×

Lok Sabha Election: चौटाला कुनबे में महाभारत, हिसार में ससुर के खिलाफ चुनाव मैदान में कूद पड़ीं देवरानी-जेठानी

Lok Sabha Election 2024: इस बार के लोकसभा चुनाव में चौटाला परिवार में एकता की चर्चाएं सुनी जा रही थीं मगर एकता तो दूर अब परिवार में ही महाभारत छिड़ गई है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 18 April 2024 6:57 AM GMT
Ranjit Singh Chautala,  Naina Singh Chautala,  Sunaina Omprakash Chautala
X

Ranjit Singh Chautala, Naina Singh Chautala, Sunaina Omprakash Chautala  (photo:social media )

Lok Sabha Election 2024: हरियाणा के लोकसभा चुनाव में इस बार दिलचस्पी सियासी जंग देखने को मिल रही है। भाजपा और जननायक जनता पार्टी का गठबंधन टूट चुका है। दोनों पार्टियों अपनी-अपनी ताकत दिखाने की कोशिश में जुटी हुई हैं। दूसरी ओर आप और कांग्रेस ने हाथ मिला लिया है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल भी अपना वजूद बचाने की लड़ाई लड़ रहा है।

इस बार के लोकसभा चुनाव में चौटाला परिवार में एकता की चर्चाएं सुनी जा रही थीं मगर एकता तो दूर अब परिवार में ही महाभारत छिड़ गई है। चौटाला परिवार के सदस्य ही एक-दूसरे को चुनौती देने की कोशिश में जुट गए हैं। हिसार में तो दिलचस्प सियासी जंग की बिसात बिछ गई है। यहां रिश्ते में ससुर लगने वाले भाजपा प्रत्याशी रंजीत सिंह चौटाला को चुनौती देने के लिए देवरानी और जेठानी दोनों चुनावी मैदान में कूद पड़ी हैं। अब सबकी निगाहे हिसार लोकसभा सीट पर हो रही इस दिलचस्प जंग पर लगी हुई हैं कि आखिरकार बाजी कौन मारता है।

दुष्यंत ने अपनी मां को चुनाव मैदान में उतारा

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन टूटने के बाद जननायक जनता पार्टी के नेता और राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला अपनी ताकत दिखाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद उनके कई साथी विधायकों और पार्टी के प्रमुख नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा देकर भगवा दल के समर्थन की राह पकड़ ली है। ऐसे में दुष्यंत चौटाला के सामने अपना सियासी वजूद बचाने की बड़ी चुनौती है।

इस बीच दुष्यंत चौटाला ने राज्य की पांच लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। हिसार लोकसभा सीट पर उन्होंने अपनी मां और दो बार की विधायक नैना सिंह चौटाला को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है। नैना सिंह चौटाला जननायक जनता पार्टी के अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की बहू हैं। दुष्यंत सिंह चौटाला अपनी मां को उम्मीदवार बनाकर हिसार में अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं।


हिसार में ससुर से होगा मुकाबला

हिसार में भाजपा पहले ही अपने उम्मीदवार की घोषणा कर चुकी है। भाजपा ने इस सीट पर रंजीत सिंह चौटाला को अपना उम्मीदवार बनाया है। दिलचस्प बात यह है कि रंजीत सिंह चौटाला अजय सिंह चौटाला के चाचा और ओमप्रकाश चौटाला के भाई हैं। ऐसे में हिसार सीट पर नैना सिंह चौटाला का मुकाबला अपने ससुर रंजीत सिंह चौटाला से होगा।


नैना की देवरानी भी चुनाव मैदान में कूदीं

कहानी यहीं खत्म नहीं होती। हिसार लोकसभा सीट की जंग में ओमप्रकाश चौटाला की पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल भी कूद पड़ी है। पार्टी की ओर से इस लोकसभा सीट पर सुनैना चौटाला को उम्मीदवार बनाया गया है जो नैना सिंह चौटाला की रिश्ते में देवरानी लगती हैं।

सुनैना ओमप्रकाश चौटाला के दूसरे भाई प्रताप चौटाला के बेटे रवि चौटाला की पत्नी हैं। इस कारण सुनैना और नैना चौटाला के बीच देवरानी और जेठानी का रिश्ता है। इस तरह देवरानी और जेठानी अलग-अलग दलों से अपने ससुर और भाजपा उम्मीदवार रंजीत सिंह चौटाला को चुनौती देने के लिए मैदान में कूद पड़ी हैं।


हिसार सीट पर पिछला चुनाव हारे थे दुष्यंत

हिसार लोकसभा सीट के यदि पिछले दो चुनावों के इतिहास को देखा जाए तो 2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर नैना चौटाला के बेटे दुष्यंत चौटाला ने इंडियन नेशनल लोकदल के टिकट पर जीत हासिल की थी। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी दुष्यंत चौटाला ने इस सीट पर चुनाव लड़ा था मगर पिछले चुनाव में उन्हें भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह के सामने करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।


कांग्रेस भी दे रही मजबूत चुनौती

पूर्व आईएएस अधिकारी बृजेंद्र सिंह ने अब भाजपा से नाता तोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है और कांग्रेस ने उन्हें इस लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार बनाया है। इस लोकसभा क्षेत्र में बृजेंद्र सिंह की दावेदारी को भी मजबूत माना जा रहा है।

2019 के लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव हुए थे जिसमें दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी ने 10 सीटों पर जीत हासिल की थी और भाजपा के साथ गठबंधन की सरकार बनाई थी।

इस सरकार में दुष्यंत चौटाला को डिप्टी सीएम बनने का मौका मिला था। हालांकि अब उनका गठबंधन भाजपा के साथ टूट चुका है। अब सबको चुनाव नतीजे का इंतजार है कि चौटाला परिवार की जंग में आखिरकार कौन बाजी मारने में कामयाब होता है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story