मीदवार हैं। तो इंडिया गठबंधन से आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती को मैदान में उतारा गया है। पूर्वी दिल्ली से भाजपा के हर्ष महरोत्रा, आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार, उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा के मनोज तिवारी, कांग्रेस से कन्हैया कुमार, चाँदनी चौक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा से प्रदीप खंडेलवाल , कांग्रेस से जय प्रकाश अग्रवाल , साउथ दिल्ली से भाजपा से रामवीर सिंह विधुडी , आम आदमी पार्टी से सहीराम पहलवान, पश्चिमी दिल्ली से भाजपा से कमलजीत सेहरावत, आम आदमी पार्टी से महाबल मिश्रा, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से भाजपा से योगेंद्र चंदौलिया वहीं कांग्रेस से उदित राज उम्मीदवार है।

ये है अहम कारण

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी ही नहीं पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी व उनके पति राबर्ट बाड्रा नई दिल्ली लोकसभा के मतदाता हैं। इस सीट पर कांग्रेस का कोई उम्मीदवार ही नहीं है। गठबंधन के तहत इस सीट पर आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं। इसलिए जब इस सीट पर आगामी 25 मई, 2024 को अपने मताधिकार का उपयोग करने राहुल, प्रियंका, सोनिया व राबर्ट वाड्रा पोलिंग बूथ पर जायेंगे तो उनके सामने अब तक की सबसे बड़ी मजबूरी होगी कि वे आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह झाड़ू का बटन दबायें। झाड़ू को वोट दें। कांग्रेस का चुनाव निशान हाथ का पंजा वहां होगा ही नहीं। यह गांधी नेहरू परिवार के लिए अपने तरह की एक अलग घटना होगी।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story